1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. ओटीटी
  4. फिर रंग जमाएगी सचिव और प्रधान जी की जुगलबंदी, इस तारीख को रिलीज हो रहा पंचायत का अगला सीजन, जानें क्या है नया

फिर रंग जमाएगी सचिव और प्रधान जी की जुगलबंदी, इस तारीख को रिलीज हो रहा पंचायत का अगला सीजन, जानें क्या है नया

 Written By: Shyamoo Pathak
 Published : Apr 03, 2025 05:48 pm IST,  Updated : Apr 03, 2025 05:48 pm IST

प्राइम वीडियो की सुपरहिट सीरीज पंचायत का अगला सीजन जल्द ही रिलीज होने वाला है। मेकर्स ने इसकी घोषणा कर दी है। गुरुवार को एक पोस्ट के जरिए बताया कि पंचायत का सीजन 4 इस तारीख को रिलीज हो रहा है।

panchayat- India TV Hindi
पंचायत सीजन -4 Image Source : INSTAGRAM

अगर आप भी प्राइम वीडियो की सीरीज पंचायत के फैन हैं तो आपके लिए एक बड़ी खुशखबरी है। पंचायत के पहले सीजन को रिलीज हुए पांच साल हो गए हैं। इस मौके पर मेकर्स ने पंचायत के अगले सीजन की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है। 2020 में शुरू हुई फैंस की पसंदीदा सीरीज ने आज अपने पांच साल पूरे कर लिए हैं। प्राइम वीडियो ने इंस्टाग्राम पर एक मजेदार वीडियो शेयर किया है। वीडियो में भूषण बिनोद से कहते हैं कि बिनोद कि सचिव जी ने पांच साल में कुछ नहीं किया। जिसके बाद सचिव जी सभी से पूछते हैं, 'आपने पांच साल में क्या किया?' कास्ट कहती है, 'हमें लगा कि आप लोग खुश होंगे क्योंकि हम इस साल पंचायत का नया सीजन लेकर आ रहे हैं।' बाद में अनाउंसमेंट वीडियो से पता चलता है कि पंचायत सीजन 4, 2 जुलाई 2025 को रिलीज होगा।

अब तक तीन सीजन रिलीज हो चुके हैं

पंचायत के अब तक तीन सीजन आ चुके हैं और तीनों ही सीजन दर्शकों को खूब पसंद आए हैं। इन तीनों सीजन में सीरीज की कहानी को आगे बढ़ाया गया है। वहीं सीरीज के किरदार भी वही रहे हैं। पंचायत का सीजन 3 पिछले साल 28 मई को रिलीज हुआ था। पंचायत सीजन 3 का जादू इस साल आयोजित हुए आईफा में भी देखने को मिला, जहां सीरीज ने बेस्ट एक्टर और डायरेक्टर समेत तीन अवॉर्ड जीते।

फिर दिखेगी पुरानी स्टार कास्ट

सीरीज के पिछले तीन सीजन में जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, फैजल मलिक, चंदन रॉय, संविका, दुर्गेश कुमार, सुनीता राजवार और पंकज झा मुख्य भूमिका में नजर आए हैं। पंचायत सीजन 4 में भी यह पूरी स्टार कास्ट नजर आने वाली है।

फिर दिखेगी सचिव और प्रधान जी की जुगलबंदी

बता दें कि पंचायत में सचिव और प्रधान जी दोनों ही किरदारों को लोगों ने खूब प्यार दिया है। हालांकि सीरीज के सभी किरदारों को फैन्स ने काफी पसंद किया था। सचिव जी का किरदार निभाने वाले एक्टर जितेंद्र सिंह को फिल्म फेयर अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया है। साथ ही सचिव जी और प्रधानजी की स्क्रीन पर जुगलबंदी भी खूब हिट रही है। प्यार तकरार, दोस्ती और विवाद में दोनों के डायलॉग्स भी खूब पॉपुलर रहे थे। अब दोनों की जुगलबंदी फिर से स्क्रीन पर देखने को मिलने वाली है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। OTT से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन