1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. टीवी
  4. शादी के 10 साल बाद दिव्यांका त्रिपाठी ने दी खुशखबरी, पति विवेक दहिया संग शेयर की स्पेशल तस्वीरें, खुशी से फूले नहीं समा रहे फैंस

शादी के 10 साल बाद दिव्यांका त्रिपाठी ने दी खुशखबरी, पति विवेक दहिया संग शेयर की स्पेशल तस्वीरें, खुशी से फूले नहीं समा रहे फैंस

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Mar 19, 2026 01:49 pm IST,  Updated : Mar 19, 2026 01:49 pm IST

सालों से फैंस को जिस खुशखबरी का इंतजार था, वो आ गई है। फैंस को दिव्यांका त्रिपाठी ने शादी के 10 साल बाद खुशखबरी साझा की है। एक्ट्रेस का पोस्ट आते ही वायरल हो गया है।

divyanka vivek instagram- India TV Hindi
विवेक दहिया और दिव्यांका त्रिपाठी। Image Source : DIVYANKA VIVEK INSTAGRAM

टीवी जगत की मशहूर अभिनेत्री दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया के घर जल्द ही नन्हे मेहमान की किलकारियां गूंजने वाली हैं। शादी के 10 साल बाद इस जोड़े ने अपने प्रशंसकों के साथ बड़ी खुशखबरी साझा की है। दोनों माता-पिता बनने वाले हैं और इसका ऐलान सोशल मीडिया पर कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर खास एक्टिव रहने वाली दिव्यांका ने आधिकारिक तौर पर अपनी प्रेग्नेंसी की पुष्टि करते हुए एक भावुक पोस्ट साझा किया है, जिसने उनके प्रशंसकों और साथी कलाकारों के बीच खुशी की लहर दौड़ा दी है। एक्ट्रेस के पोस्ट पर बधाई भरे मैसेज आ रहे हैं।

दिव्यांका का 10 साल बाद नया सफर

दिव्यांका त्रिपाठी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर एक बेहद खूबसूरत प्रेग्नेंसी फोटोशूट की तस्वीरें साझा करते हुए इस खबर पर मुहर लगाई। उन्होंने अपनी पोस्ट के कैप्शन में लिखा, '10 साल बाद एक नया प्लॉट ट्विस्ट। कुछ यात्राएं जल्दी में पूरी करने के लिए नहीं होतीं, बल्कि साथ मिलकर तैयार होने के लिए होती हैं। जब आपको लगता है कि आपकी कहानी पूरी हो गई है, तभी जीवन उसमें सबसे खूबसूरत अध्याय जोड़ देता है। हम अभी भी इस अहसास को महसूस कर रहे हैं और बिना किसी कारण के मुस्कुरा रहे हैं।' उन्होंने हैशटैग #DivekLoveUpgraded और #10saalBaad के साथ अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।

कैसा रहा 'गुड न्यूज' मिलने का अनुभव?

हाल ही में दिए गए एक साक्षात्कार में दिव्यांका ने अपनी इस निजी यात्रा के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि वह और विवेक काफी समय से परिवार बढ़ाने के बारे में सोच रहे थे। अभिनेत्री ने साझा किया, 'विवेक और मैं इसी समय बच्चा चाहते थे। हमने कोशिश की और जब रिपोर्ट पॉजिटिव आई, तो हमारी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। हम खुद को बेहद भाग्यशाली मानते हैं।' दिव्यांका ने यह भी बताया कि इस खुशखबरी के बारे में सबसे पहले उन्होंने विवेक को बताया और उसके बाद दोनों ने अपने माता-पिता को फोन कर यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता भी इस खबर से फूले नहीं समा रहे हैं।

जून में गूंजेगी किलकारी

गर्भावस्था के सातवें महीने में प्रवेश कर चुकीं दिव्यांका ने बताया कि उनका बच्चा मध्य जून के आसपास इस दुनिया में कदम रखेगा। उन्होंने आश्चर्यजनक रूप से इस खबर को छह महीने तक दुनिया की नजरों से छिपाए रखा। इस गोपनीयता के पीछे का कारण बताते हुए उन्होंने कहा, "हमने तय किया था कि सही समय आने पर ही इसे सार्वजनिक करेंगे। चूंकि मैं इन दिनों घर से बाहर कम ही निकलती हूं, इसलिए इस खबर को गुप्त रखना हमारे लिए आसान रहा।" अभिनेत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि उनके बच्चे का जन्म मुंबई में ही होगा।

कैसे चर्चा में आई प्रेग्नेंसी की खबर?

दिव्यांका ने उस घटना का भी जिक्र किया जिसके बाद उनकी गर्भावस्था को लेकर कयास लगने शुरू हुए थे। उन्होंने बताया कि विवेक दहिया एक सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल हुए थे, जहां लोगों ने उनसे दिव्यांका की अनुपस्थिति के बारे में सवाल किए। जब लोगों ने लंबे समय तक दिव्यांका को किसी इवेंट या सोशल मीडिया पर बाहर नहीं देखा, तो अटकलों का बाजार गर्म हो गया। अंततः जोड़े ने खुद ही इस खूबसूरत खबर को साझा करना बेहतर समझा।

कब हुई थी शादी?

दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया साल 2016 में शादी के बंधन में बंधे थे। 'ये है मोहब्बतें' जैसी लोकप्रिय सीरियल्स के जरिए घर-घर में पहचान बनाने वाली दिव्यांका अब अपने जीवन के सबसे महत्वपूर्ण और सुखद पड़ाव की ओर बढ़ रही हैं। सोशल मीडिया पर सेलेब्स और फैंस लगातार इस पावर कपल को बधाई दे रहे हैं।

ये भी पढ़ें:

'धुरंधर 2' में ISI कनेक्शन वाले आतिफ अहमद में हू-ब-हू अतीक अहमद की झलक, कौन है दमदार रोल में दिखा एक्टर

Dhurandhar 2: कौन हैं बड़े साहब? न इमरान हाशमी, न सलमान, मिल गया वो एक्टर जिसने निभाया अंडरवर्ल्ड डॉन का रोल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। TV से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन