2028 में रिलीज हुई कल्ट-क्लासिक 'तुम्बाड' किसे याद नहीं होगी। ओटीटी पर आने के बाद इस हॉरर फैंटसी को दर्शकों ने खूब पसंद किया और जब ये फिल्म री-रिलीज हुई तो कमाई के मामले में इतिहास रच दिया। सितंबर 2024 में सोहम शाह की ये फिल्म री-रिलीज हुई और 30 करोड़ से ज्यादा की कमाई करके अपने पहले के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया। फिल्म की जबरदस्त सफलता को देखते हुए मेकर्स ने 'तुम्बाड 2' का भी ऐलान कर दिया। अब इस हॉरर-फैंटसी ड्रामा के सेकेंड पार्ट का पहला मोशन पोस्टर भी जारी किया जा चुका है। हाल ही में मेकर्स ने 'तुम्बाड 2' का मोशन पोस्टर जारी किया, जिसने दर्शकों के बीच हलचल पैदा कर दी है। फैंस इस फिल्म को लेकर बेहद एक्साइटेड हैं।
मेकर्स ने दिए प्रलय के संकेत
इस फिल्म के निर्माता सोहम शाह हैं, जो इसमें अभिनय करते भी नजर आएंगे। तुम्बाड के पहले भाग में भी अपने अभिनय से वह दर्शकों पर खास छाप छोड़ने में सफल रहे और अब तुम्बाड 2 के साथ वह दर्शकों को फिर हैरान करने आ रहे हैं। सोहम शाह ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से 'तुम्बाड 2' का मोशन पोस्टर जारी किया, जिसमें 'पूर्ति की देवी' को दिखाया गया है और इस पूरे मोशन पोस्टर में जिस एक चीज ने सबका ध्यान अपनी तरफ खींच लिया, वह थी इस पर लिखे दो शब्द 'प्रलय आएगा'। इस लाइन ने लोगों को सोच में डाल दिया है कि आखिर सोहम शाह अब किस बड़े धमाके की तैयारी में हैं।
तुम्बाड 2 का मोशन पोस्टर
तुम्बाड 2 का मोशन पोस्टर जारी करते हुए सोहम शाह ने कैप्शन में लिखा- 'हर संत का एक इतिहास होता है और हर पापी का एक भविष्य होता है। पापों की विरासत लौट रही है, लालच का चक्र चलता रहता है... तुम्बाड की दुनिया में एक बार फिर स्वागत है।' इस मोशन पोस्टर में देवी की मूर्ति देखने को मिलती है और बैकग्राउंड में सस्पेंस से भरा म्यूजिक सुनने को मिलता है। मोशन पोस्टर के साथ ही बताया गया है कि फिल्म की शूटिंग शुरू हो चुकी है।
तुम्बाड 2 के मोशन पोस्टर पर यूजर्स के रिएक्शन
'तुम्बाड 2' के मोशन पोस्टर ने फैंस को भी खुश कर दिया है। सोशल मीडिया यूजर कमेंट के जरिए अपनी एक्साइटमेंट जाहिर कर रहे हैं। एक ने कमेंट करते हुए लिखा- 'अब और इंतजार नहीं होता, फिल्म कब रिलीज हो रही है?' एक और लिखता है- 'मोशन पोस्टर इतना शानदार है तो फिल्म कितनी जबरदस्त होगी, इसे सिनेमाघर में देखने का इंतजार करना मुश्किल है।' एक अन्य ने लिखा- 'मैं तो इस प्रलय का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।'
तुम्बाड 2 के कलाकार
तुम्बाड 2 में सोहम शाह और नवाजुद्दीन सिद्दीकी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। ये फिल्म 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। जहां तुम्बाड का निर्देशन राही अनिल वर्बे ने किया था तो वहीं तुम्बाड 2 के निर्देशन की कमान आदेश प्रसाद ने संभाली है और सोहम शाह और PEN स्टूडियोज इसके निर्माता हैं। हाल ही में फिल्म के मुहूर्त शॉट की तस्वीरें भी सामने आई थीं, जिन्हें देखकर दर्शक बेहद उत्साहित हो गए थे और अब फिल्म के मोशन पोस्टर ने दर्शकों की एक्साइटमेंट और बढ़ा दी है।