कुणाल खेमू की सीरीज 'सिंगल पापा' बीते दिनों नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई है। सीरीज रिलीज होते ही लोगों को काफी पसंद आई है और तारीफें भी मिल रही है। इसी बीच कुणाल खेमू की पत्नी सोहा अली खान ने भी अपने पति की सीरीज की तारीफ की है। शुक्रवार रात को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए सोहा ने नेटफ्लिक्स के इस शो को दिल को छू लेने वाला बताया। जो लोग इस सीरीज़ से परिचित नहीं हैं उनके लिए बता दें कि यह कॉमेडी-ड्रामा सीरीज़ इशिता मोइत्रा और नीरज उधवानी द्वारा बनाई गई है। कुणाल खेमू के अलावा, इसमें मनोज पाहवा, प्राजक्ता कोली, नेहा धूपिया, आयशा रजा मिश्रा और अन्य कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं। इस सीरीज़ को दर्शकों और समीक्षकों दोनों से खूब सराहना मिल रही है।
पत्नी सोहा अली खान को पसंद आई सीरीज
सोहा अली खान ने इंस्टाग्राम पर खुद और कुणाल का एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वे दोनों साथ में 'सिंगल पापा' देख रहे हैं और इसके एक गाने का आनंद ले रहे हैं। उन्होंने पोस्ट को कैप्शन दिया, 'सिंगल पापा को देख रही हूं, वो भी सिंगल नहीं, लेकिन बेहद प्रतिभाशाली पापा के साथ! इसने मेरा दिल खुश कर दिया - कहानी, अभिनय... आप हंसेंगे, आप रोएंगे और फिर आप हंसेंगे - इसमें हर तरह की भावनाएं हैं नेटफ्लिक्स पर अभी देखें।'
फैन्स ने सीरीज पर दी प्रतिक्रिया
सोहा की पोस्ट पर सोशल मीडिया यूजर्स ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए नेटफ्लिक्स के शो 'सिंगल पापा' के बारे में अपने विचार साझा किए। एक यूजर ने लिखा, 'शानदार शो! अमूल के पापा के रोल के लिए कुणाल खेमू सबसे सही चुनाव थे।' एक अन्य यूजर ने लिखा, 'बहुत ही खूबसूरत और दिल को छू लेने वाली फिल्म। देखने लायक है।' राजकुमार राव, दीया मिर्जा और मिथिला पालकर समेत कई सेलेब्रिटीज ने भी पोस्ट को लाइक किया। शेयर किए जाने के बाद से ही इस पोस्ट को 23 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है और 65,400 से ज्यादा लाइक मिल चुके हैं। कुणाल खेमू के शो 'सिंगल पापा' में हाल ही में तलाकशुदा गौरव गहलोत की कहानी दिखाई गई है, जो पिता बनने की ख्वाहिश रखता है। कहानी तब आगे बढ़ती है जब उसे अपनी कार की पिछली सीट पर एक बच्चा मिलता है। यहीं से कहानी मजेदार हो जाती है। सीरीज में मनोज पहवा ने अच्छा किरदार निभाया है।
ये भी पढ़ें- तान्या मित्तल ने नीलम गिरी को कर दिया ब्लॉक? बिग बॉस-19 के घर से निकलते ही टूटी दोस्ती
53 साल की उम्र में दूल्हा बनेगा धुरंधर का ये विलेन? विदेशी गर्लफ्रेंड संग की सगाई