भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे अभिषेक शर्मा को भारतीय युवा खूब फॉलो करते हैं और उनकी पसंद और न पसंद में खास दिलचस्पी रखते हैं। हाल ही में क्रिकेटर ने अपनी फेवरेट फिल्म का खुलासा किया है। उन्होंने अपनी पसंद का खुलासा करते हुए बताया कि एक फिल्म ऐसी है जो वो हमेशा देखना पसंद करते हैं और इस फिल्म को वो कई बार देख चुके हैं। ये फिल्म कोई और नहीं बल्कि आमिर खान अभिनीत ब्लॉकबस्टर फिल्म '3 इडियट्स' है, जो सिर्फ अभिषेक शर्मा ही नहीं बल्कि दर्शकों की भी पसंदीदा फिल्म है। क्रिकेटर ने नई दिल्ली में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा आयोजित एक सम्मान समारोह के दौरान उन्होंने यह दिलचस्प जानकारी साझा की।
बीसीसीआई के एक विशेष कार्यक्रम में जहां पिछले एक साल में भारत द्वारा पांच आईसीसी विश्व कप से जुड़ी ट्रॉफियां जीतने का जश्न मनाया जा रहा था, वहीं क्रिकेटरों के साथ एक मजेदार रैपिड-फायर राउंड भी रखा गया। मशहूर एंकर हर्षा भोगले ने वैभव सूर्यवंशी, हार्दिक पांड्या और संजू सैमसन के साथ अभिषेक शर्मा से भी कुछ व्यक्तिगत सवाल पूछे। जब भोगले ने अभिषेक से उनकी पसंदीदा फिल्म या अभिनेता के बारे में सवाल किया तो युवा क्रिकेटर ने बिना देर किए '3 इडियट्स' का नाम लिया। उन्होंने बताया कि इस फिल्म ने उन्हें बहुत प्रभावित किया और उन्हें इसे देखने में काफी आनंद आया। हालांकि अपने पसंदीदा अभिनेता के बारे में बात करते हुए उन्होंने चुटीले अंदाज में कहा, 'मेरी पसंदीदा फिल्म '3 इडियट्स' है। मुझे वह फिल्म बहुत पसंद आई, लेकिन मेरा पसंदीदा अभिनेता समय के साथ बदलता रहता है।'
साल 2009 में रिलीज हुई '3 इडियट्स' को आधुनिक हिंदी सिनेमा की सबसे प्रभावशाली फिल्मों में से एक माना जाता है। राजकुमार हिरानी के निर्देशन और विधु विनोद चोपड़ा के निर्माण में बनी यह फिल्म शिक्षा प्रणाली की खामियों, रट्टा मार पढ़ाई के बजाय ज्ञान अर्जन, और दोस्ती के गहरे रिश्तों को खूबसूरती से दर्शाती है। अभिषेक शर्मा द्वारा इस फिल्म का चुनाव यह दर्शाता है कि आज की युवा पीढ़ी और एथलीट भी फिल्म के उस संदेश से जुड़ाव महसूस करते हैं, जिसमें अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनने और जुनून (पैशन) का पीछा करने की बात कही गई है। आमिर खान की यह फिल्म दशकों बाद भी दर्शकों के बीच एक सांस्कृतिक मिसाल बनी हुई है।
फिल्म '3 इडियट्स' इंजीनियरिंग कॉलेज के तीन दोस्तों रणछोड़दास (रैंचो), राजू और फरहान की कहानी है। जहां राजू और फरहान परिवार के दबाव और डर में जी रहे होते हैं, वहीं रैंचो किताबी ज्ञान के बजाय सीखने और इनोवेशन पर जोर देता है। वह कॉलेज के सख्त और पारंपरिक सोच वाले प्रिंसिपल वायरस को चुनौती देता है। फिल्म शिक्षा प्रणाली की कमियों को उजागर करते हुए संदेश देती है कि सफलता के पीछे भागने के बजाय काबिलियत हासिल करनी चाहिए। रैंचो अपने दोस्तों को उनके डर से लड़ना और अपने जुनून को करियर बनाने के लिए प्रेरित करता है। अंत में, यह साबित होता है कि यदि आप उत्कृष्टता का पीछा करते हैं तो सफलता खुद-ब-खुद आपके पीछे आती है। इसका मंत्र ऑल इज वेल आज भी बेहद लोकप्रिय है।
अगर आप आमिर खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म '3 इडियट्स' देखना चाहते हैं तो वर्तमान में यह फिल्म कई प्रमुख ओटीटी (OTT) प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध है। यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर बेहतरीन क्वालिटी में स्ट्रीम हो रही है। आप इसे प्राइम वीडियो पर भी देख सकते हैं। अगर आपके पास सब्सक्रिप्शन नहीं है तो वहां इसे किराये पर लेने का विकल्प भी मिलता है। गूगल प्ले मूवी और यूट्यूब पर भी ये मौजूद है, जहां आप इसे रेंट कर के देख सकते हैं।
अभिषेक शर्मा की यह पसंद एक बार फिर साबित करती है कि आमिर खान का काम समाज के हर वर्ग, विशेषकर युवाओं को प्रेरित करता रहा है। आमिर हमेशा से ही सामाजिक रूप से प्रासंगिक और प्रभावशाली सिनेमा देने के लिए जाने जाते हैं। वर्कफ्रंट की बात करें तो आमिर खान फिलहाल अपने प्रोडक्शन बैनर के तहत कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे हैं। चर्चा है कि उनके प्रोडक्शन की फिल्म 'एक दिन' साल 2026 में सिनेमाघरों में दस्तक दे सकती है। रिपोर्टों के अनुसार इस फिल्म में साई पल्लवी और जुनैद खान मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। क्रिकेट के मैदान पर चौके-छक्के जड़ने वाले अभिषेक शर्मा जैसे युवाओं का फिल्म के प्रति यह प्रेम आमिर खान की सिनेमाई विरासत की मजबूती को दर्शाता है।
ये भी पढ़ें: पांच एपिसोड वाली धमाकेदार सिरीज की OTT पर बादशाहत, एक मौत ने पलटा पूरा खेल, नंबर 1 पर करने लगी ट्रेंड
संपादक की पसंद