इस साल की सबसे चर्चित फिल्म 'रामायण' का ट्रेलर 24 जुलाई को रिलीज होगा, लेकिन इससे पहले शनिवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में 'रामायण' का 'प्रथम संकल्प' इवेंट आयोजित किया गया, जिसमें कुछ खास लोगों को 'रामायण पार्ट 1' का ऑफिशियल ट्रेलर दिखाया गया। इस इवेंट में फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा और निर्देशक नितेश तिवारी से लेकर कलाकार और कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं। रणबीर कपूर, यश, साई पल्लवी, रवि दुबे और सनी देओल सहित 'रामायण' के अन्य कई कलाकार भी इस इवेंट में शरीक हुए। इस दौरान यश ने 'रामायण' के अपने को-स्टार रणबीर कपूर की जमकर तारीफ की।
यश ने निर्माता नमित मल्होत्रा की तारीफ की
दिल्ली में आयोजित इस इवेंट के साथ ही 'रामायण' के प्रमोशन कैंपेन की औपचारिक शुरुआत हुई। इस मेगा बजट फिल्म में रावण की भूमिका निभा रहे यश ने यहां हिंदी में अपना भाषण शुरू करते हुए दर्शकों का अभिवादन किया और इतने बड़े पैमाने पर फिल्म बनाने का साहस दिखाने के लिए नमित मल्होत्रा की तारीफ की। स्टेज पर मौजूद यश ने कहा, 'इस शानदार प्रोजेक्ट बनकर मैं बहुत खुश हूं। लेकिन, इसे इस मुकाम तक पहुंचाने का श्रेय नमित मल्होत्रा को जाता है। आपने मुझे इतना अहम किरदार निभाने का मौका दिया, इसके लिए आपका शुक्रिया।'
'रामायण' को बताया भारत का सपना
इवेंट के दौरान यश ने' रामायण' को 'भारत का सपना' बताते हुए कहा कि, 'रामायण की पहचान सिर्फ़ उसके बजट, विज़ुअल इफ़ेक्ट्स या कलाकारों की टीम से नहीं होती। ये बभारत का सपना है और इस फिल्म का हर कलाकार इसी सोच के साथ इससे जुड़ा है। हम सबका एक ही विजन है और हम सब एक पक्के इरादे के साथ एकजुट हुए हैं। रामायण की महागाथा को ग्लोबल प्लेटफॉर्म तक पहुंचाना। सबने अपने निजी हित एक तरफ रखते हुए एक साझा मकसद के लिए काम किया और ये मकसद है- दुनियाभर के दर्शकों तक प्रभु श्रीराम की कहानी पहुंचाना और उनका सम्मान करना।'
यश ने रणबीर कपूर की भी तारीफ की
यश ने इस दौरान 'रामायण' में प्रभु श्रीराम की भूमिका निभा रहे रणबीर कपूर की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा- 'रणबीर ने बहुत ही शानदार काम किया है। मुझे लगता है कि जब सब फिल्म देखेंगे, तब समझ जाएंगे कि उन्होंने इस रोल के लिए खुद को कितनी गहराई से प्रभु श्रीराम को समर्पित किया है और उनका जादू जरूर काम करेगा। उन्होंने भगवान राम के किरदार को पूरी जिम्मेदारी और सम्मान से अपनाया है।' वहीं साई पल्लवी की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा- 'सीता के रोल में साई पल्लवी के अभिनय को उनकी आंखों को देखकर ही समझा जा सकता है। वह बेहतरीन अभिनेत्री हैं।'
डायरेक्टर नितेश तिवारी ने किरदार समझने में की मदद
यश ने इस दौरान ये भी बताया कि कैसे निर्देशक नितेश तिवारी ने उन्हें अपने किरदार को समझने और उसे निभाने में मदद की। इस मदद के लिए उन्होंने नितेश तिवारी का भी शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा, 'नितेश सर, मुझे गाइड करने, किरदार की जरूरतों को समझने, मेरे सवालों के जवाब देने और इसे निभाने में मेरी मदद करने के लिए आपका बहुत-बहुत शुक्रिया।'
ये भी पढ़ेंः 24 जुलाई को रिलीज होगा रामायण का ट्रेलर, मेकर्स ने पोस्ट कर दी खुशखबरी, बेसब्री से हो रहा इंतजार