1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. डेब्यू फिल्म से बनाया था दबदबा, स्टारडम पर आई आंच तो बन गया बिजनेसमैन, आज बेहिसाब दौलत के हैं मालिक

डेब्यू फिल्म से बनाया था दबदबा, स्टारडम पर आई आंच तो बन गया बिजनेसमैन, आज बेहिसाब दौलत के हैं मालिक

 Published : Sep 03, 2025 06:00 am IST,  Updated : Sep 03, 2025 06:00 am IST

विवेक ओबेरॉय आज अपना 49वां जन्मदिन मना रहे हैं। विवेक ने बिजनेसमैन बनाने से पहले कई हिट फिल्में देने के बाद अपने करियर में असफलता का स्वाद भी चखा है। उन्होंने सिर्फ अपने लुक्स से ही नहीं बल्कि बेहतरीन एक्टिंग के बल पर एक अलग पहचान बनाई है।

vivek oberoi- India TV Hindi
विवेक ओबेरॉय Image Source : INSTAGRAM/@VIVEKOBEROI

बॉलीवुड के सबसे ज्यादा चर्चित नामों में से एक विवेक ओबेरॉय 3 सितंबर को अपना जन्मदिन मनाते हैं। उन्होंने 2002 में राम गोपाल वर्मा की फिल्म 'कंपनी' से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की और 'साथिया', 'युवा', 'शूटआउट एट लोखंडवाला', 'ओमकारा' और 'रक्त चरित्र' जैसी कई फिल्मों में अपने दमदार अभिनय से जबरदस्त नेम-फेम कमाया। हालांकि, 'प्रिंस', 'दम', 'क्यों! हो गया ना', 'नक्शा' और 'होम डिलीवरी आपको... घर तक' जैसी कई फ्लॉप फिल्मों से असफलता का स्वाद भी चखा है। विवेक ने 29 अक्टूबर, 2010 को प्रियंका अल्वा से शादी की और उनके एक बेटे और एक बेटी है। आज वह बतौर एक्टर ही नहीं बल्कि एक मशहूर बिजनेसमैन के रूप में भी जाने-जाते हैं।

हर किरदार से जीता लोगों का दिल

भारतीय सिनेमा जगत में कुछ अभिनेता अपनी प्रतिभा और लगन से कामयाब होते हैं। उन्हीं में से एक विवेक ओबेरॉय भी हैं, लेकिन आज वह एक्टिंग से ज्यादा बिजनेसमैन की दुनिया में एक्टिव हैं। विवेक ओबेरॉय दो दशकों से भी ज्यादा समय तक फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा रहे हैं। अपनी प्रभावशाली स्क्रीन प्रेजेंस और अलग-अलग किरदारों में ढलने की क्षमता के लिए जाने जाने वाले विवेक ने कई जॉनर की फिल्मों में यादगार किरदार निभाया है। विवेक ओबेरॉय का बॉलीवुड करियर शुरुआती सफलता, चुनौतियों और खुद को नए सिरे से गढ़ने की लगातार कोशिशों से भरा रहा है। उन्होंने 2002 में राम गोपाल वर्मा निर्देशित फिल्म 'कंपनी' से शानदार शुरुआत की, जिसके लिए उन्हें आलोचकों की प्रशंसा और कई पुरस्कार मिले, जिनमें फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ नवोदित अभिनेता पुरस्कार भी शामिल है।

जब खतरे में पड़ा एक्टर का स्टारडम

डेब्यू के बाद विवेक ओबेरॉय 'साथिया' (2002) जैसी कई हिट फिल्में दे चुके हैं जो एक रोमांटिक ड्रामा थी। उनका करियर जब आसमान छू रहा था तब एक्टर की जिंदगी में ऐसा मोड़ आया कि उन्हें बॉलीवुड छोड़ना पड़ा। जब उनका स्टारडम खतरा में आया तो उन्होंने कमाने की दूसरी राह चुन ली। ऐश्वर्या राय और सलमान खान से जुड़े एक निजी विवाद के कारण विवेक ओबेरॉय के करियर को बड़ा झटका लगा। इसके बाद उन्हें बड़ी फिल्मों के ऑफर मिलने बंद हो गए। इस विवाद ने विवेक की शुरुआती सफलता को फीका कर दिया और उनके करियर में भारी गिरावट ला दी।

बेहिसाब दौलत के कैसे बने मालिक

विवेक ओबेरॉय ने अभिनय, फिल्म निर्माण और स्मार्ट बिजनेस ट्रिक के बल पर अपनी करोड़ों रुपये की संपत्ति बनाई। अपने बॉलीवुड करियर के अलावा, उन्होंने रियल एस्टेट में निवेश किया और अपनी खुद की प्रोडक्शन कंपनी शुरू की, जिससे उनकी कमाई और बढ़ गई। पर्सनल लाइफ के बारे में बात करें तो विवेक ओबेरॉय ने प्रियंका अल्वा से शादी की। वे 2010 में शादी के बंधन में बंधे थे। प्रियंका एक मशहूर व्यावसायिक परिवार से आती हैं और उन्होंने विवेक का हर वक्त साथ दिया था। दोनों के दो बच्चे हैं, एक बेटा जिसका नाम विवान और एक बेटी जिसका नाम अमेया है।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन