1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. ओटीटी
  4. आकांक्षा चमोला का एक और बड़ा खुलासा, गौरव खन्ना से तलाक के बाद नहीं करेगीं शादी, बोलीं- अब असेक्शुअल हो गई हूं

आकांक्षा चमोला का एक और बड़ा खुलासा, गौरव खन्ना से तलाक के बाद नहीं करेगीं शादी, बोलीं- अब असेक्शुअल हो गई हूं

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Jul 14, 2026 08:27 am IST,  Updated : Jul 14, 2026 08:27 am IST

गौरव खन्ना की वाइफ आकांक्षा चमोला इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। पहले उन्होंने अपने तलाक को लेकर बात की और फिर उन्होंने अपनी सेक्सुअलिटी पर खुलकर बात की। हाल ही में उन्होंने लॉक अप शो में नया दावा किया है।

akansksha chamola- India TV Hindi
अकांक्षा चमोला। Image Source : STILL FROM LOCKUPP

टीवी एक्ट्रेस आकांक्षा चमोला इन दिनों रियलिटी शो 'लॉक अप' में अपने बयानों को लेकर काफी चर्चा में हैं। शो के प्रीमियर के दौरान उन्होंने एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि वह अपने पति और मशहूर अभिनेता गौरव खन्ना से तलाक लेने जा रही हैं। दोनों की शादी को लगभग एक दशक होने वाला है, लेकिन अब उनके रास्ते अलग हो रहे हैं। इस घोषणा के बाद से ही फैंस और मीडिया में दोनों के रिश्ते को लेकर कई तरह की बातें हो रही हैं। शो के भीतर आकांक्षा लगातार अपनी निजी जिंदगी, अपनी शादीशुदा जिंदगी में आई खटास और अपने निजी विचारों को लेकर खुलकर बात कर रही हैं।

बदलती सेक्शुअलिटी पर आकांक्षा का नजरिया

'लॉक अप' के हालिया एपिसोड में आकांक्षा चमोला ने अपनी सेक्शुअलिटी और अपनी वर्तमान मानसिक स्थिति के बारे में सह-प्रतिभागी वरुण यादव से खुलकर बात की। जब वरुण ने उनसे पूछा कि क्या वह भविष्य में कभी दोबारा शादी करेंगी तो आकांक्षा ने साफ शब्दों में मना कर दिया। उन्होंने कहा कि उनके मन में अब शादी को लेकर एक गहरा डर बैठ गया है। सेक्शुअलिटी के मुद्दे पर बात करते हुए उन्होंने एक नया खुलासा किया कि वह अब पूरी तरह से असेक्सुअल हो चुकी हैं। आकांक्षा का मानना है कि इंसान की सेक्शुअलिटी जीवन के अलग-अलग चरणों के हिसाब से बदलती रहती है। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में जब उनका तलाक हो रहा है तो उन्हें किसी के प्रति भी शारीरिक आकर्षण महसूस नहीं होता न पुरुषों के प्रति और न ही महिलाओं के प्रति।

क्यों नहीं करना चाहतीं बच्चे

आकांक्षा ने शादी के उद्देश्य और बच्चों को लेकर भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने बताया कि उनकी शादी टूटने की एक बड़ी वजह यह भी है कि उनके भीतर कभी मां बनने की इच्छा या मैटरनल इंस्टिंक्ट नहीं जगा। उनका मानना है कि अधिकांश लोग केवल परिवार को आगे बढ़ाने और बच्चे पैदा करने के लिए ही शादी का फैसला करते हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि उनके पति गौरव अपनी जगह बिल्कुल सही हैं, क्योंकि वह बच्चा चाहते थे, लेकिन जब आकांक्षा ने 'बिग बॉस' में हिस्सा लिया, तब उन्हें इस बात का गहराई से अहसास हुआ कि गौरव की यह इच्छा बहुत प्रबल है और वह इसे पूरा करने में असमर्थ हैं। वह गौरव को किसी भी असमंजस या दबाव की स्थिति में नहीं रखना चाहती थीं, इसलिए उन्होंने अलग होने का फैसला किया।

महिलाओं के प्रति आकर्षण 

गौरव खन्ना से शादी से पहले की जिंदगी के बारे में बात करते हुए आकांक्षा ने खुलासा किया कि वह हमेशा से बाईसेक्शुअल रही हैं। उन्हें महिलाएं बहुत पसंद हैं, वह उनकी तरफ आकर्षित होती हैं और महिलाओं के साथ को अपना एक सुरक्षित क्षेत्र मानती हैं। पुरुष प्रधान समाज का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बचपन से ही उन्हें मां और बहनों से जो सुकून मिलता रहा है, उसी वजह से वह हमेशा फेमिनिन एनर्जी की तरफ खिंची चली गईं। समाज की इस धारणा को नकारते हुए कि महिलाएं एक-दूसरे की दोस्त नहीं हो सकतीं या उनमें आपस में ईर्ष्या होती है, आकांक्षा ने कहा कि उनके मन में कभी ऐसी भावनाएं नहीं रहीं और उनके लिए हर महिला बेहद खूबसूरत और प्योर लव की तरह है।

आकांक्षा और गौरव का रिश्ता

आकांक्षा चमोला और गौरव खन्ना की लव स्टोरी टीवी इंडस्ट्री की चर्चित कहानियों में से एक रही है। आकांक्षा ने 'संतोषी मां', 'ये है आशिकी' और 'क्राइम पेट्रोल' जैसे लोकप्रिय शोज में काम किया है। दोनों की मुलाकात एक ऑडिशन के दौरान हुई थी, जहां से उनके बीच प्यार की शुरुआत हुई। कुछ समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद दोनों ने 24 नवंबर 2016 को गौरव के गृहनगर कानपुर में एक भव्य और तीन दिवसीय समारोह में शादी की थी। शादी के करीब 10 साल बाद अब इस जोड़े का अलग होना उनके चाहने वालों के लिए काफी हैरान करने वाला है।

ये भी पढ़ें: गौरव खन्ना से तलाक के बाद दूसरी शादी नहीं करेंगी आकांक्षा चमोला, रहना चाहती हैं अकेले, बताया क्या है फ्यूचर प्लान?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। OTT से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन