आज के समय में आने वाले सीरियल सालों साल चलते रहते हैं। 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' से लेकर 'अनुपमा' तक, वर्तमान समय में ऐसे कई शो हैं जो दर्शकों के बीच सालों से हैं। लेकिन, क्या आप 80 के दशक के उस सीरियल के बारे में जानते हैं, जिसकी कहानी सिर्फ 13 एपिसोड में ही खत्म हो गई थी। ये सीरियल ऐसे समय में आया था जब दूरदर्शन पर सिर्फ पौराणिक और पारिवारिक धारावाहिकों का जलवा था, ऐसे समय में ये साइंस फिक्शन सीरियल आया था, जिसका नाम था 'इंद्रधनुष'। ये एक ऐसा सीरियल था, जिसे बड़ों से ज्यादा बच्चों ने पसंद किया और इसके हर एपिसोड को बड़े चांव से देखते थे। ये सीरियल 1989 में दूरदर्शन पर प्रसारित हुआ था और अपने समय से काफी अलग और आगे था।
इंद्रधनुष की कहानी एक यंग लड़के श्रीकांत और उसके दोस्तों के इर्द-गिर्द घूमती है। ये लड़के मिलकर एक खास तरह के कम्प्यूटर सिस्टम का आविष्कार करते हैं, जो एक तरह की टाइम मशीन होती है। इस धारावाहिक में टाइम ट्रैवल, रहस्य और रोमांच का तड़का लगाते हुए मेकर्स ने दर्शकों को हैरानी में डाल दिया था। सीरियल में एक रहस्यमयी एलियन को भी दिखाया गया था, जो एंड्रोमेडा गैलेक्सी से आता है। सीरियल का हर एपिसोड रोमांच से भरा था। इस एलियन की एंट्री से श्रीकांत और उसके दोस्त एक अलग ही परिस्थिति में फंस जाते हैं, जिससे कहानी और भी रोमांचक होती जाती है।

खास बात तो ये है कि यही वो सीरियल था, जिसके साथ करण जौहर ने अपना एक्टिंग डेब्यू किया था। जी हां, आज के समय में बॉलीवुड के नंबर वन फिल्म मेकर्स में से एक में गिने जाने वाले करण जौहर ने इस शो में अभिनय किया था। वह शो में श्रीकांत की भूमिका में नजर आए थे। आनंद महेंद्रू के निर्देशन में बने इस सीरियल में करण जौहर के अलावा सागर आर्य, विशाल सिंह और जीतेंद्र राजपाल नजर आए थे और उर्मिला मातोंडकर भी इस शो में दिखाई दी थीं। जब करण जौहर ने अपना एक्टिंग डेब्यू किया, उनकी उम्र 14-15 साल थी। करण जौहर खुद भी बता चुके हैं कि इस सीरियल में काम करना, कैमरे के सामने उनका शुरुआती अनुभव था।
इस सीरियल में काम करने के दौरान न तो करण जौहर कोई बड़े स्टार थे और न ही उर्मिला मातोंडकर। ये सीरियल पॉपुलर तो हुआ, लेकिन 13 एपिसोड में ही सिमट कर रह गया। जी हां, 13 एपिसोड के बाद ही इसे बंद कर दिया गया। इस सीरियल की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आईएमडीबी पर इसे 8.1 रेटिंग मिली है। वहीं सीरियल में नजर आए करण जौहर, उर्मिला मातोंडकर, अक्षय आनंद और आशुतोष गोवारिकर आज के समय में इंडस्ट्री का जाना-माना नाम हैं।
ये भी पढ़ेंः जूनियर एनटीआर पहुंचे अस्पताल, एक झलक के लिए उमड़ी भीड़, फैंस ने तोड़ा एस्केलेटर, पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज
संपादक की पसंद