1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. टीवी
  4. कौन हैं नीतीश राजपूत? 2.5 करोड़ की मानहानि झेलने वाले यूट्यूबर, पाकिस्तान में बैन, हो सकती है 'बिग बॉस 20' में एंट्री

कौन हैं नीतीश राजपूत? 2.5 करोड़ की मानहानि झेलने वाले यूट्यूबर, पाकिस्तान में बैन, हो सकती है 'बिग बॉस 20' में एंट्री

 Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Sep 03, 2026 03:40 pm IST,  Updated : Sep 03, 2026 03:56 pm IST

रिसर्च बेस्ड आधारित वीडियो के लिए मशहूर यूट्यूबर नीतीश राजपूत 'बिग बॉस 20' में नजर आ सकते हैं। हाल ही में एसएससी परीक्षा विवाद और मानहानि केस से चर्चा में आए नीतीश की इस नई एंट्री से फैंस में भारी उत्सुकता है।

nitish rajput- India TV Hindi
नितीश राजपूत। Image Source : NITISHRAJPUTE/INSTAGRAM

सोशल मीडिया और यूट्यूब की दुनिया में अपने रिसर्च बेस्ड वीडियो और देश विदेश के मुद्दों पर सटीक विश्लेषण के लिए मशहूर नीतीश राजपूत जल्द ही छोटे पर्दे के सबसे बड़े रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' में नजर आ सकते हैं। इस बात को लेकर मनोरंजन जगत और सोशल मीडिया पर काफी चर्चाएं चल रही हैं। देश के जटिल राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक विषयों पर गहराई से बात करने वाले किसी यूट्यूबर का ऐसे ड्रामा और मनोरंजन से भरे मंच पर आना फैंस के लिए बेहद दिलचस्प माना जा रहा है। बता दें, 'बिग बॉस 20' 6 सितंबर से प्रसारित होने वाला है।

कौन हैं नीतीश राजपूत?

नीतीश राजपूत ने डिजिटल स्पेस में अपनी एक अनूठी और मजबूत पहचान बनाई है। वे अक्सर देश के ज्वलंत मुद्दों, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और आम जनता से जुड़ी समस्याओं पर विस्तृत शोध के साथ वीडियो बनाते हैं। उनका प्रस्तुत करने का तरीका और तथ्यों पर आधारित बातें दर्शकों को काफी पसंद आती हैं। यही वजह है कि उनकी एक बड़ी फैन फॉलोइंग है। अब उनके प्रशंसक यह देखने के लिए बेताब हैं कि जो इंसान स्क्रीन पर केवल गंभीर विषयों पर तथ्यों के साथ बात करता है, वह 'बिग बॉस' के घर के भीतर बनने वाले दबाव, बहसबाजी और रणनीतिक माहौल में खुद को कैसे ढालता है। बता दें, बीते साल 2025 में नीतीश ने दावा किया था कि उन्हें और उनके यूट्यूब चैनल को पाकिस्तान में बैन कर दिया गया है और उसकी वजह बलूचिस्तान पर बनाया गया एक वीडियो है।

हालिया विवादों और कानूनी पचड़ों के कारण रहे सुर्खियों में

नीतीश राजपूत का नाम हाल ही में एक बड़े राष्ट्रीय मुद्दे और कानूनी विवाद को लेकर भी खबरों में रहा था। उन्होंने कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षाओं में अनियमितताओं और परीक्षा कराने वाली एजेंसियों की प्रणाली पर एक विस्तृत वीडियो बनाया था। इस वीडियो ने लाखों अभ्यर्थियों का ध्यान खींचा और देश भर में एक नई बहस छेड़ दी। हालांकि इस वीडियो के सामने आने के बाद मामला काफी बढ़ गया और परीक्षा आयोजित कराने वाली एक प्रमुख एडुकुइटी टेक्नोलॉजीज ने उन पर ढाई करोड़ रुपये का मानहानि का मुकदमा ठोंक दिया। इस कानूनी चुनौती के बावजूद नीतीश अपने बयान और शोध पर पूरी तरह कायम रहे। उनका कहना था कि उनकी पूरी रिपोर्ट सार्वजनिक रूप से उपलब्ध आधिकारिक दस्तावेजों पर आधारित थी। इस पूरे घटनाक्रम ने उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं और आम जनता के बीच और ज्यादा लोकप्रिय बना दिया।

'बिग बॉस 20' के घर में किन दिग्गजों के साथ हो सकता है सामना?

यदि नीतीश राजपूत इस शो का हिस्सा बनते हैं तो उनका सामना मनोरंजन, स्पोर्ट्स और सोशल मीडिया जगत के कई अन्य चर्चित चेहरों से होने की संभावना है। इस सीजन के संभावित प्रतियोगियों में कुशल तंवर (गुल्लू), भोजपुरी स्टार आम्रपाली दुबे, टीवी अभिनेत्री कनिका मान, खुशी दुबे, रैपर शैंटी शर्मा, मॉडल ईशा रिखी, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अरिशफा खान, मशहूर बॉक्सर मैरी कॉम, अभिनेता अमन गांधी, गायक काजी तौकीर, पूर्व अभिनेत्री गीता बसरा और शोविक चक्रवर्ती जैसे नाम शामिल बताए जा रहे हैं। हालांकि शो की आधिकारिक शुरुआत से पहले ही प्रतियोगियों के अंतिम नामों पर मुहर लगेगी।

सलमान खान की मेजबानी और शो के प्रीमियर का समय

'बिग बॉस' के इस मील के पत्थर यानी 20वें सीजन को एक बार फिर बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ही होस्ट करने जा रहे हैं। शो के प्रोमो ने दर्शकों के बीच नए ट्विस्ट और रहस्य को लेकर पहले ही जबरदस्त माहौल बना दिया है। 'बिग बॉस 20' का पहला ग्रैंड एपिसोड 6 सितंबर 2026 को ऑन-एयर होगा। इसे रात 9 बजे ओटीटी प्लेटफॉर्म 'जियोहॉटस्टार' पर और उसके बाद रात 10:30 बजे 'कलर्स टीवी' पर प्रसारित किया जाएगा।

ये भी पढ़ें:  माधुरी दीक्षित के पति डॉ नेने ने बताया क्यों अनुष्का-विराट ने लंदन में चुना ठिकाना, बोले- हर वत्क लोगों की नजरों में रहना मुश्किल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। TV से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन