क्या बिग बॉस 9 के विनर और टीवी के मशहूर स्टार प्रिंस नरूला को वाकई गिरफ्तार कर लिया गया है? बीते कुछ घंटों से सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने फैंस से लेकर आम लोगों तक में हलचल मचा दी है। इस वीडियो में प्रिंस नरूला को पुलिस अधिकारी अपने साथ ले जाते हुए दिख रहे हैं, जबकि मीडिया के कैमरे उनके पीछे चलते नजर आते हैं। इसी क्लिप के आधार पर सोशल मीडिया पर यह दावा किया जाने लगा कि प्रिंस को दिल्ली में गिरफ्तार किया गया है। कुछ लोगों ने यह भी कहा कि उन पर एक मस्जिद गिराने से जुड़ी फेक न्यूज फैलाने का आरोप है, जिसके चलते उन्हें पुलिस हिरासत में लिया गया। हालांकि इस पूरे मामले की सच्चाई इससे बिल्कुल अलग निकली। अफवाहों के बीच अब खुद प्रिंस नरूला ने सामने आकर स्थिति साफ कर दी है। वैसे गौर करने वाली बात ये है कि वीडियो वायरल होने से कुछ देर पहले ही प्रिंस नरूला ने एक पोस्ट साझा किया था।
वीडियो वायरल होने से पहले क्या कर रहे थे प्रिंस
प्रिंस नरूला ने सुबह 6-7 बजे के करीब एक पोस्ट साझा किया। इसमें वो स्टूडियो में रिकॉर्डिंग करते नजर आ रहे हैं। रिकॉर्डिंग रूम में कुछ और लोग भी उनके साथ दिख रहे हैं। इसे देखकर जाहिर हो रहा है कि ये वीडियो किसी म्यूजिक रिकॉर्डिंग का है। इसे पोस्ट करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा, 'कुछ नया होने वाला है।' इससे जाहिर हो रहा है कि प्रिंस टीवी और रियलिटी शो में अपनी छाप छोड़ने के बाद अब म्यूजिक इंडस्ट्री में भी एंट्री करने जा रहे हैं। तमाम चर्चाओं के बीच अब ये वीडियो भी वायरल हो गया है और लोग कह रहे हैं कि वो गिरफ्तार नहीं हुए हैं, बल्कि वो अपने काम में व्यस्त चल रहे हैं और वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहे हैं।

प्रिंस नरूला ने दी सफाई
टेलीचक्कर की एक रिपोर्ट के मुताबिक, प्रिंस नरूला की कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। प्रिंस और कथित मस्जिद गिराने के मामले के बीच किसी तरह का कोई संबंध नहीं पाया गया है। वह फिलहाल मुंबई में रहते हैं और किसी भी आधिकारिक रिपोर्ट में उनका नाम इस मामले से नहीं जोड़ा गया है। प्रिंस नरूला ने टेलीचक्कर से बातचीत में साफ शब्दों में कहा, 'मैं गिरफ्तार नहीं हुआ हूं। यह वीडियो एक ब्रांड शूट का हिस्सा था।' उनकी इस सफाई के बाद यह पूरी तरह स्पष्ट हो गया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो भ्रामक है और इसे गलत संदर्भ में फैलाया गया। इस बयान के बाद फैंस ने भी राहत की सांस ली।
कौन हैं प्रिंस नरूला
प्रिंस नरूला टीवी इंडस्ट्री का एक जाना-पहचाना नाम हैं। वह ‘बिग बॉस सीजन 9’ के विजेता रह चुके हैं, जिसे सलमान खान ने होस्ट किया था। इस शो में उन्होंने अपनी मजबूत रणनीति और पर्सनैलिटी से दर्शकों का दिल जीत लिया था। इसके अलावा प्रिंस एमटीवी रोडीज 12 और स्प्लिट्सविला 8 के भी विनर रहे हैं, जिसके बाद उन्हें रियलिटी शोज का “किंग” कहा जाने लगा। बिग बॉस के दौरान ही उनकी मुलाकात एक्ट्रेस युविका चौधरी से हुई थी, जिनसे उन्होंने साल 2018 में शादी की। प्रिंस ने रियलिटी शोज के साथ-साथ कई टीवी सीरियल्स में भी काम किया है। हाल ही में वह एमटीवी रोडीज में गैंग लीडर के रूप में नजर आए थे।
ये भी पढ़ें: 30 साल के करियर में इस सुपरस्टार हीरोइन ने कभी नहीं किया अक्षय कुमार संग काम, अब जमेगी जोड़ी, OMG 3 में हुई एंट्री
पिता बनने के बाद विक्की कौशल को सताने लगी चिंता, कैटरीना कैफ के लाडले विहान ने बदली पापा की जिंदगी