'वीर' फिल्म से पॉपुलर हुईं सलमान खान की हीरोइन जरीन खान इस वक्त गहरे दुख में हैं। एक्ट्रेस ने अपनी मां को खो दिया है और इस घटना ने उन्हें झगझोर दिया है। एक्ट्रेस की मां परवीन खान लंबे समय से बीमारी थीं और उनका इलाज जारी था, लेकिन बुधवार 8 अप्रैल 2026 को मुंबई में उनका निधन हो गया। इस दुखद समाचार की पुष्टि जरीन खान की टीम द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान के माध्यम से की गई है। बयान में बताया गया कि एक्ट्रेस की मां ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। एक्ट्रेस की ओर से अभी कोई रिएक्शन सोशल मीडिया पर सामने नहीं आया, लेकिन बीती रात किया गया उनका एक पोस्ट भी चर्चा में है, जिसमें उन्होंने बताया कि मां की मौत से पहले उनकी बिल्ली की भी मौत हुई है।
कब होगी अंतिम विदाई?
टीम द्वारा साझा किए गए संदेश में लिखा गया, 'यह सूचित करते हुए गहरा दुख हो रहा है कि जरीन खान और सना खान की प्यारी मां परवीन खान का 8 अप्रैल को स्वर्गवास हो गया है।' इसके साथ ही परिवार ने उनके अंतिम संस्कार से जुड़ी जानकारी भी साझा की, जिसमें बताया गया कि उनकी अंतिम विदाई की रस्में 8 अप्रैल की सुबह 10 बजे पूरी होंगी।

पहले हुई बिल्ली की मौत
मां की मौत की खबर सामने आने से कुछ ही देर पहले उन्होंने देर रात एक इंस्टाग्राम स्टोरी पोस्ट की। इसमें जरीन खान ने लिखा, 'मेरे बेबी ने आज सुबह ये दुनिया छोड़ दी और अपने भाई-बहनों से मिलने चली गई। रेस्ट इन पीस मेरा बच्चा, मेरा फैमबो, 18/07/2011 से 07/04/2026।' इसके साथ ही उन्होंने बिल्ली की एक तस्वीर भी दिखाई थी।
लंबे समय से बीमार थीं मां
जरीन खान अक्सर अपनी मां के स्वास्थ्य को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा करती रहती थीं। पिछले काफी समय से वह अपनी मां की गंभीर स्थिति के कारण परेशान थीं और उन्होंने कई बार अपने प्रशंसकों और शुभचिंतकों से उनकी सेहत में सुधार और सलामती के लिए दुआएं मांगी थीं। जरीन अपनी मां के बेहद करीब थीं और कठिन समय में लगातार उनकी देखभाल कर रही थीं। कुछ दिनों पहले ही उन्होंने मां के अस्पताल में होने की जानकारी साझा की थी और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की थी। सोशल मीडिया पर इस खबर के आने के बाद बॉलीवुड हस्तियों और प्रशंसकों ने जरीन और उनके परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। मां के निधन से जंरीन के जीवन में एक ऐसा शून्य पैदा हो गया है जिसकी भरपाई संभव नहीं है।
ये भी पढ़ें: बीरबल की सोच से भी चार गुना तगड़ा सस्पेंस, दिमाग सुन्न कर देगा क्राइम थ्रिलर का क्लाइमैक्स, हिलने नहीं देंगे 7 एपिसोड