1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. कौन हैं सिमरत कौर रंधावा? विवेक अग्निहोत्री की 'द बंगाल फाइल्स' में आईं नजर, मां के लिए बनीं एक्ट्रेस

कौन हैं सिमरत कौर रंधावा? विवेक अग्निहोत्री की 'द बंगाल फाइल्स' में आईं नजर, मां के लिए बनीं एक्ट्रेस

 Published : Sep 05, 2025 04:23 pm IST,  Updated : Sep 05, 2025 04:23 pm IST

पंजाबी परिवार में जन्मी सिमरत कौर ने 2017 की तेलुगु फिल्म 'प्रेमथो मी कार्तिक' से एक्टिंग की शुरुआत की। 28 साल की ये हसीना 'गदर 2' से मशहूर हुई थीं और अब विवेक अग्निहोत्री की 'द बंगाल फाइल्स' में भारती बनर्जी की भूमिका के लिए चर्चा में हैं।

Simratt Kaur Randhawa- India TV Hindi
सिमरत कौर रंधावा Image Source : INSTAGRAM/@SIMRATKAUR_16

विवेक अग्निहोत्री द्वारा निर्देशित 'द बंगाल फाइल्स' शुक्रवार, 5 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। यह फिल्म 1946 के दर्दनाक कलकत्ता हत्याकांड को बड़े पर्दे पर दिखाती है। इस फिल्म को अपनी बेहतरीन कहानी और शानदार स्टार कास्ट की वजह से सोशल मीडिया पर खूब प्रशंसा मिल रही है। खास तौर पर इस वक्त यूजर्स सिमरत कौर रंधावा के दमदार अभिनय की सराहना कर रहे हैं। 'द बंगाल फाइल्स' में सिमरत ने भारती बनर्जी की भूमिका निभाई है। इस फिल्म की वजह से वह एक बार फिर लोगों के बीच चर्चा में आ गई हैं।

सिमरत कौर रंधावा कौन हैं?

16 जुलाई, 1997 को जन्मी सिमरत का पालन-पोषण मुंबई के एक पंजाबी परिवार में हुआ। उन्होंने 2017 की तेलुगु फिल्म 'प्रेमथो मी कार्तिक' में अंजलि का किरदार निभाकर अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थीं और अब बॉलीवुड फिल्मों से तहलका मचा रही हैं। 28 साल की सिमरत कौर ने कंप्यूटर साइंस में बी.एससी. की डिग्री हासिल की है। इसके अलावा सिमरत ने कई तेलुगु फिल्मों में भी काम किया है, जिनमें 'परिचयम्', 'डर्टी हरि' और 'बंगाराजुम' जैसी शानदार फिल्में शामिल हैं।

सिमरत कौर रंधावा का करियर

साउथ और बॉलीवुड के अलावा एक्ट्रेस पंजाबी म्यूजिक वीडियो में भी नजर आ चुकी हैं, जिनमें हिम्मत संधू की 'बुर्ज खलीफा' और 'लारा लप्पा', जीजी सिंह की 'लोफर' और मीका सिंह की 'तेरे बिन जिंदगी' भी शामिल है। हालांकि, 2023 की हिट फिल्म 'गदर 2' में उत्कर्ष शर्मा की पत्नी और सनी देओल की बहू मुस्कान का किरदार निभाने के बाद उन्हें बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री में एक अलग पहचान मिली। इस फिल्म ने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया। इसके बाद, सिमरत 'वनवास' में दिखाई दीं, जिसमें नाना पाटेकर, राजपाल यादव, खुशबू सुंदर और अश्विनी कालसेकर भी थे।

ये था सिमरत कौर का सपना

मुंबई में जन्मी और पली-बढ़ी सिमरत कौर रंधावा ने कभी नहीं सोचा था कि वह एक्ट्रेस बनेंगी, न ही वह फिल्म इंडस्ट्री में आना चाहती थीं। सिमरत एक खिलाड़ी बनना चाहती थीं और एथलेटिक्स में अपना करियर बनाना चाहती थीं। सिमरत ओलंपिक या एशियाई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करने का सपना देखती थीं। सिमरत ने नवभारत को दिए इंटरव्यू में बताया था कि उनके माता-पिता ने उन्हें फिल्मों में किस्मत आजमाने के लिए कहा था और इस तरह उन्होंने एक मॉडल के रूप में अपना सफर शुरू किया और 2017 में एक विज्ञापन में काम किया। उसके बाद, सिमरत को उनकी पहली तेलुगु फिल्म 'प्रेमथो मी कार्तिक' (2017) मिली। उन्होंने यह भी बतााय कि उनकी मां चाहती थीं कि वो एक मशहूर एक्ट्रेस बने।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन