अमिताभ बच्चन को यूं ही बॉलीवुड का महानायक नहीं कहा जाता। उन्होंने बड़े पर्दे पर कई तरह के किरदार निभाए हैं और 83 साल की उम्र में भी अपने किरदारों से एक्सपेरिमेंट करने से नहीं कतराते। पर्दे पर वह कई बार स्त्री के भेष में भी नजर आ चुके हैं। लेकिन, क्या आप उस गाने के बारे में जानते हैं, जिसके चलते अमिताभ बच्चन को अपनी पत्नी और दिग्गज अभिनेत्री जया बच्चन का गुस्सा झेलना पड़ा था। जया बच्चन ने अमिताभ बच्चन से तब शादी की थी, जब अमिताभ अपने करियर के सबसे मुश्किल दौर से गुजर रहे थे और बैक टू बैक फ्लॉप्स दे रहे थे। बिग बी खुद भी अक्सर अपने करियर, परिवार और जया बच्चन के बारे में अपने शो 'कौन बनेगा करोड़पति' में शेयर करते रहते हैं। ऐसे ही शो के दौरान एक बार बिग बी ने अपने उस गाने के बारे में बताया था, जिसे सुनकर जया बच्चन नाराज हो गई थीं। आज जया बच्चन का 78वां जन्मदिन है। इस मौके पर आपको उस गाने के बारे में बताते हैं, जिसे सुनकर जया बच्चन नाराज हो गई थीं।
जया बच्चन की आदत
अमिताभ बच्चन ने फेमस रियेलिटी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' के दौरान खुलासा किया था कि जया बच्चन उनके एक गाने के चलते गुस्सा हो गई थीं। ये गाना था 'मेरे अंगने में तुम्हारा क्या काम है', जिसे देखकर जया बच्चन गुस्सा हो गई थीं। बिग बी ने इस किस्से का खुलासा तब किया जब गीतकार जावेद अख्तर अपने बेटे और अभिनेता फरहान अख्तर के साथ उनके शो में गेस्ट बनकर पहुंचे थे। इसी बीच उन्होंने बिग बी से पूछा कि जया बच्चन को उनकी कौन सी आदत बिलकुल पसंद नहीं है? जवाब में अमिताभ कहते हैं- 'जया एकदम स्ट्रेट फॉर्वर्ड इंसान हैं। अगर कोई बात उन्हें ठीक नहीं लगती तो वह सीधे-सीधे बोल देती हैं। कोई कहानी हो, फिल्म हो या हीरोइन, अगर उन्हें कुछ नहीं पसंद आता तो वो तुरंत ये बात बोल देती हैं।'
अमिताभ बच्चन का ये गाना सुनकर भड़क गई थीं जया बच्चन
इसी दौरान अमिताभ बच्चन ने उस वाकये को याद किया, जब जया बच्चन 'मेरे अंगने में तुम्हारा क्या काम है' सुनकर भड़क गई थीं। बिग बी के अनुसार, जया ये गाना सुनकर काफी गुस्सा हुई थीं। वहीं इसके बाद जब अमिताभ ने एक अवॉर्ड शो में इस गाने पर परफॉर्म किया और लड़कियां उन्हें किस करने लगीं तो जया बच्चन उनके गाल से लिपस्टिक के निशान पोंछ देती थीं।
उठकर बाहर चली गईं जया बच्चन
अमिताभ बच्चन ने कहा- 'गाने की शूटिंग के दौरान मैंने सोचा कि मुझे इसके लिए उन महिलाओं जैसे कपड़े पहनने चाहिए, जिनका मैं गाने में जिक्र कर रहा हूं। छोटी, मोटी, नाटी, लंबी। जब हम फिल्म देखने गए और ये गाना आया तो देवी जी (जया बच्चन) उठकर बाहर चली गईं। उन्हें ये गाना बिलकुल पसंद नहीं आया और उन्होंने मुझे फटकार लगा दी। उन्होंने कहा- आप ऐसा गाना कैसे कर सकते हैं? वहीं जब मैं अवॉर्ड शो में इस गाने पर परफॉर्म करता था, तो हम उस गाने के अनुसार महिलाओं को बुलाते थे और जब वे स्टेज पर आतीं, परफॉर्म करतीं उनमें से कुछ मेरे गालों पर किस कर देतीं। जब छोटी वाली लाइन आती तो मैं कहता, मत बुलाओ मेरे पास पहले से है। फिर जया जी को गोद में उठा लेता। माइक वहीं था, मैंने सोचा कुछ बोलेंगी, लेकिन वो मेरे गाल से लिपस्टिक के निशान पोंछने में बिजी थीं।'
ये भी पढ़ेंः रणवीर सिंह को एक्ट्रेस ने बताया अपना 'लकी चार्म', की 'धुरंधर' स्टार की तारीफ, बोलीं- 'उनकी वजह से इंडस्ट्री में हूं'