पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह ने रविवार को अपनी पत्नी हेज़ल कीच के लिए एक रोमांटिक नोट लिखकर शादी की 9वीं सालगिरह की बधाई दी है। युवराज ने एक पुरानी और एक हाल ही की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, 'नौ खूबसूरत साल, दो प्यारे बच्चे और एक खुशहाल परिवार। तुम्हारे साथ हर दिन जीत जैसा लगता है! हैप्पी एनिवर्सरी बेबी हेजल कीच।' युवराज ने हेज़ल के साथ कुछ मनमोहक तस्वीरें भी शेयर कीं। इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए, अभिनेत्री बिपाशा बसु ने कमेंट सेक्शन में एक लाल दिल वाला इमोजी शेयर किया।
गायक हार्डी संधू ने लिखा, 'मुबारकां भाजी और भाभी। सालगिरह मुबारक।' युवराज और हेजल की शादी 30 नवंबर 2016 को हुई थी। हेजल बॉलीवुड एक्ट्रेस रही हैं और कई फिल्मों में काम कर चुकी हैं। सलमान खान के साथ फिल्म बॉडीगार्ड के किरदार के लिए भी उन्हें जाना जाता है। उनका विवाह पारंपरिक आनंद कारज समारोह के साथ पंजाब के फतेहगढ़ साहिब गुरुद्वारे में हुआ था। उनके दो बच्चे हैं- एक बेटा जिसका नाम ओरियन कीच सिंह है, जिसका जन्म जनवरी 2022 में और एक बेटी जिसका नाम ऑरा है, जिसका जन्म जुलाई 2023 में हुआ था।
क्रिकेट की दुनिया के सुपरस्टार हैं युवराज
युवराज ने 2000 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया और 2019 में खेल को अलविदा कह दिया। उन्होंने विभिन्न प्रारूपों में 398 मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया और 11,000 से अधिक रन बनाए। अपने डेढ़ दशक के करियर में उन्होंने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। अपनी कई उपलब्धियों के अलावा युवराज स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ही ओवर में छह गगनचुंबी छक्कों के लिए जाने जाते हैं। 19 सितंबर, 2007 को, युवराज ने किंग्समीड में अकल्पनीय उपलब्धि हासिल की, इतिहास में अपना नाम दर्ज कराया। इस आक्रामक बल्लेबाज ने स्टुअर्ट ब्रॉड के ओवर में 6 छक्के लगाए और मात्र 12 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जो आज भी टी20 प्रारूप में सबसे तेज है। भारत और इंग्लैंड के बीच उस मैच में, मेन इन ब्लू ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। रॉबिन उथप्पा का विकेट गिरने के बाद युवराज बल्लेबाजी करने आए और उन्होंने अंत में शानदार पारी खेली जिससे भारत 218 रन बनाने में सफल रहा। भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ मैच 18 रनों से जीत लिया। भारतीय पारी के 19वें ओवर में युवराज ने ब्रॉड की गेंदों पर 6 छक्के जड़े और भारत का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया।
2007 वर्ल्ड कप अहम खिलाड़ी
भारतीय टीम 2007 में पहला आईसीसी टी20 विश्व कप जीतने में सफल रही थी और युवराज उस टूर्नामेंट में टीम के लिए एक अहम खिलाड़ी थे। 38 वर्षीय युवराज ने 2011 में भारत की विश्व कप जीत में भी शानदार प्रदर्शन किया था और वह एक ही विश्व कप में 300 से ज़्यादा रन बनाने और 15 विकेट लेने वाले पहले ऑलराउंडर बने थे। इस उपलब्धि में चार बार मैन ऑफ द मैच पुरस्कार और 362 रन बनाने और 15 विकेट लेने के लिए मैन ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार शामिल है। 2019 में, युवराज ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा कर दी थी। 304 वनडे, 58 टी20 और 40 टेस्ट मैचों के अपने करियर के साथ, युवराज ने एक ऐसे खिलाड़ी के रूप में अपनी जगह पक्की कर ली है जो मैच जिता सकता है।
ये भी पढ़ें- 'तेरे इश्क में' ने पहले वीकेंड पर किया धुआंधार कलेक्शन, बॉक्स ऑफिस पर धनुष-कृति ने मचाया तहलका
जया बच्चन ने शादी के कॉन्सेप्ट पर रखी अपनी राय, नहीं चाहती नातिन नव्या करें शादी, कही ये बात