2025 में कई शानदार फिल्में रिलीज हुईं, जिनमें से एक थी 'सैयारा'। मोहित सूरी के निर्देशन में बनी इस रोमांटिक-ड्रामा के साथ अहान पांडे ने बॉलीवुड डेब्यू किया, जो चंकी पांडे के भतीजे और अनन्या पांडे के कजिन हैं। उनके साथ इस फिल्म में अनीत पड्डा लीड रोल में नजर आई थीं। वर्ड ऑफ माउथ के चलते इस फिल्म ने देखते ही देखते बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा दी और सबको चौंका दिया। जुलाई 2025 में ये फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और जब लग रहा था कि कोई और फिल्म 'सैयारा' की आंधी में टिक भी नहीं पाएगी, तभी एक ऐसी फिल्म रिलीज हुई जिसने पहले ही दिन अपने बजट का आधा वसूल कर लिया। हम बात कर रहे हैं होम्बले फिल्म्स की एनिमेटेड फिल्म 'महावतार नरसिम्हा' की, जो 'सैयारा' के ठीक 1 हफ्ते बाद सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।
भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली एनिमेटेड फिल्म
महावतार नरसिंहा एक एनिमेटेड महाकाव्य ऐतिहासिक पौराणिक एक्शन फिल्म है। इस फिल्म का निर्देशन अश्विन कुमार ने किया है, जो उनकी बतौर डायरेक्टर डेब्यू भी है। जयपर्णा दास द्वारा लिखित है, क्लीं प्रोडक्शंस द्वारा निर्मित है और होम्बाले फ़िल्म्स द्वारा प्रस्तुत ये फिल्म 25 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और बॉक्स ऑफिस पर इसने दुनियाभर में 300 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन करके सबको चौंका दिया था। इसी के साथ ये फिल्म भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली एनिमेटेड फिल्म भी बन गई।
क्या है 'महावतार नरसिम्हा' की कहानी?
महावतार नरसिम्हा, होम्बले फिल्म्स द्वारा निर्मित एनिमेटेड पौराणिक फिल्म है, जो भगवान विष्णु के सबसे बड़े और प्यारे भक्त प्रहलाद और स्वयं विष्णु भगवान के दसवें अवतार की कहानी बताती है। फिल्म राक्षस हिरण्यकश्यप के अत्याचारों और प्रहलाद की भगवान विष्णु पर अटूट भक्ति को दिखाती है और अंत में भगवान विष्णु के नरसिम्हा अवतार द्वारा हिरण्यकश्यप के वध की कथा दिखाती है। फिल्म की कहानी महर्षि कश्यप और दिति से होती है, जिनके पुत्र हिरण्याक्ष और हिरण्यकश्यप बनते हैं। हिरण्याक्ष का वध भगवान विष्णु के वराह अवतार द्वारा होता है और हिरण्यकश्यप का वध नरसिंह अवतार द्वारा।
आईएमडीबी रेटिंग और ओटीटी प्लेटफॉर्म
इस फिल्म को रिलीज के बाद दर्शकों को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। आईएमडीबी पर भी इसे 8.5 रेटिंग मिली है। सिनेमाघरों में रनटाइम पूरा करने के बाद इसे मेकर्स ने ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम किया और यहां भी इसे जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। फिल्म लगातार कई दिनों तक ओटीटी पर नंबर वन पर स्ट्रीम करती रही। 'महावतार नरसिम्हा' की जबरदस्त सफलता के बाद अब होम्बले फिल्म्स 'महावतार परशुराम' की तैयारी में जुट गई है, जिसका पहला लुक टीजर जारी किया जा चुका है। इस फिल्म की कहानी भगवान वुष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम के बारे में होगी, जो एक ब्राह्मण योद्धा और त्रेता युग में अन्यायपूर्ण क्षत्रियों के विनाश और धर्म की स्थापना के लिए अवतरित हुए थे।