'रामायण पार्ट 1' आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। दर्शक लंबे समय से इस फिल्म की रिलीज का इंतजार कर रहे थे, जो गुरुवार 5 नवंबर को खत्म हुआ। फिल्म की रिलीज के साथ ही सोशल मीडिया पर दर्शकों के रिएक्शन आना भी शुरू हो गया है। शानदार स्टारकास्ट और भव्य वीएफएक्स देखकर दर्शकों का दिल आ गया है। सोशल मीडिया पर दर्शकों के रिएक्शन की बाढ़ आ चुकी है। साउथ सिनेमा के भी कई कलाकारों ने नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस मेगा बजट फिल्म की तारीफ की है। तो चलिए जानते हैं कि फिल्म पर साउथ सिनेमा के दिग्गजों का क्या कहना है।
अल्लू अर्जुन भी हुए 'रामायण'
'पुष्पा' स्टार अल्लू अर्जुन ने भी 'रामायणः पार्ट 1' की तारीफ में पोस्ट साझा किया है, जिसमें उन्होंने सभी से एकजुट होकर इस फिल्म को समर्थन देने की अपील की है। अनपे पोस्ट में अल्लू अर्जुन ने लिखा- 'रामायण की टीम को मेरी ढेर सारी शुभकामनाएं। यह सिर्फ एक फिल्म नहीं है। यह हमारी संस्कृति का प्रतिनिधित्व है और भारतीय फिल्मों के स्तर को ऊपर उठाने का एक प्रयास है। मैं पूरी टीम को उनके इस नेक प्रयास के लिए अपनी हार्दिक और सकारात्मक शुभकामनाएं देता हूँ। आइए, हम सब मिलकर इस नेक प्रयास का समर्थन करें, जो हमारी कहानियों, हमारी संस्कृति और हमारे गौरव को सामने लाता है। जय श्री राम।'
एसएस राजामौली ने 'रामायण' को लेकर क्या कहा?
साउथ सिनेमा के दिग्गज फिल्ममेकर एसएस राजामौली ने भी नमित मल्होत्रा की 'रामायण' के सपोर्ट में एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने मेकर्स के विजन की जमकर तारीफ की है। अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा- 'रामायण... फिल्म का विशाल पैमाना और बड़े पर्दे पर इसके दृश्य देखने में अद्भुत हैं। राम के रूप में रणबीर, खासकर वनवास के बाद से, शांत और साथ ही शानदार लगे हैं। रावण के किरदार में यश का अंदाज काफी खूंखार है, जबकि सीता के रूप में साई पल्लवी बहुत ग्रेसफुल लगी हैं। प्री-क्लाइमैक्स और क्लाइमैक्स... मुझे इसका हर हिस्सा बहुत पसंद आया। इतने बड़े विजन को इतनी खूबसूरती से पर्दे पर उतारने के लिए नमित मल्होत्रा और नितेश तिवारी सहित पूरी टीम को बधाई।'
विजय देवरकोंडा का रिएक्शन
विजय देवरकोंडा ने भी 'रामायण' पर प्रतिक्रिया दी है। अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा- 'मुझे पूरा भरोसा है कि ये भारतीय सिनेमा के लिए एक नई और बड़ी छलांग होगी, जो हमारी कहानियों, संस्कृति और कल्पना को इस दुनिया के दर्शकों तक पहुंचाएगी और वैश्विक स्तर पर अपनी छाप छोड़ेगी। मैं व्यक्तिगत तौर पर इस फइल्म को लेकर बेहद उत्साहित हूं और रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश जैसे कलाकारों को बड़े पर्दे पर जादू बिखेरते देखने को लेकर उत्सुक हूं। मुझे यकीन है, आप सभी इतिहास रच देंगे।'
ऋषभ शेट्टी ने भी की 'रामायण' की तारीफ
कन्नड़ सुपरस्टार ऋषभ शेट्टी ने भी 'रामायण' को लेकर अपने जज्बात बयां किए हैं। उन्होंने इस कालजेयी कहानी को बड़े पर्दे पर उतारने के लिए रामायण की पूरी टीम को बधाई देते हुए लिखा- 'हमारी कालजेयी कहानियों और संस्कृति को इतने बड़े स्र पर जीवंत होते देखना मेरे लिए बहुत ही खास पल है। भारतीय सिनेमा के लिए भी ये बेहद गर्व का पल है। मैं रामायण की पूरी टीम को बधाई देता हूं और शानदार जीत की उम्मीद करता हूं।'
'रामायण' की कास्ट
प्राचीन भारतीय महाकाव्य रामायण पर आधारित 'रामायणः पार्ट 1' में रणबीर कपूर ने भगवान राम की भूमिका निभाई है और उनके साथ साई पल्लवी माता सीता की भूमिका में हैं। रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं और यश लंकापति रावण की भूमिका में हैं। वहीं सनी देओल इस फिल्म में हनुमान की भूमिका में हैं, लेकिन दर्शक उन्हें फिल्म के दूसरे भाग में देख सकेंगे। फिल्म का दूसरा भाग 2028 में सिनेमाघरों में रिलीज होगा। फिल्म के निर्देशक नितेश तिवारी हैं और इसका निर्माण नमित मल्होत्रा और यश ने किया है।
ये भी पढ़ेंः 'रामायण' में सनी देओल की झलक के बाद रिलीज हुई 'हनुमान चालीसा', 5 सिंगर्स ने दी आवाज, नेटिजंस के रिएक्शन