1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. टीवी
  4. डर के साए में बीत रहे दीपिका कक्कड़ के दिन, कैंसर के बाद दोबारा हुआ 1.3 सेंटीमीटर का सिस्ट, एक्ट्रेस ने बयां किया दर्द

डर के साए में बीत रहे दीपिका कक्कड़ के दिन, कैंसर के बाद दोबारा हुआ 1.3 सेंटीमीटर का सिस्ट, एक्ट्रेस ने बयां किया दर्द

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Apr 03, 2026 05:52 pm IST,  Updated : Apr 03, 2026 05:52 pm IST

टीवी एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ इन दिनों कैंसर के बाद हुए सिस्ट के दर्द से जूझ रही हैं। उन्होंने हाल में ही अपने व्लॉग में अपने दर्द को बयां किया है। उन्होंने ये भी बताया कि ये दौर उनके लिए काफी मुश्किल है।

dipika kakar- India TV Hindi
दीपिका कक्कड़। Image Source : DIPIKA KAKAR YOUTUBE

लोकप्रिय टेलीविजन अभिनेत्री और 'ससुराल सिमर का' फेम दीपिका कक्कड़ इन दिनों अपनी सेहत को लेकर एक कठिन दौर से गुजर रही हैं। पिछले कुछ महीनों से लीवर कैंसर स्टेज 2 जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहीं दीपिका ने हाल ही में अपने यूट्यूब व्लॉग के जरिए प्रशंसकों के साथ एक भावुक अपडेट साझा किया है। जून 2025 में ट्यूमर रिमूवल सर्जरी और उसके बाद चले लंबे इलाज के बाद, अब एक नई स्वास्थ्य संबंधी रुकावट ने उन्हें मानसिक रूप से थोड़ा परेशान कर दिया है।

स्वास्थ्य में दोबारा गिरावट

दीपिका ने अपने नए वीडियो में खुलासा किया कि कैंसर के इलाज के कुछ महीनों बाद उन्हें री-अकरेंस का सामना करना पड़ा है। उनके शरीर में 1.3 सेंटीमीटर का एक छोटा सिस्ट दोबारा पाया गया है, जिसने उन्हें अंदर से झकझोर दिया है। सर्जरी के बाद दीपिका ने ईमानदारी से स्वीकार किया कि इस खबर ने उन्हें डरा दिया है। उन्होंने कहा, 'ईमानदारी से कहूं तो इस दोबारा हुई समस्या और सिस्ट की खबर ने मुझे हिला दिया है। मैं थोड़ी घबरा गई हूं कि आखिर ऐसा क्यों हुआ और आगे मेरे लिए क्या चुनौतियां आने वाली हैं।' उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से वह इसी सोच में डूबी थीं, जिसके कारण वह अपना व्लॉग भी पूरा नहीं कर पा रही थीं।

चुनौतियों पर दीपिका ने किया विचार

इस कठिन समय में दीपिका ने महिला शरीर की जटिलताओं और महिलाओं की आंतरिक शक्ति पर गहरा मंथन किया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का शरीर बेहद जटिल होता है और वे जितना खुद को समझती हैं, उससे कहीं ज्यादा मजबूत होती हैं। दीपिका के अनुसार महिलाएं हर महीने होने वाले मेंस्टोरल साइकिल, हार्मोनल बदलाव, मूड स्विंग्स और बीमारियों के बावजूद अपने रोजाना के जीवन को इतनी सुचारू रूप से चलाती हैं कि वह वाकई काबिल-ए-तारीफ है। उन्होंने दुनिया भर की महिलाओं के जज्बे को सलाम करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी खुद को संभालना महिलाओं की सबसे बड़ी ताकत है।

जीवनशैली में बदलाव

बीमारी ने दीपिका की जीवनशैली और सोचने के तरीके को पूरी तरह बदल दिया है। उन्होंने साझा किया कि अब थकान होने पर वह तुरंत आराम करती हैं और अपने शरीर की जरूरतों को प्राथमिकता देती हैं। उन्होंने कहा, 'हमें मजबूत और सकारात्मक रहना होगा, लेकिन अपनी दैनिक जिंदगी के साथ आगे के इलाज की चर्चा करना कभी-कभी बहुत भारी हो जाता है।' दीपिका और उनके पति शोएब इब्राहिम लगातार अपने व्लॉग्स के जरिए कीमोथेरेपी के अनुभवों, भावनात्मक उतार-चढ़ाव और रिकवरी की दिशा में उठाए जा रहे कदमों को साझा कर रहे हैं, ताकि उनके प्रशंसक उनसे जुड़े रहें।

करियर और कैसे मिली पहचान

दीपिका कक्कड़ को घर-घर में 'ससुराल सिमर का' की सिमर भारद्वाज के रूप में पहचान मिली थी। इसके अलावा उन्होंने रियलिटी शो 'बिग बॉस' सीजन 12 का खिताब जीतकर अपनी एक मजबूत पहचान बनाई है। वर्तमान में वह अभिनय से दूर अपनी सेहत और परिवार पर ध्यान केंद्रित कर रही हैं। उनके प्रशंसक लगातार उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें: 20 सालों में पूरी तरह बदल गई 'लेजा लेजा रे' से दिल चुराने वाली खूबसूरत हसीना, बॉलीवुड छोड़ चुनी नई राह

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। TV से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन