कॉमेडियन हर्ष गुजराल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने उत्तर प्रदेश में अपराध से जुड़ा एक मजेदार किस्सा सुनाया, जिसे सुन सीएम योगी अपनी हंसी नहीं रोक पाए। मुख्यमंत्री से मंच पर पुरस्कार लेते वक्त हर्ष ने लखनऊ की एक वास्तविक जीवन की घटना सुनाई, जिसे सुन वहां मौजूद दर्शक भी हंस पड़े। कॉमेडियन की पंचलाइन पर योगी आदित्यनाथ भी हंसते नजर आए. अब सोशल मीडिया पर हर्ष गुजराल और सीएम योगी का यह मजेदार वीडियो छाया हुआ है।
हर्ष गुजराल ने CM योगी को सुनाया यूपी क्राइम का किस्सा
अपनी पिछली लखनऊ यात्रा को याद करते हुए, हर्ष गुजराल ने कहा, 'ये वास्तविक जीवन का उदाहरण बता रहा हूं आपको। मैं लखनऊ में शो करने आया था पिछली बार और मैं ऐसा ही टहल रहा था तो मैंने ऐसे ही केले वाले से पूछ लिया। मैंने कहा कि भाई, क्या सीन है क्राइम का?'फिर हर्ष ने केले बेचने वाली की प्रतिक्रिया को याद करते हुए कहा, 'भाई, क्राइम बिल्कुल खत्म है।' यह जानने के लिए कि दुकानदार को इस बारे में कैसे पता चला हर्ष ने उससे पूछा, 'आपको कैसे पता?' इस पर दुकानदार ने जवाब दिया, 'भैया, मैं खुद अपराधी था। अब केले बेच रहा हूं।'
हर्ष गुजराल का किस्सा सुन CM योगी नहीं रोक पाए हंसी
इस पंचलाइन ने दर्शकों को हंसा दिया और वे खुशी से झूम उठे। वहीं योगी आदित्यनाथ की प्रतिक्रिया ने इस पल को और भी मजेदार बना दिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। लोग इसके मजाकिया अंदाज और मुख्यमंत्री की अपराध के खिलाफ सख्त छवि से जुड़े संदर्भ की खूब चर्चा कर रहे हैं। यह घटना 27 अक्टूबर 2026 को लखनऊ में आयोजित 'TOI यूथ आइकन्स समिट एंड अवार्ड्स - UP चैप्टर' के दौरान हुई। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश भर के कई सफल और जाने-माने लोग शामिल हुए, जिनमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे।
हर्ष गुजराल का विवादों से पुराना नाता
हर्ष गुजराल, जो अपने ऑब्जर्वेशनल ह्यूमर, मजेदार पंचलाइनों और दर्शकों के साथ बातचीत के अंदाज के लिए जाने जाते हैं। वे अक्सर अपने कॉमेडी क्लिप्स और टीवी पर अपनी मौजूदगी के कारण चर्चा में रहते हैं। हालांकि, उनके कुछ जोक्स उन्हें विवादों में भी डाल चुके हैं। अक्टूबर 2026 में 'खतरों के खिलाड़ी 15' के फिनाले के दौरान अभिनेता गौरव खन्ना की निजी जिंदगी पर मजाक करने के कारण उन्हें काफी आलोचना का सामना करना पड़ा था। हाल ही में हर्ष और कॉमेडियन मधुर विरली को महाराष्ट्र साइबर सेल ने समन भेजा था। उन पर आरोप था कि उन्होंने अपनी कॉमेडी परफॉरमेंस में अश्लील जोक्स सुनाए थे। इन आरोपों की अभी जांच चल रही है और समन मिलने का मतलब यह नहीं है कि उन्होंने कोई गलत काम किया ही है।
ये भी पढ़ें - 'खतरों के खिलाड़ी 15' में हर्ष गुजराल ने बताया अपना सबसे बड़ा डर, बोले- 'स्टंट का मजाक नहीं बनना चाहिए'