1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. ओटीटी
  4. IIT से लेकर IIMC तक में पढ़ चुके हैं 'पंचायत 4' के एक्टर्स, जानें कितनी पढ़ी लिखी है फुलेरा की टोली

IIT से लेकर IIMC तक में पढ़ चुके हैं 'पंचायत 4' के एक्टर्स, जानें कितनी पढ़ी लिखी है फुलेरा की टोली

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Jun 26, 2025 04:21 pm IST,  Updated : Jun 27, 2025 11:28 am IST

'पंचायत 4' के एक्टर्स घर-घर में मशहूर हैं और लोग इन्हें काफी प्यार करते हैं। शो में कम-पढ़े लिखे दिखाए गए ये किरदार रियल लाइफ में काफी पढ़े लिखे हैं। अब फुलेरा गाव के लोगों ने कितनी पढ़ाई की है जनाने के लिए पढ़ें पूरी खबर।

Panchayat 4- India TV Hindi
पंचायत की कास्ट। Image Source : INSTAGRAM

वेब सीरीज ‘पंचायत’ ने अपनी सादगी और शानदार अभिनय से दर्शकों के दिल में खास जगह बना ली है। इस सीरीज को लोग काफी पसंद करते हैं। सीरीज में कई दमदार अभिनेता नजर आए, जिन्हें अब लोगों का बेहिसाब प्यार मिल रहा है। शो में में नजर आने वाले एक्टर्स भले ही शो में कम पढ़े लिखे नजर आते हों, लेकिन रियल लाइफ में ये काफी पढ़े लिखे हैं। इन्होंने देश के नामी कॉलेजों से पढ़ाई की है। इस सीरीज के कलाकार न सिर्फ अभिनय में माहिर हैं, बल्कि उनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि भी बेहद प्रभावशाली रही है? आइए जानते हैं ‘पंचायत’ के प्रमुख कलाकारों के एजुकेशनल बैकग्राउंड के बारे में।

जितेंद्र कुमार 

‘पंचायत’ में सचिव जी यानी अभिषेक त्रिपाठी का किरदार निभाने वाले जितेंद्र कुमार ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) खड़गपुर से सिविल इंजीनियरिंग में डिग्री हासिल की है, जहां एडमिशन हासिल करना जरा भी आसान नहीं है। कड़ी मेहनत के बाद यहां एडमिशन मिल पाता है। कॉलेज के दिनों में वे ड्रामा क्लब में बेहद सक्रिय थे और वहीं से उन्हें अभिनय का शौक लगा। यही जुनून उन्हें कॉर्पोरेट करियर छोड़कर अभिनय की दुनिया में ले आया। फिलहाल अभिनय में आते ही उन्हें सफलता नहीं मिली, कुछ वक्त तक उन्होंने एक्टिंग के साथ बच्चों को ट्यूशन भी दिए।

रघुबीर यादव

प्रधान जी यानी बृज भूषण दुबे का यादगार किरदार निभाने वाले रघुबीर यादव भी कम पढ़े लिखे नहीं है। सालों से लोगों का मनोरंज कर रहे रघुबीर यादव ने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD), नई दिल्ली से अभिनय की औपचारिक शिक्षा ली है। वे थिएटर, टेलीविजन और फिल्मों के अनुभवी कलाकार हैं और दशकों से अपने दमदार अभिनय से दर्शकों को प्रभावित करते आ रहे हैं। 

नीना गुप्ता

फुलेरा की मुखिया मंजू देवी की भूमिका में नजर आने वाली नीना गुप्ता ने बतौर खूबसूरत बाला बॉलीवुड में आई थीं। एक्ट्रेस ने फिल्मों में आने से पहले काफी पढ़ाई की है। उन्होंने संस्कृत में मास्टर्स डिग्री प्राप्त की है और उन्होंने भी NSD से थिएटर की शिक्षा ली है। अनुपम खेर और सतीष कौशिक उनके क्लासमेट रहे। मुख्यधारा और समानांतर सिनेमा दोनों में उनका लंबा और विविधतापूर्ण करियर रहा है। उनकी बहुआयामी प्रतिभा इस सीरीज में भी बखूबी झलकती है।

चंदन रॉय

‘पंचायत’ में विकास के हास्यभरे और सच्चे किरदार से लोकप्रिय हुए चंदन रॉय ने भले ही ग्रामीण शख्स का किरदार निभाया हो, लेकिन उन्होंने फिल्मों में आने से पहले काफी पढ़ाई की। उनका सफर फिल्मों में आने से पहले पत्रकारिता की दहलीज पर पहुंचा था। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से मास कम्युनिकेशन में डिग्री हासिल की है। अभिनय से पहले उन्होंने थिएटर में लंबे समय तक सक्रिय रूप से काम किया, जिसने उन्हें अभिनय की गहराइयों को समझने का अनुभव दिया।

फैसल मलिक

वेब सीरीज ‘पंचायत’ में प्रह्लाद चा का सादगीभरा लेकिन भावुक किरदार निभाने वाले फैसल मलिक असल जिंदगी में भी बेहद सहज व्यक्तित्व के धनी हैं। फैसल ने बी.कॉम की डिग्री हासिल की थी, लेकिन पढ़ाई के दौरान ही उन्हें अभिनय में गहरी रुचि महसूस हुई। अपने इसी जुनून को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने मुंबई का रुख किया, जहां से उनके अभिनय करियर की शुरुआत हुई।

सुनीता रजवार

वेब सीरीज ‘पंचायत’ में क्रांति देवी का दमदार किरदार निभाने वाली सुनीता राजवर एक प्रशिक्षित और अनुभवी अभिनेत्री हैं। उन्होंने साल 1997 में नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) से स्नातक की पढ़ाई पूरी की थी। अभिनय के प्रति उनका समर्पण थिएटर से शुरू हुआ और उन्होंने टेलीविजन, फिल्मों और वेब सीरीज़ में अपनी पहचान बनाई। पंचायत में क्रांति देवी के रूप में उनकी मौजूदगी ने दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी है।

दुर्गेश कुमार

‘पंचायत’ में बनराकस का दिलचस्प किरदार निभाने वाले दुर्गेश कुमार न सिर्फ बेहतरीन अभिनेता हैं, बल्कि शैक्षिक रूप से भी काफी योग्य हैं। उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) से पोस्टग्रेजुएट डिप्लोमा प्राप्त किया। इसके अलावा दुर्गेश के पास श्री राम सेंटर फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स से अभिनय में प्रशिक्षण का प्रमाणपत्र भी है। उनकी अभिनय क्षमता और मजबूत थिएटर पृष्ठभूमि ने उन्हें पंचायत जैसे लोकप्रिय शो में एक यादगार किरदार निभाने का मौका दिलाया।

अशोक पाठक

‘पंचायत’ में सीधे-सादे और मासूम अंदाज में नजर आने वाले विनोद का किरदार निभाने वाले अभिनेता असल जिंदगी में अच्छी शैक्षणिक पृष्ठभूमि रखते हैं। उन्होंने कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी से मास्टर्स डिग्री हासिल की है। पढ़ाई के साथ-साथ उनका रुझान अभिनय की ओर भी रहा, जिसकी बदौलत उन्होंने पंचायत जैसे लोकप्रिय शो में अपनी अलग पहचान बनाई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। OTT से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन