1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. ओटीटी
  4. बेहिसाब शराब ने तबाह कर दिया करियर, साथियों ने ही मिटाना चाहा नाम, लेकिन फिर उठ खड़ा हुआ ये बेताज बादशाह

बेहिसाब शराब ने तबाह कर दिया करियर, साथियों ने ही मिटाना चाहा नाम, लेकिन फिर उठ खड़ा हुआ ये बेताज बादशाह

 Written By: Shyamoo Pathak
 Published : Jun 22, 2025 11:13 am IST,  Updated : Jun 22, 2025 11:13 am IST

हनी सिंह ने अपने करियर में दर्जनों सुपरहिट गाने दिए हैं। लेकिन कभी शोहरत के पीक पर हनी सिंह को शराब की लत लग गई थी।

honey singh- India TV Hindi
हनी सिंह Image Source : INSTAGRAM

फिल्मों और गानों की रंगीन दुनिया बाहर से जितनी चमकदार लगती है अंदर उतनी ही कड़वी सच्चाइयों से भरी है। यहां तिकड़म भिड़ाकर आगे बढ़ जाना और किसी चमकते सितारे को तबाह कर देना कोई नई बात नहीं है। ऐसे कई कलाकार रहे जिन्होंने अपनी कला से खूब नाम कमाया और शोहरत का फलक चूमा। लेकिन चंद साल में ये शोहरत गायब हो गई और कलाकार नशे में डूबने लगा। एक ऐसी ही कहानी एक सिंगर और रैपर हनी सिंह की भी है। यो यो हनी सिंह के नाम मशहूर सिंगर हिरदेश सिंह एक दौर में संगीत की दुनिया पर राज करने लगे थे। लेकिन फिर शराब और दूसरे नशों की ऐसी लत लगी कि सारा करियर तबाह हो गया। इतना ही नहीं हनी सिंह के साथ ही उनका नाम मिटाने की फिराक में रहने लगे। लेकिन हनी सिंह ने भी हार नहीं मानी और ऐसा कमबैक किया कि संगीत की दुनिया ही हिला दी। अब हनी सिंह की इसी रोलरकोस्टर राइड वाली जिंदगी पर बनी डॉक्यूमेंट्री ने 'YOYO HONEY SINGH: FAMOUS' ने अवॉर्ड जीत लिया है। इस डॉक्यूमेंट्री के डायरेक्टर मोजेज सिंह ने इसकी जानकारी देते हुए एक फोटो शेयर की है। 

बेहिसाब शराब ने बिगाड़ दिया था शोहरत का खेल

हनी सिंह के करियर की शुरुआत साल 2000 में ही शुरू हो गई थी। दिल्ली की गलियों में बड़े हुए हनी सिंह ने यहीं से अपनी स्कूलिंग पूरी की और बीएससी की तैयारी करने लगे। इसके सथ ही उनकी गानों में दिलचस्पी थी तो म्यूजिक भी बनाना शुरू कर दिया। 2000 के दशक में हनी सिंह ने खूब गाने बनाए और लोगों के दिलों में अपनी जगह तलाशी। लेकिन करीब 10 साल के संघर्ष के बाद हनी सिंह की किस्मत चमकी और 2010 में आई फिल्म 'पंजाबन लव रूल्स हर्ट्स' में गाने का मौका मिला। हालांकि ये फिल्म कोई खास कमाल नहीं कर पाई लेकिन हनी सिंह का फिल्मों में डेब्यू करा गई। इसके बाद 2012 में 'मिर्जा' फिल्म में भी गाने दिए लेकिन फिल्म फ्लॉप रही। इससे पहले हनी सिंह के नाम के कुछ कथित गाने युवाओं के बीच पॉपुलर थे जो काफी भद्दे और खराब थे। बाद में हनी सिंह ने इन गानों को खुद का मानना से इंकार कर दिया। साल 2012 में आई फिल्म 'कॉकटेल' में हनी सिंह का गाना सुपरहिट रहा और स्टार बन गए। 

यहीं से शुरू हुआ स्टारडम का दौर

बता दें कि हनी सिंह ने 2011 में अपनी 10 साल पुरानी गर्लफ्रेंड शालिनी तलवार से शादी कर ली। 2012 में हनी सिंह संगीत की दुनिया में छा गए। हनी सिंह का हर गाना सुपरहिट होने लगा और अक्षय कुमार से लेकर शाहरुख खान जैसे स्टार उन्हें अपनी फिल्मों में कास्ट करने लगे। हनी सिंह ने भी कई सुपरस्टार्स की फिल्मों में गाने दिए और अमिताभ बच्चन से लेकर शाहरुख खान और अक्षय कुमार की फिल्मों के गाने हिट कराए। अब शोहरत के पीक पर पहुंचते ही हनी सिंह के दिमाग पर शोहरत का नशा चढ़ने लगा। बेहिसाब शराब से जश्न मनाए जाने लगे और रातों-रात पार्टियां चलने लगीं। देखते ही देखते हनी सिंह शराब की लत का शिकार हो गए। शराब की लत से जूझते हनी सिंह का करियर तबाह होने लगा और सिंगर गायब हो गए। 

अपनों ने ही नाम मिटाने की कोशिश की

हालांकि हनी सिंह की गुमनामी काफी दिनों तक नहीं चल सकी और उन्होंने नशे की लत से उभरकर धमाकेदार वापसी की। हनी सिंह ने बाद में अपने इंटरव्यूज में बताया कि जब उनकी जिंदगी में बुरा वक्त चल रहा था तब भी उनके अपने ही कुछ लोग उनका नाम मिटाने की जुगत में लगे हुए थे। लेकिन हनी सिंह ने कुछ साल बाद फिर से संगीत की दुनिया में वापसी की और छा गए। बीते दिनों अक्षय कुमार की फिल्म हाउसफुल-5 में हनी सिंह ने एक गाना 'लाल परी' गाया है जो सुपरहिट रहा है। अब एक बार फिर हनी सिंह संगीत की दुनिया में लौट आए हैं। हनी सिंह की जिंदगी पर एक डॉक्यूमेंट्री 'YOYO HONEY SINGH: FAMOUS' भी बनी है जिसने हाल ही में अवॉर्ड जीता है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। OTT से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन