1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. ओटीटी
  4. 8.8 की धमाकेदार IMDb रेटिंग, हंसी संग देगी डर का फुल डोज, थिएटर के बाद OTT पर छाएगी हॉरर-कॉमेडी

8.8 की धमाकेदार IMDb रेटिंग, हंसी संग देगी डर का फुल डोज, थिएटर के बाद OTT पर छाएगी हॉरर-कॉमेडी

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Apr 27, 2026 12:26 pm IST,  Updated : Apr 27, 2026 12:26 pm IST

थिएटर में धमाल मचाने के बाद अब एक हॉरर कॉमेडी फिल्म ओटीटी पर आने के लिए तैयार है। अगर आप हंसी के साथ हॉरर का डोज देखना पसंद करते हैं तो ये फिल्म आपके लिए ही होने वाली है।

Rakasa - India TV Hindi
राकासा। Image Source : IMDB

गर्मियों की छुट्टियों के बीच सिनेमाप्रेमी अक्सर ऐसी फिल्मों की तलाश में रहते हैं जो मनोरंजन के साथ-साथ रोमांच का भी तड़का लगाए। इसी कड़ी में हाल ही में रिलीज हुई एक फैंटेसी हॉरर-कॉमेडी फिल्म ने अपनी अनोखी कहानी और बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों का ध्यान खींचा है। सिनेमाघरों में अपनी चमक बिखेरने के बाद यह फिल्म अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है। अगर आप भी घर बैठे रोमांच और हंसी के इस सफर का आनंद लेना चाहते हैं तो यह खबर आपके लिए ही है। थिएटर में धमाल मचाने के बाद 'राकासा' ओटीटी पर आने के लिए तैयार है। 

रहस्य, रोमांच और एक अनोखी प्रेम कहानी

फिल्म की कहानी 'वीरू' नाम के एक युवक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी पढ़ाई और करियर के लिए अमेरिका चला गया था। सालों बाद वह अपने वतन लौटता है, लेकिन उसका मकसद सिर्फ घर वापसी नहीं, बल्कि अपने बचपन के प्यार को हासिल करना है। हालांकि, जैसे ही वह गांव पहुंचता है, उसके सारे अरमानों पर पानी फिर जाता है क्योंकि उसे पता चलता है कि उसकी प्रेमिका की शादी किसी और से होने वाली है। वीरू हार नहीं मानता और शादी रोकने की हर मुमकिन कोशिश करता है, लेकिन उसकी सारी योजनाएं धरी की धरी रह जाती हैं। हारकर और थक-हारकर वह एक रात एक पुराने किले के पास सो जाता है। इस किले के बारे में इलाके में कई डरावनी कहानियाँ मशहूर हैं। उस रहस्यमयी रात वीरू के साथ क्या घटित होता है और कैसे उसकी जिंदगी में फैंटेसी और हॉरर का मेल होता है, यही इस फिल्म का मुख्य आकर्षण है।

कब और कहां देखें ओटीटी पर?

'राकासा' के डिजिटल प्रीमियर का इंतजार कर रहे फैंस के लिए अच्छी खबर है। 3 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद यह फिल्म अब ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर आने के लिए तैयार है। इंटरनेट पर मौजूद रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म 1 मई 2026 को स्ट्रीम की जा सकती है। दिलचस्प बात यह है कि प्लेटफॉर्म पर फिल्म की लिस्टिंग भी नजर आने लगी है, जिससे मई के पहले हफ्ते में इसके रिलीज होने की संभावना प्रबल हो गई है। यह फिल्म अपनी मूल भाषा तेलुगु के अलावा हिंदी, तमिल, कन्नड़ और मलयालम में भी डब होकर उपलब्ध होगी।

फिल्म की कास्ट और क्रू

फिल्म का निर्देशन मानसा शर्मा ने किया है, जिन्होंने हॉरर और कॉमेडी के बीच एक शानदार संतुलन बिठाया है। मुख्य भूमिका में 'मैड' फेम संगीत शोभन नजर आ रहे हैं, जबकि उनकी प्रेमिका का किरदार नयन सारिका ने निभाया है। फिल्म की सहायक कास्ट भी काफी मजबूत है, जिसमें वेनेला किशोर, ब्रह्माजी, तनिकेला भरणी, गेटअप श्रीनू और आशीष विद्यार्थी जैसे दिग्गज कलाकार शामिल हैं। फिल्म का निर्माण निहारिका कोनिडेला की कंपनी 'पिंक एलीफेंट पिक्चर्स' के बैनर तले किया गया है और संगीत अनदीप देव ने दिया है।

आईएमडीबी रेटिंग और प्रतिक्रिया

सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर काफी सकारात्मक माहौल देखा गया। दर्शकों ने इसे 'समर हिट' करार दिया है। फिल्म की सबसे बड़ी ताकत इसकी पटकथा है, जो डराने के साथ-साथ आपको हंसाने में भी कोई कसर नहीं छोड़ती। इस फिल्म की IMDb रेटिंग भी 8.8 है। अगर आप एक ऐसी फिल्म की तलाश में हैं जो आपको डराए भी और गुदगुदाए भी, तो 'राकासा' आपकी वॉच-लिस्ट में जरूर होनी चाहिए। बस कुछ ही दिनों का इंतजार और है, फिर यह आपके मोबाइल और टीवी स्क्रीन पर होगी।

ये भी पढ़ें: खूबसूरती में स्टारकिड्स को पीछे छोड़ती है लारा दत्ता की हसीन बेटी, अदाओं में है मिस यूनिवर्स से आगे, निहारते रह जाएंगे

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। OTT से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन