भारतीय सिनेमा में अपनी दमदार मौजूदगी और सशक्त अभिनय से पहचान बनाने वाली अभिनेत्री श्रिया रेड्डी इन दिनों जबरदस्त सुर्खियों में हैं। प्रशांत नील के निर्देशन में बन रही बहुप्रतीक्षित फिल्म 'महाकाली' के टीजर ने रिलीज होते ही इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है। जहां एक तरफ इस पौराणिक थ्रिलर फिल्म में बॉलीवुड अभिनेता अक्षय खन्ना 'असुरगुरु शुक्राचार्य' की एक बेहद शक्तिशाली भूमिका में नजर आ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ 'महाकाली' के रूप में श्रिया रेड्डी के प्रचंड और रौद्र रूप ने दर्शकों का ध्यान पूरी तरह से अपनी ओर खींच लिया है।
'महाकाली' का भयानक रूप और अक्षय खन्ना संग मुकाबला
फिल्म के हालिया जारी टीजर में अक्षय खन्ना असुरों के अस्तित्व और 14 लोकों के अधिकारों के लिए संवाद बोलते दिखाई देते हैं। उनका लुक और अभिनय काफी प्रभावशाली है। हालांकि टीजर के अंतिम क्षणों में जैसे ही श्रिया रेड्डी का महाकाली रूप स्क्रीन पर आता है, पूरा माहौल बदल जाता है। टीजर के 2 मिनट 42 सेकंड पर दिखने वाला वह दृश्य, जहां महाकाली की आंखों में एक ओर वात्सल्य और ममता है तो दूसरी ओर भयंकर क्रोध का भाव है, जो दर्शकों को अचंभित कर रहा है। सोशल मीडिया पर दर्शक खुलकर कह रहे हैं कि उस एक सीन में श्रिया रेड्डी का औरा और अभिनय का स्तर दिग्गज अभिनेता अक्षय खन्ना पर भी भारी पड़ता नजर आ रहा है।
'सलार' की राधा राम मन्नार से बनाई खास पहचान
यह पहला मौका नहीं है जब श्रिया रेड्डी ने अपने स्क्रीन प्रेजेंस से किसी बड़े सितारे को कड़ी टक्कर दी हो। इससे पहले प्रशांत नील की ही 600 करोड़ से अधिक की कमाई करने वाली ब्लॉकबस्टर फिल्म 'सलार: पार्ट 1 - सीजफायर' में उन्होंने 'राधा राम मन्नार' का आइकॉनिक किरदार निभाया था। पृथ्वीराज सुकुमारन की बहन के रूप में उनके उस कठोर अभिनय की तुलना ब्लॉकबस्टर फिल्म 'बाहुबली' की शिवगामी देवी (राम्या कृष्णन) के किरदार से की गई थी। कई दृश्यों में श्रिया का प्रभुत्व प्रभास जैसे बड़े सुपरस्टार के सामने भी पूरी तरह से कायम रहा, जिसने उन्हें पूरे देश में एक अलग पहचान दिलाई। इस फिल्म की कमाई पर नजर डाले तो फिल्म ने दुनिया भर मं 617 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया।
पूर्व भारतीय क्रिकेटर की बेटी हैं श्रिया
श्रिया रेड्डी का सिनेमा तक पहुंचने का सफर काफी दिलचस्प रहा है। 28 नवंबर 1982 को जन्मी श्रिया एक प्रतिष्ठित खेल पृष्ठभूमि से आती हैं। वह पूर्व भारतीय टेस्ट क्रिकेटर भरत रेड्डी की बेटी हैं। भरत रेड्डी ने 1978 से 1981 के बीच भारतीय क्रिकेट टीम के लिए कई अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं और वह भारत के प्रमुख विकेटकीपर्स में गिने जाते रहे हैं। इतना ही नहीं, क्रिकेट से संन्यास के बाद उन्होंने दिनेश कार्तिक जैसे मशहूर भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज को भी शुरुआती दिनों में कोचिंग दी है।
आरजे से लेकर फिल्मों तक का सफर और फिल्मी परिवार से नाता
श्रिया का जन्म एक तेलुगु परिवार में हुआ और उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा गुड शेफर्ड स्कूल से पूरी करने के बाद चेन्नई के प्रतिष्ठित एथिराज कॉलेज से पढ़ाई की। अभिनय की दुनिया में आने से पहले श्रिया एक बेहद लोकप्रिय वीडियो जॉकी और रेडियो जॉकी के रूप में काम कर चुकी थीं। उनकी बेबाक आवाज और आकर्षक व्यक्तित्व के कारण उन्हें टीवी की दुनिया में पहचान मिली। उनके निजी जीवन की बात करें तो श्रिया रेड्डी का संबंध दक्षिण भारतीय सिनेमा के एक बड़े फिल्मी परिवार से भी है। उन्होंने साल 2008 में अभिनेता और तमिल फिल्मों के जाने-माने निर्माता विक्रम कृष्णा से शादी की, जो कि दक्षिण भारतीय एक्शन स्टार विशाल के बड़े भाई हैं।
करियर के उतार-चढ़ाव और बड़ी वापसी
श्रिया ने अपने फिल्मी सफर की शुरुआत साल 2002 में बालाजी शक्तिवेल की फिल्म 'समुराई' से की थी, जिसमें अभिनेता विक्रम मुख्य भूमिका में थे। इस फिल्म में उनका किरदार छोटा था। इसके बाद उन्होंने 2003 में रिलीज हुई फिल्म 'अप्पुदापुडु' में मुख्य अभिनेत्री के रूप में काम किया, हालांकि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हो सकी। लेकिन श्रिया ने अपनी मेहनत जारी रखी और 'वेयिल' तथा 'कांचीवरम' जैसी राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्मों में अपने गंभीर अभिनय से आलोचकों का दिल जीता। लंबे समय तक अभिनय से ब्रेक लेने के बाद श्रिया ने दोबारा पर्दे पर कदम रखा और हर बार एक मजबूत किरदार को चुना। 'सलार' में उनके अभिनय का लोहा मनवाने के बाद अब 'महाकाली' में उनका महाकाली अवतार यह साबित करता है कि वह किसी भी किरदार में जान फूंकने की क्षमता रखती हैं। दर्शक अब सिनेमाघरों में अक्षय खन्ना के 'शुक्राचार्य' और श्रिया रेड्डी की 'महाकाली' के बीच का यह महासंग्राम देखने के लिए बेताब हैं।