1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. ओटीटी
  4. ऐश्वर्या जैसी दिखने वाली हीरोइन, गंभीर बीमारी ने बिगाड़ दी थी हालत, अब 37 की उम्र में दिखाई 25 वाली मासूमियत

ऐश्वर्या जैसी दिखने वाली हीरोइन, गंभीर बीमारी ने बिगाड़ दी थी हालत, अब 37 की उम्र में दिखाई 25 वाली मासूमियत

 Written By: Priya Shukla
 Published : Jul 19, 2025 04:26 pm IST,  Updated : Jul 19, 2025 04:26 pm IST

बॉलीवुड में इस हसीना ने 2005 में डेब्यू किया था और विश्व सुंदरी ऐश्वर्या राय से अपने मिलते-जुलते लुक्स को लेकर खूब सुर्खियां बटोरी थीं। इस एक्ट्रेस ने बॉलीवुड के साथ-साथ साउथ सिनेमा में भी नाम कमाया और अब अपने लेटेस्ट लुक को लेकर सुर्खियां बटोर रही हैं।

Sneha Ullal- India TV Hindi
स्नेहा उल्लाल। Image Source : INSTAGRAM/@SNEHAULLAL

ऐश्वर्या राय बच्चन ने 1997 में 'इरुवर' से फिल्मी दुनिया में कदम रखे और फिर इसी साल 'और प्यार हो गया' से बॉलीवुड डेब्यू किया। ऐश्वर्या बॉलीवुड की उन अभिनेत्रियों में से हैं, जिनकी अदाओं और खूबसूरती पर लाखों लोग मरते हैं। 2005 में भी बॉलीवुड में एक हसीना ने एंट्री की, जिनके लुक्स ऐश्वर्या से इतने मिलते थे कि उन्हें देखते ही कई लोग तो धोखा ही खा गए और कुछ तो उन्हें ऐश्वर्या ही समझ बैठे। इन दिनों ये अभिनेत्री एक बार फिर चर्चा में है। जी हां, हम बात कर रहे हैं 2005 में 'लकीः नो टाइम फॉर लव' से डेब्यू करने वालीं स्नेहा उल्लाल की। जिन्हें देखते ही लोगों ने उन्हें ऐश्वर्या राय की हमशक्ल का टैग दे दिया। इन दिनों स्नेहा फिर चर्चा में हैं, लेकिन अपनी किसी फिल्म को लेकर नहीं बल्कि अपने लेटेस्ट स्टाइलिश अवतार को लेकर।

लेटेस्ट तस्वीरों को लेकर चर्चा में स्नेहा उल्लाल

हाल ही में स्नेहा उल्लाल ने इंस्टाग्राम पर अपनी कुछ तस्वीरें शेयर कीं, जिनमें वह बिलकुल नए और क्यूट अंदाज में नजर आईं। सोशल मीडिया पर जैसे ही स्नेहा की ये तस्वीरें वायरल हुईं, उनकी भी एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई। स्नेहा हाल ही में गोवा वेकेशन पर गई थीं, जिनकी तस्वीरें उन्होंने इंस्टाग्राम पर शेयर कीं। इन तस्वीरों में वह नीली शॉर्ट ड्रेस में पोज देती दिखीं। कहने को तो स्नेहा 37 साल की हो चुकी हैं, लेकिन इन तस्वीरों में वह 25 साल की लड़की जैसी लग रही हैं।

फैंस को याद आई 20 साल पुरानी लकी

स्नेहा की तस्वीरों पर यूजर भी जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं और कई का कहना है कि इन फोटोज को देखकर उन्हें 20 साल पुरानी 'लकीः नो टाइम फॉर लव' वाली स्नेहा याद आ गईं। फोटो पर कमेंट करते हुए एक यूजर ने लिखा- 'गोवा में बार्बी। रियल ब्यूटी।' एक अन्य ने लिखा- 'बहुत ही खूबसूरत और स्टनिंग, वैसे आज कल आप कहां गायब हैं?' कई यूजर स्नेहा से उनके स्क्रीन पर वापसी और नई फिल्मों को लेकर सवाल करते दिखे।

2005 में किया था बॉलीवुड डेब्यू

बता दें, स्नेहा ने 2005 में 'लकीः नो टाइम फॉर लव' से बॉलीवुड डेब्यू किया था। इस फिल्म में सुपरस्टार सलमान खान लीड रोल में थे। जैसे ही ये फिल्म रिलीज हुई और लोगों ने स्नेहा को स्क्रीन पर देखा, कई तो उन्हें ऐश्वर्या समझ बैठे। ऐसे में स्नेहा को ऐश्वर्या राय की हमशक्ल का टैग मिल गया। बॉलीवुड में स्नेहा का करियर कुछ खास नहीं चल सका और उन्होंने साउथ का रुख कर लिया। लेकिन, एक बीमारी के चलते उनके लिए काम कर पाना बेहद मुश्किल हो गया।

2022 से किसी प्रोजेक्ट का ऐलान नहीं किया

स्नेहा ने 2014 में तेलुगु फिल्म Antha Nee Mayalone के बाद फिल्मों से दूरी बना ली, जिसकी वजह थी उनकी बीमारी। उन्होंने खुद इस बीमारी के बारे में जानकारी दी थी और बताया कि उन्हें खून से जुड़ी ऑटो इम्यून बीमारी हो गई थी, जिसके चलते उनका इम्यून सिस्टम पूरी तरह बिगड़ गया और एक समय ऐसा आया जब उनका शरीर बहुत कमजोर हो गया और उनके लिए 30 मिनट खड़े रहना भी मुश्किल हो गया था। लगातार शूटिंग ने उनकी हालत और बिगाड़ दी, जिसके चलते उन्होंने एक्टिंग से ब्रेक ले लिया। स्नेहा ने 2020 में वापसी की और एक वेब सीरीज में नजर आईं। इसके बाद वह 2022 में फिल्म 'लव यू लोकतंत्र' में नजर आईं और फिलहाल उन्होंने अपने किसी अपकमिंग प्रोजेक्ट का ऐलान नहीं किया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। OTT से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन