‘द रॉयल्स’, ‘मिसमैच्ड’ और ‘कॉल मी बे’ जैसी सीरीज में नजर आ चुके विहान सामत पिछले कुछ दिनों से गहरे दर्द से गुजर रहे हैं। अभिनेता की मां वनिता सामत इस दुनिया में नहीं रहीं। विहान ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी मां के निधन की जानकारी साझा की है और साथ ही साथ अपना दर्द भी बयां किया है। अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर अपनी मां के साथ ढेरों तस्वीरें साझा करते हुए एक भावुक पोस्ट लिखी, जिसमें उन्होंने अपनी मां को याद किया। पोस्ट के जरिए विहान ने ये भी बताया कि उनकी मां का निधन करीब एक महीने से पहले हो गया था और अब भी वह उस दर्द से बाहर नहीं आ पा रहे हैं। उनके पोस्ट साझा करने के बाद अनन्या पांडे, ईशान खट्टर, राधिका मदान सहित फिल्म जगत के कई सितारों ने शोक व्यक्त किया है।
मां के निधन पर छलका विहान का दर्द
विहान सामत ने इंस्टाग्राम पर अपनी मां के साथ ढेरों तस्वीरें शेयर कीं, जिसके साथ कैप्शन में लिखा- “एक महीने से ज्यादा समय बीत चुका है, और मैं अब भी यह बताने के लिए सही शब्द नहीं ढूंढ पा रहा हूं कि मैं आपको कितना याद करता हूं। मेरी परवरिश करने और मुझे इतना कुछ सिखाने के लिए आपका धन्यवाद मां। मैं आज जो कुछ भी हूं, वह इसलिए हूं क्योंकि आपने मेरे लिए अपना सब कुछ कुर्बान कर दिया और अपना सारा प्यार मुझमें समा दिया। मैं बस यही उम्मीद कर सकता हूं कि जिन चीजों के प्रति आपका जुनून था, उनके ज़रिए मैं आपको जिंदा रख सकूं। पेड़-पौधे, डांस, योग, इंस्टाग्राम, खाना, आपकी अनगिनत डायरियां, मेरे बालों की हेल्थ, निवेश की शक्ति, टेलर स्विफ्ट, फैशन और शालीनता, और मेरा स्वास्थ्य।”
विहान सामत ने शेयर कीं मां से जुड़ी यादें
विहान सामत ने अपने पोस्ट में आगे लिखा- “मैं कभी नहीं भूल सकता कि जब कोई मुझे पब्लिक प्लेस पर पहचान लेता था, या जब आप किसी नर्सरी में जाती थीं, या जब कोई आपको विदेश से ढेर सारी चॉकलेट लाकर देता था, तो आप कितनी खुश हो जाती थीं। आप अपनी मोरेलिटी में अडिग थीं और जो आपसे कमजोर थे, उनके प्रति सहानुभूति रखती थीं। यह जानकर खुश रहना मुश्किल है कि आप मुझे जहां भी देखतीं या जो भी करतीं, उसे कितना पसंद करतीं। लोग कहते हैं कि आप हमेशा मुझे देख रही हो, या अभी भी मेरे साथ हो। मैं यही मानना चाहता हूं... उम्मीद है कि आपको आपकी ये तस्वीरें पसंद आएंगी जो मैंने चुनी हैं।”
मां की यादों में खोए विहान सामत
विहान ने अपने लंबे-चौड़े पोस्ट में आगे लिखा - 'कभी-कभी मुझे अब भी समझ नहीं आता कि आपका कमरा खाली कैसे हो सकता है। जिस घर में मैं दशकों तक पला-बढ़ा, वह इतना शांत कैसे हो सकता है। मुझे याद है कि आप मुझे खिलाने के लिए हर संभव कोशिश करती थीं, यहां तक कि अपनी जानलेवा बीमारी में भी। मैं आपकी बहादुरी को कभी नहीं भूलूंगा। अगर मैं जीवन के सबसे कठिन सवालों का सामना आपके जैसी आधी हिम्मत से भी कर पाऊं, तो मैं खुद को भाग्यशाली समझूंगा। आप मेरी देखी हुई सबसे मजबूत महिला हैं और दुनिया को यह जानना चाहिए। अलविदा मेरी सबसे अच्छी दोस्त, मेरी सबसे बड़ी आलोचक, मेरी मार्गदर्शक। मैं हमेशा वनिता सामत का बेटा रहूंगा, पहले और फिर विहान। आई लव यू।'
अनन्या पांडे, ईशान खट्टर, राधिका मदान ने जाहिर किया दुख
विहान सामत के पोस्ट पर अनन्या पांडे, ईशान खट्टर से लेकर राधिका मदान तक ने प्रतिक्रिया दी है और प्यार और समर्थन जताया। राधिका ने लिखा, “मैं हर दिन आपमें उनकी झलक देखती हूं… आपकी दयालुता में, आपकी ताकत में, आपके दिल में। उन्हें अपने पाले-पोसे बेटे पर बहुत गर्व होता।” अनन्या ने एक पंख वाला इमोजी साझा करते हुए अपनी संवेदना व्यक्त की। वहीं ईशान ने लिखा, “मेरे भाई, सिर्फ प्यार। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।” हर्षवर्धन कपूर ने लिखा, “आपके इस दुखद क्षण के लिए मुझे बहुत दुख है।”