'बिग बॉस 19' शुरू हो चुका है और इस बार शो में कई रोचक और प्रेरक व्यक्तित्वों की एंट्री हुई है। उन्हीं में से एक हैं तान्या मित्तल, जो सिर्फ एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नहीं, बल्कि एक उद्यमी, सौंदर्य प्रतियोगिता विजेता और सामाजिक कार्यकर्ता भी हैं। 500 रुपये से बिज़नेस शुरू करने वाली तान्या मित्तल अब बिग बॉस 19 में चर्चा का केंद्र बनीं हैं। एक्ट्रेस इस साल महाकुंभ के दौरान चर्चा में आई थीं। उनके कई वीडियो वायरल रहे, वो एंबेस्डर के तौर पर महाकुंभ का प्रचार कर रही थीं। महाकुंभ के दौरान हुई भगदड़ को लेकर वो भी वो काफी वोकल रहीं।
बचपन की चुनौतियों से लेकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक
तान्या मित्तल का जन्म 27 सितंबर 2000 को ग्वालियर, मध्य प्रदेश में हुआ था। उनका जन्म कटे होंठ जैसी स्थिति के साथ हुआ, जिसके लिए उन्हें बचपन में कई सर्जरी से गुजरना पड़ा। लेकिन इन चुनौतियों ने उनकी आत्मा को कभी नहीं तोड़ा। महज 19 साल की उम्र में तान्या ने अपने बिजनेस की शुरुआत सिर्फ 500 रुपये से की। उन्होंने हैंडमेड लव नाम की एक ब्रांड खड़ी की, जो शुरुआत में हैंडबैग और एक्सेसरीज बनाती थी। धीरे-धीरे यह ब्रांड सोशल मीडिया पर लोकप्रिय हो गई और आज उनके हजारों ग्राहक और लाखों फॉलोअर्स हैं।
जब भारत का सिर गर्व से ऊंचा किया
तान्या ने 2018 में मिस एशिया टूरिज्म यूनिवर्स का खिताब जीतकर देश का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन किया। उनके आत्मविश्वास, प्रतिभा और संघर्ष ने उन्हें सौंदर्य और व्यक्तित्व दोनों का प्रतीक बना दिया। वह आज एक मोटिवेशनल स्पीकर भी हैं, जो TEDx जैसे मंचों पर अपनी कहानी साझा कर चुकी हैं और लाखों युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा दे रही हैं। इंस्टाग्राम पर 2.5 मिलियन फॉलोअर्स के साथ तान्या एक डिजिटल सेंसेशन हैं, लेकिन उनका काम सिर्फ ऑनलाइन तक सीमित नहीं है। वह गर्ल अप और पिंक लीगल जैसे संगठनों के साथ मिलकर महिला समानता और अधिकारों के लिए काम करती हैं। इसके अलावा, वह ब्लिस फाउंडेशन में एसोसिएट डायरेक्टर के रूप में भी कार्यरत हैं।
दो बच्चों को लिया गोद
तान्या ने ग्वालियर के पास एक गांव को गोद लिया है और दो बच्चों की फॉस्टर मदर भी हैं, जिनकी शिक्षा और देखभाल का खर्च वह खुद उठाती हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तान्या मित्तल हर महीने लगभग 6 लाख रुपये की कमाई करती हैं। उनकी कुल संपत्ति करीब 2 करोड़ रुपये आंकी गई है। उनकी आमदनी का बड़ा हिस्सा ब्रांड प्रमोशन और उनके व्यवसाय से आता है। अब जब तान्या मित्तल बिग बॉस 19 में एंट्री कर चुकी हैं तो दर्शकों को सिर्फ ग्लैमर और एंटरटेनमेंट ही नहीं, बल्कि उनसे जुड़े किस्से भी जानने को मिलेंगे।