सिनेमाघरों में इन दिनों आदित्य धर की 'धुरंधरः द रिवेंज' का ही बोलबाला है। इस स्पाई-थ्रिलर ने बॉक्स ऑफिस पर 1800 करोड़ कमाई का आंकड़ा पार करके सबको चौंका दिया है। फिल्म की कमाई की रफ्तार कुछ स्लो हुई है, लेकिन धीरे-धीरे ही सही ये 1900 करोड़ के नजदीक पहुंचती नजर आ रही है। वहीं इसका पहला भाग 'धुरंधर' ओटीटी पर बवाल काटे हुए है। अब तक इस फिल्म की लोकप्रियता दर्शकों के बीच बनी हुई है। इस बीच हम आपको टीवी के एक हिट स्पाई-थ्रिलर शो के बारे में बताते हैं, जिसने आते ही दर्शकों के बीच ऐसी पैठ बनाई कि तमाम शो इसके सामने फीके पड़ गए थे। इस शो में बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर लीड रोल में थे और आईएमडीबी पर इसे 8.1 रेटिंग मिली है।
अनिल कपूर ने दिखाया एक्शन अवतार
हम बात कर रहे हैं अनिल कपूर स्टारर स्पाई-थ्रिलर शो '24' की, जिसमें अनिल कपूर सहित और भी कई बॉलीवुड स्टार नजर आए थे और ये उन दिनों टीवी का सबसे मंहगा शो था। इस शो में बॉलीवुड स्टार्स की बड़ी टोली थी और धुआंधार एक्शन सीन भी थे, जिसने दर्शकों की उत्सुकता काफी बढ़ा दी थी। शो के पहले सीजन को दर्शकों से इतना जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला कि मेकर्स ने इसका दूसरा सीजन भी लाने का फैसला किया और दोनों सीजन ने मिलकर दर्शकों को खूब एंटरटेन किया।
टीवी पर आया हिट एक्शन थ्रिलर
2013 में आए एक्शन-थ्रिलर '24' में अनिल कपूर, जय सिंह राठौर के रूप में लीड रोल में थे और ये उन दिनों टीवी का सबसे महंगा शो था। इसमें अनिल कपूर के अलावा इस शो में टिस्का चोपड़ा, मंदिरा बेदी, नील भूपालम, अनीता राज और आशीष विद्यार्थी जैसे कलाकार भी नजर आए थे। अनिल कपूर स्टारर ये शो 2001 में इसी नाम से आए अमेरिकी टीवी शो का हिंदी रूपांतरण था, जिसके चलते रिलीज से पहले ही ये हर तरफ चर्चा का विषय बन गया था।
क्या थी कहानी?
इस शो की कहानी एटीयू चीफ जय सिंह राठौर के इर्द-गिर्द घूमती है, जिस पर अपने परिवार के साथ-साथ पूरे देश को आतंकी हमले से बचाने की जिम्मेदारी होती है, वो भी एक ऐसे शख्स से जो खुद उसके परिवार का हिस्सा है। जय को शक होता है कि उसका चचेरा भाई और चीफ ऑफ स्टाफ प्राइम मिनिस्टर को नुकसान पहुंचा सकता है, जिसके बाद वो उसके मिशन को नाकाम करने की कोशिश में जुट जाता है। अब ये शो ओटीटी पर भी देखा जा सकता है और वो भी दोनों सीजन। शो के दोनों सीजन ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर देखे जा सकते हैं।
ये भी पढ़ेंः 'खलनायक' ही नहीं, 1999 की बड़ी हिट का भी बनेगा सीक्वल, जेन-जी ने उठाई मांग, सुभाष घई बोले- स्क्रिप्ट तैयार है
साजिद नाडियाडवाला के बेटे को देख सब हैरान, नैन-नक्श और फिजीक देख पूछा- डेब्यू कब कर रहे हैं?