1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'कामवाली बाई का बेटा हूं...' मां की तकलीफें याद कर भर आया एक्टर का दिल, पापा बेचते थे नारियल पानी

'कामवाली बाई का बेटा हूं...' मां की तकलीफें याद कर भर आया एक्टर का दिल, पापा बेचते थे नारियल पानी

 Written By: Priya Shukla
 Published : Jun 03, 2025 06:57 pm IST,  Updated : Jun 03, 2025 06:57 pm IST

'मर्दानी 2' में रानी मुखर्जी की नाक में दम करने वाला खूंखार विलेन आपको याद है? इस एक्टर ने हाल ही में अपनी निजी जिंदगी से जुड़े कई खुलासे किए और बताया कि कैसे उनकी मां ने उन्हें कड़ी मेहनत करके, लोगों के घरों में काम करके पाला है।

Vishal Jethwa- India TV Hindi
विशाल जेठवा। Image Source : INSTAGRAM

बॉलीवुड में ऐसे कई स्टार हैं जिन्होंने फर्श से अर्श तक का सफर तय किया है। कई की कहानियां तो ऐसी हैं कि आज भी लोगों को रुला जाती हैं। नवाजुद्दीन सिद्दीकी से लेकर थलाइवा रजनीकांत तक के संघर्ष की कहानी से हर कोई वाकिफ है। किसी ने ढाबे में काम करके अपना गुजारा किया तो किसी ने मेकेनिक बनकर लोगों के घरों के पंखे-एसी ठीक किए। अब सलमान खान की 'टाइगर 3' फेम विशाल जेठवा ने भी उन दिनों को याद किया, जब उनका पूरा परिवार गरीबी में गुजारा कर रहा था। अभिनेता ने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए बताया कि उनकी मां एक हाउस हेल्प हुआ करती थीं, जो दूसरों के घर में झाड़ू-पोंछा करती थीं।

विशाल जेठवा की भावुक जर्नी

विशाल जेठवा ने बॉलीवुड बबल के साथ बातचीत में अपनी मां के संघर्ष को याद किया। विशाल जेठवा ने अपनी फिल्म 'होमबाउंड' के प्रीमियर के साथ कान फिल्म फेस्टिवल में अपना डेब्यू किया। इसी बीच एक्टर ने इंटरनेशनल इवेंट में पहुंचने से पहले अपनी शुरुआती झिझक और इमोशनल जर्नी के बारे में खुलकर बात की।

कान डेब्यू से पहले नर्वस थे विशाल जेठवा

विशाल जेठवा ने बताया कि रेड कार्पेट डेब्यू से पहले वह बहुत ही नर्वस थे और एंग्जाइटी जैसा महसूस कर रहे थे। उन्होंने कबूल किया कि कान्स में जाने को लेकर वे बहुत घबराए हुए थे और उन्होंने वहां जाने से भी मना कर दिया था। उन्होंने कहा - 'मैं अंग्रेजी में बातचीत करने को लेकर बहुत आशंकित था। कान के लिए रवाना होने से ठीक एक दिन पहले, मैं इतना परेशान हो गया कि मैंने इवेंट में शामिल न होने का मन बना लिया।'

मैं बहुत गरीब परिवार से आता हूं- विशाल जेठवा

जब विशाल से पूछा गया कि क्या वह 'होमबाउंड' के अपने किरदार से खुद को रिलेट कर पाए, तो अभिनेता ने जवाब में कहा- 'मैं भी बहुत गरीब परिवार से आता हूं। मैं कान में बहुत कॉन्फिडेंट था, क्योंकि मेरी बहन ने मुझसे कहा था- बहुत परेशान मत हो, क्योंकि तुम भी एक कामवाली के ही बेटे हो। मैं एक कामवाली बाई जो होती हैं, उनका बेटा हूं। मेरी मम्मा ने लोगों के घर पे झाड़ू पोंछा किया है। वह एक सुपरमार्केट में सैनिटरी पैड्स बेचा करती थीं। मेरे पापा नारियल पानी बेचते थे। मैंने ये सब देखा है और इसीलिए मैं इससे खुद को रिलेट कर सकता हूं। लेकिन, अब नहीं, अब मेरी जिंदगी उससे बहुत आगे निकल गई है।'

रानी मुखर्जी की फिल्म से डेब्यू

बता दें, विशाल जेठवा ने रानी मुखर्जी की 'मर्दानी 2' से खूब सुर्खियां बटोरी थीं। उन्होंने इस फिल्म में एक खूंखार विलेन की भूमिका निभाई थी, जिसका पीछा करने में रानी मुखर्जी के किरदार के पसीने छूट जाते हैं। इसके बाद विशाल काजोल की 'सलाम वेंकी', विद्युत जामवाल स्टारर 'आईबी71' और सुपरस्टार सलमान खान के साथ 'टाइगर 3' जैसी फिल्मों में दिखाई दिए।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन