ZEE5 ने अपनी नई ओरिजनल फिल्म साली मोहब्बत का दमदार ट्रेलर रिलीज कर दिया है। यह फिल्म कई वजहों से खास है, सबसे बड़ी बात, यह टिस्का चोपड़ा का फीचर-फिल्म निर्देशन का डेब्यू है। कहानी एक टेंशन, रहस्य और गहरी भावनाओं से भरी दुनिया में ले जाती है, जहां सच हमेशा वैसा नहीं होता जैसा दिखाई देता है। फिल्म में राधिका आप्टे, दिव्येंदु शर्मा, अनुराग कश्यप, अंशुमान पुष्कर, शरत सक्सेना, सौरसेनी मैत्रा जैसे मजबूत कलाकार हैं। साथ ही कुशा कपिला का खास कैमियो भी देखने को मिलेगा। जियो स्टूडियोज और मनीष मल्होत्रा के स्टेज5 प्रोडक्शन द्वारा बनाई गई यह फिल्म IFFI और शिकागो साउथ एशियन फिल्म फेस्टिवल में तारीफ बटोर चुकी है। फिल्म का प्रीमियर 12 दिसंबर को ZEE5 पर होगा।
कैसी होने वाली है कहानी?
कहानी फुरसतगढ़ नाम के शांत शहर में रहने वाली स्मिता (राधिका आप्टे) की जिंदगी के इर्द-गिर्द घूमती है। वह अपने हरे-भरे बगीचे, रुटीन और पति के साथ बेहद शांत, सीमित और लगभग छिपी हुई जिंदगी जीती है। उसकी दुनिया छोटी है, सुरक्षित है और अंदाज़ा लगाया जा सकता है। लेकिन अचानक एक दोहरे हत्या-कांड के बाद उसकी यह शांत दुनिया पूरी तरह हिल जाती है। यह घटना शहर की नींव तक को हिला देती है और स्मिता कई रहस्यों और शक के घेरे में फंस जाती है। जांच आगे बढ़ती है तो साफ झलकने लगता है कि इस केस में किसी की भी नीयत साफ नहीं है। तनाव, छिपे हुए रिश्ते और पुराने मकसद सामने आने लगते हैं। स्मिता को अपने सुरक्षित दायरे से निकलकर न सिर्फ शहर में फैलते अराजकता का सामना करना है, बल्कि अपनी मानसिक स्थिरता को भी बचाए रखना है। असली सवाल यह है, क्या स्मिता केवल एक दर्शक है, या सच में वह कुछ बड़ा और पहला छुपा रही है?
क्या है कलाकारों का कहना?
राधिका आप्टे का कहना है, 'इस किरदार की शांति के पीछे का डर और ताकत दोनों बेहद दिलचस्प हैं। टिस्का ने बेहद सूक्ष्म गाइडेंस दिया, जिसने स्मिता के अंदर की कमजोरी और छिपी हुई शक्ति के बीच सही संतुलन खोजने में मेरी मदद की। ऐसे किरदार कम ही मिलते हैं।' दिव्येंदु शर्मा ने फिल्म के माहौल की तारीफ करते हुए कहा, 'ट्रेलर की खासियत यह है कि यह आपको एक रहस्यमयी तनाव में डूबो देता है, बिना कहानी का ज्यादा खुलासा किए। टिस्का एक ऐसा वातावरण बनाती हैं जिसमें खामोशियां बहुत कुछ कह जाती हैं। इस फिल्म पर काम करना एक नया और बेहद गहरा अनुभव था।'
ये भी पढ़ें: कौन है क्रिकेटर Anirudha Srikkanth की दूसरी पत्नी? बिग बॉस से मिला फेम, प्यार भरी वेडिंग Photos हुईं वायरल