1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. जिस डर से Toxic ने पीछे खींचे कदम, उसके सामने क्यों रणबांकुरे बनकर मैदान में डटी है Dhurandhar 2, वजह जानकर कहेंगे- स्मार्ट मूव

जिस डर से Toxic ने पीछे खींचे कदम, उसके सामने क्यों रणबांकुरे बनकर मैदान में डटी है Dhurandhar 2, वजह जानकर कहेंगे- स्मार्ट मूव

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Mar 06, 2026 07:09 pm IST,  Updated : Mar 06, 2026 07:09 pm IST

यश की फिल्म 'टॉक्सिक' की रिलीज 4 जून तक टाल दी गई है। वहीं रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' 19 मार्च को अपनी तय तारीख पर रिलीज होगी। जिस वजह से यश की फिल्म टली वो धुरंधर 2 के सामने भी है, फिर भी मेकर्स क्यों नहीं डर रहे, जानें।

ranveer singh dhurandhar yash toxic- India TV Hindi
रणवीर सिंह और यश। Image Source : STILL FROM DHURANDHAR 2 AND TOXIC TEASER

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव ने भारतीय फिल्म उद्योग के समीकरण बदल दिए हैं। जहां कन्नड़ सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'टॉक्सिक' ने युद्ध के हालातों को देखते हुए अपने कदम पीछे खींच लिए हैं, वहीं आदित्य धर की 'धुरंधर 2' अभी भी अपनी तय तारीख पर अडिग है। सिनेमाई गलियारों में इस समय इन दो बड़े फैसलों की सबसे ज्यादा चर्चा है। आखिर 'धुरंधर' के मेकर्स क्यों नहीं घबराए, क्या उन्हें खाड़ी देशों से कोई उम्मीद नहीं है, क्या वो पहले ही वहां पर कमाई को शून्य मान रहे हैं? इसे समझने के लिए नीचे स्क्रोल करें।

'टॉक्सिक' की रिलीज पर युद्ध का साया

मिडिल ईस्ट में ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच छिड़ी सैन्य जंग ने बॉक्स ऑफिस पर अनिश्चितता के बादल मंडरा दिए हैं। फरवरी में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद क्षेत्र में तनाव चरम पर है। एयरस्पेस बंद होने और गल्फ देशों में बने अस्थिर माहौल के कारण यश की फिल्म 'टॉक्सिक' की रिलीज को जून तक के लिए टाल दिया गया है। यश ने सोशल मीडिया पर आधिकारिक बयान साझा करते हुए बताया कि मिडिल ईस्ट उनके लिए एक बड़ा बाजार है और मौजूदा हालातों में दर्शकों तक पहुंचना संभव नहीं है। बता दें, यश का मिडिल ईस्ट में तगड़ा फैन बेस है, उनकी पिछली फिल्म केजीएफ को भी वहां काफी फायदा मिला था। गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी इस फिल्म में कियारा आडवाणी, नयनतारा और तारा सुतारिया जैसे सितारे भी नजर आएंगे। अब यह फिल्म 19 मार्च के बजाय 4 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

'धुरंधर 2' की क्यों नहीं टली रिलीज?

दिलचस्प बात यह है कि जहां यश ने अपनी फिल्म आगे बढ़ाई, वहीं जियो स्टूडियोज ने स्पष्ट कर दिया है कि 'धुरंधर: द रिवेंज' तय समय यानी 19 मार्च को ही रिलीज होगी। फिल्म के न टलने के पीछे एक बड़ा रणनीतिक कारण है। दरअसल फिल्म 'धुरंधर' का पिछला भाग पहले ही मिडिल ईस्ट के छह प्रमुख देशों (कतर, यूएई, बहरीन, ओमान, कुवैत और सऊदी अरब) में बैन था। पाकिस्तान को आतंकवाद की पनाहगाह के तौर पर दिखाने के कारण खाड़ी देशों ने इसे अपने यहां प्रदर्शित नहीं होने दिया था। ये सीधा इशारा है कि खाड़ी देशों की पाकिस्तान से गहरी हमदर्दी है। चूंकि 'धुरंधर 2' उसी कहानी का विस्तार है, इसलिए इसके भी वहां रिलीज होने की कोई उम्मीद नहीं है। ऐसे में मिडिल ईस्ट के युद्ध जैसे हालात फिल्म के वैश्विक बिजनेस पर कोई नया असर नहीं डालेंगे। एक तरफ 'टॉक्सिक' के मेकर्स ने ग्लोबल ऑडियंस और बिजनेस को बचाने के लिए सब्र का रास्ता चुना है तो दूसरी तरफ 'धुरंधर 2' ने घरेलू बाजार और अपनी विवादित लेकिन मजबूत ब्रांड इमेज पर भरोसा जताया है। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या 'धुरंधर 2' सोलो रिलीज का फायदा उठाकर बॉक्स ऑफिस पर 'धुरंधर' जैसी सफलता दोहरा पाएगी और क्या जून में 'टॉक्सिक' के लिए स्थितियां सामान्य हो पाएंगी।

सोलो रिलीज का फायदा और स्टार पावर

'टॉक्सिक' के हटने से रणवीर सिंह अभिनीत 'धुरंधर 2' को उत्तर भारत में सोलो रिलीज का बड़ा फायदा मिलने वाला है। अब इसका मुकाबला सिर्फ साउथ के सुपरस्टार पवन कल्याण की फिल्म 'उस्ताद भगत सिंह' से होगा। आदित्य धर की इस फिल्म में रणवीर सिंह के साथ संजय दत्त, आर माधवन और अर्जुन रामपाल जैसे कद्दावर एक्टर्स नजर आएंगे। फिल्म का ट्रेलर 7 मार्च को रिलीज होने के लिए तैयार है, जो दर्शकों को एक्शन की एक नई दुनिया में ले जाएगा।

ये भी पढ़ें:  एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर के आरोपों के बीच त्रिशा संग दिखे विजय, डायरेक्टर ने दी हिम्मत की दाद, अब देनी पड़ी सफाई

'द 50' फेम रजत दलाल को लगी गंभीर चोट, करानी पड़ी सर्जरी, अस्पताल से सामने आई हालत

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन