ओटीटी पर सीरीज के अलावा फिल्में देखने का क्रेज भी दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है। हर कोई अब घर बैठे अपना मनोरंजन करना चाहता है। अगर आप भी वीकेंड पर देखने के लिए कोई धांसू सीरीज ढूंढ रहे हैं तो हम आपके लिए बेहतरीन मर्डर मिस्ट्री सीरीज लेकर आए हैं, जिसे देखने के बाद आपकी नींद उड़ जाएगी और कहानी आपके दिलों-दिमाग में जगह बना लेगी। इस सीरीज में पहले एपिसोड से ही सस्पेंस शुरू होता है, जो आखिर तक बरकरार रहता है। 2023 में आई इस सीरीज का दूसरा पार्ट अब 2026 में दस्तक देने वाला है। सीरीज की कहानी एक हत्या से शुरू होती है, जिसका आखिरी एपिसोड आपका दिमाग भन्ना देगा। आईएमडीबी पर भी सीरीज को शानदार रेटिंग मिली है।
2023 की हिट सीरीज का दूसरा सीजन करेगा धमाका
हम 'कोहरा' सीरीज की बात कर रहे हैं। यह एक क्राइम थ्रिलर सीरीज है, जिसे देखने के बाद आपके होश उड़ जाएंगे। 'कोहरा सीजन 1' को सुदीप शर्मा और रणदीप झा ने बनाया है। यह शो पंजाब के एक शहर में एक युवा NRI की मौत की जांच करने वाले दो पंजाबी पुलिस वालों के बारे में है। मर्डर मिस्ट्री को सुलझाने की प्रक्रिया में पुलिस वाले अपनी-अपनी लड़ाइयां भी लड़ रहे हैं। 'कोहरा' नेटफ्लिक्स पर एक रोमांचक दूसरे सीजन के साथ वापस आ रहा है। पहला सीजन लोगों को बहुत पसंद आया और अब मेकर्स कोहरा सीजन 2 लेकर आ रहे हैं। यह हर एक्टर की बैक स्टोरी को दिखाता है। कोहरा सीजन 2 का ट्रेलर बरुण सोबती को दलेरपुरा लाता है, जहां वह मोना सिंह के साथ मिलकर एक गहरे, अंदरूनी रहस्य को सुलझाने वाले हैं। सुदीप शर्मा और फैसल रहमान द्वारा डायरेक्ट की गई यह सीरीज 11 फरवरी से स्ट्रीम होगी।
धांसू मर्डर-मिस्ट्री
'कोहरा' पंजाब में सेट एक नेटफ्लिक्स क्राइम थ्रिलर है। यह सीरीज दो पुलिस अधिकारियों, बलबीर सिंह और अमरपाल गरूंडी की कहानी है, जो एक युवा NRI की शादी से ठीक पहले हुए मर्डर की जांच करते हैं। जैसे-जैसे केस आगे बढ़ता है। छिपे हुए राज, परेशान करने वाले पारिवारिक रिश्ते, ग्रामीण पंजाब में ड्रग्स की लत, जमीन के झगड़े और महिलाओं के प्रति नफरत जैसे सामाजिक मुद्दे सामने आते हैं। इसके पहले भाग में कोई बड़ा स्टार कास्ट नहीं था, लेकिन जबरदस्त कहानी कहने के तरीके ने शो को दिलचस्प बना दिया। इस सीरीज को IMDb पर 7.5 रेटिंग मिली है।
6 एपिसोड की बेहतरीन कहानी
कहानी कुछ इस तरह है कि पीड़ित पॉल (विशाल हांडा) है, जो अपने बचपन के दोस्त लियाम (इवांटी नोवाक) के साथ पंजाब के एक गांव में वीरा (आनंद प्रिया) से शादी करने आया है। यह एक अरेंज्ड मैरिज है और वीरा अपने भविष्य और UK में शानदार जिंदगी के बारे में सोचकर इसके लिए राजी हो जाती है। वीरा का बॉयफ्रेंड साकार (सौरव खुराना) नाखुश है और इस बात को पचा नहीं पा रहा है कि उसकी जिंदगी का प्यार एक अमीर NRI से शादी करके दूसरे देश चली जाएगी। कहानी की शुरुआत खेतों में पॉल की लाश मिलने से होती है। जैसे-जैसे कोहरा के छह दिलचस्प एपिसोड आगे बढ़ते हैं, हमें पॉल की मौत का जवाब मिलता है, जो अरेंज मैरिज के लिए भारत आया था। कहानी अनोखी और असलियत के बहुत करीब थी और सबसे जरूरी बात यह थी कि यह सिर्फ मर्डर मिस्ट्री के बारे में नहीं थी, बल्कि इसमें सभी किरदारों की जिंदगी समेत दूसरी कहानियों को भी छुआ गया था।
ये भी पढ़ें-
KSBKBT 2: जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा मिहिर, सर्जरी से पहले तुलसी का हुआ बुरा हाल
तापसी पन्नू की ASSI का नया गाना 'मन हवा' रिलीज, सच और संकल्प की दिखाती है नई परिभाषा