1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. टीवी
  4. भाभी की साड़ी और मां के गहने पहन दुल्हन बनी थीं टीना पारेख, आश्रम में रचाई शादी, पांचवे दिन छोड़ना चाहती थीं पति का घर

भाभी की साड़ी और मां के गहने पहन दुल्हन बनी थीं टीना पारेख, आश्रम में रचाई शादी, पांचवे दिन छोड़ना चाहती थीं पति का घर

 Written By: Priya Shukla
 Published : Aug 05, 2026 07:04 am IST,  Updated : Aug 05, 2026 07:05 am IST

'कहानी घर-घर की' फेम टीना पारेख ने हाल ही में एक पोस्ट शेयर करते हुए अपनी शादी से जुड़ी यादें ताजा कीं। टीना ने बताया कि उन्होंने अपनी शादी में कोई ताम-जाम नहीं किया था। उन्होंने अपनी भाभी की पुरानी साड़ी और मां की ज्वेलरी पहनी थी।

tina parakh- India TV Hindi
पति विक्रम हजरा के साथ टीना पारेख। Image Source : INSTAGRAM/@TINAPARAKH

एकता कपूर ने टीवी को कई सुपरहिट शोज दिए हैं। 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' से लेकर 'कसौटी जिंदगी की' तक, एकता कपूर के कई शोज ने दर्शकों का सालों मनोरंजन किया और अब भी एकता के कई शो टीवी पर दर्शकों के बीच हैं और अब तो वह रियेलिटी शोज की दुनिया में भी कदम रख चुकी हैं। इन दिनों एकता कपूर का शो 'लॉकअप 2' काफी चर्चा में है। खैर, जब भी एकता के हिट शोज की बात होती है, उसमें साक्षी तंवर स्टारर 'कहानी घर-घर की' का भी जिक्र जरूर होता है। इस शो ने साक्षी तंवर को घर-घर में पहचान दिलाने के साथ-साथ अन्य स्टार्स को भी मशहूर कर दिया। साक्षी तंवर की ऑनस्क्रीन बेटी का किरदार निभाकर टीना पारेख ने भी अपनी अलग पहचान बना ली, लेकिन इतनी लोकप्रियता के बाद भी टीना पारेख ने सालों पहले टेलीविजन इंडस्ट्री से दूरी बना ली। इस बीच टीना अपनी शादी के एक किस्से को लेकर चर्चा में हैं।

टीना पारेख ने सुनाया शादी से जुड़ा अनसुना किस्सा

टीना पारेख ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया और शादी की 20वीं सालगिरह से जुड़ा प्यारा सा किस्सा फैंस के साथ शेयर किया। टीना पारेख अब 47 साल की हो चुकी हैं और 2008 में उन्होंने टीवी की दुनिया को अलविदा कह दिया। अब हाल ही में टीना पारेख ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने अपनी शादी से जुड़ा अनसुना किस्सा शेयर किया। टीना ने बताया कि उन्होंने अपनी शादी में अपनी भाभी की पुरानी साड़ी पहनी थी और मां-बहन के गहनों में दुल्हन बनी थीं।

टीना पारेख ने उधार ली साड़ी और ज्वेलरी

टीना ने अपने पोस्ट में लिखा- '20 साल पहले, जब मैंने शादीशुदा जिंदगी के इस नए और अनजान सफर पर कदम रखा और पहली बार अपना घर बसाने जा रही थी, तो मुझे एक बात पक्की पता थी मुझे उन सभी महिलाओं का आशीर्वाद चाहिए था जो मेरे दिल के सबसे करीब थीं। इसलिए मैंने तय किया कि मैं उन सभी से मिली चीजों को मिलाकर अपना ब्राइडल लुक तैयार करूंगी! मेरी शादी में मैंने अपनी भाभी की साड़ी पहनी थी। ये उनकी अलमारी से निकाली गई एक सिंपल सी मरून साड़ी थी।'

बहन और दादी की ज्वेलरी पहनी

टीना आगे बताती हैं- 'मैं जब सिर्फ 10 साल की थी, तब मैंने मेरी दादी को बताया था कि मुझे उनकी सोने की चूड़ियां कितनी पसंद हैं और मैंने अपनी शादी में वही चूड़ियां पहनी थीं। जब उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कहा, उससे पहले उन्होंने मेरे पापा को हिदायत दी थी कि वो चूड़ियां मुझे ही दी जाएं, किसी और को नहीं। मैंने बहुत ही कम उम्र में अपने मामा को खो दिया था, लेकिन मेरी मामी और नानी न सारी परंपराएं निभाईं और मेरे लिए चुनरी लेकर आईं। और आखिर में, मेरी शादी के गहने मुझे मेरी मां ने दिए। एक दुल्हन के तौर पर, इन सभी मज़बूत महिलाओं को मैंने अपने दिल में बसा रखा था। तो यह थी मेरी 'कुछ उधार ली हुई, कुछ आशीर्वाद वाली' चीजें।'

आश्रम में लिए थे फेरे

टीना ने अपनी शादी के लिए किसी लग्जरी होटल या डेस्टिनेशन को चुनने की जगह एक आश्रम चुना था। उन्होंने 2007 में मशहूर म्यूजिशियन विक्रम हजरा से बेहद सादगी के साथ श्री श्री रविशंकर के आश्रम में सात फेरे लिए। टीना ने कुछ साल पहले अपने एक इंटरव्यू में खुलासा किया था कि कैसे वह शादी के पांचवे दिन ही अपने पति से तलाक लेकर अपने मायके वापस जाना चाहती थीं, क्योंकि विक्रम के परिवार वाले शुरुआत में इस शादी से खुश नहीं थे। इसके चलते वह मानसिक रूप से काफी परेशान थीं और उन्होंने विक्रम से साफ शब्दों में कह दिया कि वह अपने घर वापस जाना चाहती हैं।

ये भी पढ़ेंः KSBKBT 2 में तुलसी करेगी समायरा का पर्दाफाश, तृप्ति की एक घटिया चाल से बर्बाद होगा शांतिनिकेतन

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। TV से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन