1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. टीवी
  4. हिना खान को 'सरहद पार' से मिली धमकी, एक्ट्रेस ने दिया मुंहतोड़ जवाब- 'मुझे परवाह नहीं'

हिना खान को 'सरहद पार' से मिली धमकी, एक्ट्रेस ने दिया मुंहतोड़ जवाब- 'मुझे परवाह नहीं'

 Written By: Priya Shukla
 Published : May 10, 2025 12:11 pm IST,  Updated : May 10, 2025 12:11 pm IST

हिना खान ने बीते दिन ऑपरेशन सिंदूर को लेकर एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने देश को लेकर अपना समर्थन जाहिर किया। उन्होंने भारत और पाकिस्तान के तनाव पर अपना बयान दिया, जिसके बाद अब उन्होंने बताया कि पाकिस्तान के लोगों से उन्हें धमकियां मिल रही हैं।

Hina Khan- India TV Hindi
हिना खान। Image Source : INSTAGRAM

भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव पर बॉलीवुड और टीवी स्टार्स भी अपनी प्रतिक्रिया देने से पीछे नहीं हट रहे हैं। हाल ही में हिना खान ने भी भारत पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव और ऑपरेशन सिंदूर पर प्रतिक्रिया दी थी। हिना खान ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर किया था, जिसमें उन्होंने शांति बनाए रखने की अपील की और भारतीय सेना का शुक्रिया अदा किया। इस पोस्ट के बाद हिना को उनके पाकिस्तानी फैन अनफॉलो करने लगे और एक्ट्रेस को धमकी भरे मैसेज आने लगे। खुद हिना खान ने एक पोस्ट शेयर करते हुए ये दावा किया और साथ ही मुंहतोड़ जवाब भी दिया।

हिना खान को मिल रही धमकियां

हिना खान ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में बताया कि उन्हें पाकिस्तानी फैंस गालियां-धमकियां दे रहे हैं और उन्हें अनफॉलो कर रहे हैं। हिना ने पोस्ट शेयर करते हुए उन्हें न केवल जमकर लताड़ लगाई, बल्कि कहा कि अगर वह भारतीय नहीं तो कुछ भी नहीं हैं। भारत-पाक तनाव के बीच हिना ने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक पोस्ट शेयर कर पाकिस्तानी फैंस को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें 'अनफॉलो' करने से फर्क नहीं पड़ता है।

हिना खान का पोस्ट

हिना खान ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'मैंने अपनी पूरी जिंदगी सरहद पार के लोगों से भी सिर्फ प्यार ही किया है। ऑपरेशन सिंदूर से पहले और बाद में अपने देश का समर्थन करने को लेकर मुझे आप में से कई लोगों ने गाली दी, कोसा, कई लोगों ने अनफॉलो भी कर दिया। यही नहीं, कई तो मुझे अनफॉलो करने की धमकी भी दे रहे हैं। इस धमकी के साथ गाली-गलौज, अश्लील और अपमानजनक शब्द इस्तेमाल कर रहे हैं, जो केवल नफरत को दिखाता है। आपके ये शब्द मेरी बीमारी, परिवार और मेरे धर्म के लिए भी हैं।'

hina khan
Image Source : INSTAGRAMहिना खान का पोस्ट

मैं आपसे अपने देश के समर्थन की उम्मीद नहीं करती- हिना

हिना ने आगे लिखा- 'मैं आपसे अपने देश का समर्थन करने की उम्मीद नहीं करती। आप अपने देश का समर्थन करते हैं, यह ठीक है, मैं आपसे इस मौके की बारीकियों को समझने की उम्मीद नहीं करती। मैं सिर्फ यही उम्मीद करती हूं कि ऐसे समय में आप कम से कम इंसानियत दिखाएं, जितना मैं आप सभी के प्रति करती आई हूं, वैसा व्यवहार करें। लेकिन मुझे लगता है कि हमारे बीच यही अंतर है। अगर मैं भारतीय नहीं हूं, तो मैं कुछ भी नहीं हूं। मैं हमेशा सबसे पहले भारतीय ही रहूंगी। तो आप लोग मुझे अनफॉलो कर सकते हैं, मुझे इस बात की जरा भी परवाह नहीं है। मैंने आप में से किसी को अपशब्द नहीं कहा, केवल अपने देश का समर्थन किया है।'

मैं अपने देश के साथ खड़ी रहूंगी- हिना खान

हिना का मानना है कि किसी के भी शब्द उसकी विचारधारा को परिभाषित करते हैं, जिसके बारे में उन्होंने आगे लिखा- 'आप जो कहते हैं, वह आपकी विचारधारा को परिभाषित करता है। कठिन समय में आप कैसे काम करते हैं, यह एक इंसान के रूप में आपके व्यक्तित्व की गहराई को दर्शाता है। आप कुछ भी क्यों ना हों, इससे मुझसे कोई लेना-देना नहीं है। मैं अपने देश का समर्थन करूंगी और देश के साथ खड़ी रहूंगी।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। TV से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन