1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. तो क्या अक्षय कुमार-वरुण धवन की हो जाएगी 'स्त्री 3'? कैमियो ने किया इशारा, क्या होगा 'बिक्की एंड कंपनी' का भविष्य?

तो क्या अक्षय कुमार-वरुण धवन की हो जाएगी 'स्त्री 3'? कैमियो ने किया इशारा, क्या होगा 'बिक्की एंड कंपनी' का भविष्य?

 Written By: Priya Shukla
 Published : Aug 17, 2024 01:23 pm IST,  Updated : Aug 17, 2024 01:23 pm IST

स्त्री 2 देखने के बाद दर्शकों के मन में यही सवाल हैं कि क्या स्त्री 3 में अक्षय कुमार और वरुण धवन लीड रोल में होंगे और इसके लिए बिक्की एंड कंपनी को साइडलाइन कर दिया जाएगा? स्त्री 2 के साथ स्त्री 3 का इशारा तो दिया जा चुका है, लेकिन फिल्म की स्टोरी लाइन क्या होगी इसे लेकर तरह-तरह के अंदेशे लगाए जा रहे हैं।

akshay kumar- India TV Hindi
स्त्री 2 में वरुण धवन-अक्षय कुमार का कैमियो है। Image Source : INSTAGRAM

श्रद्धा कपूर-राजकुमार राव स्टारर 'स्त्री 2: सिरकटे का आतंक' आखिरकार सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है। फिल्म को रिलीज हुए 2 दिन हो गए हैं और पहले दिन से ही ये बॉक्स ऑफिस पर तांडव मचा रही है। हॉरर-कॉमेडी में श्रद्धा कपूर, राजकुमार राव के साथ पंकज त्रिपाठी, अपारशक्ति खुराना और अभिषेक बनर्जी जैसे सितारे भी हैं, जो अपनी एक्टिंग के दम पर दर्शकों को लुभाने में कामयाब रहे। स्त्री 2 दर्शकों को कितनी पसंद आ रही है, इस बात का अंदाजा इसके बॉक्स ऑफिस कलेक्शन से लगाया जा सकता है। श्रद्धा कपूर-राजकुमार राव की इस फिल्म ने वो कर दिखाया है जो अक्षय कुमार और जॉन अब्राहम की फिल्में नहीं कर पा रही हैं।

वरुण धवन-अक्षय कुमार का कैमियो

‘स्त्री 2’ ने सिनेमाघरों में फिर रौनक ला दी है। फिल्म का निर्देशन अमर कौशिक ने किया है। फिल्म में दो अहम कैमियो भी हैं, जो दर्शकों को खूब पसंद भी आए। लेकिन, ये कैमियो देखने के बाद दर्शकों के दिमाग में ये सवाल आ रहा है कि क्या फिल्म से 'बिक्की एंड कंपनी' का खेल खत्म होने वाला है? दरअसल, मेकर्स ने स्त्री 2 के साथ ही स्त्री 3 का भी इशारा दे दिया है। जिसके साथ फ्रेंचाइजी में अक्षय कुमार और वरुण धवन की एंट्री की भी उम्मीद जताई जा रही है। लेकिन, जहां स्त्री 2 का अंत किया गया है, उसे लेकर दर्शकों को राजकुमार राव के स्त्री फेंचाइजी में इतना सॉलिड रोल आगे रहने की संभावना नजर आ रही है।

बिक्की एंड कंपनी का क्या होगा भविष्य?

स्त्री 2 में वरुण धवन एक बार फिर 'भेड़िया' के अवतार में दिखे, जिससे इस तरफ इशारा मिलता है कि अभिनेता की स्त्री यूनिवर्स में भूमिका मजबूत हो सकती है। इसी के साथ श्रद्धा कपूर के साथ उनकी केमेस्ट्री भी दिखाई गई है, जिससे बिक्की एंड कंपनी को लेकर सवाल पैदा हो रहे हैं। इसके अलावा फिल्म में अक्षय कुमार का भी कैमियो है, जिससे पता चलता है कि स्त्री 3 में उनकी जोरदार एंट्री पक्की है। अब अगर फिल्म में अक्षय कुमार की एंट्री होती है तो उनके मुकाबले के लिए सितारे भी उनकी टक्कर के ही हो सकते हैं।

दूसरे दिन का कलेक्शन

वहीं स्त्री 2 के कलेक्शन की बात करें तो सैकनिल्क के मुताबिक ‘स्त्री 2’ ने अब तक वर्ल्डवाइड 100 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है। इसी के साथ स्त्री 2 दो दिनों में ही 100 करोड़ क्लब में एंट्री करने वाली साल की पहली फिल्म बन गई है। इससे पहले ये रिकॉर्ड प्रभास स्टारर 'कल्कि 2898 AD' के नाम था, जिन्होंने 3 से 4 दिनों में इसे पूरा किया था। स्त्री 2 साल की चौथी फिल्म है, जिसने 100 करोड़ क्लब में एंट्री कर ली है।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन