F-35 Fighter Jet Hit: मध्य-पूर्व एशिया में युद्ध के बीच ईरान की तरफ से बड़ा दावा किया गया है कि उसने अमेरिका के F-35 फाइटर जेट को मार गिराया है। ईरान की तरफ से कहा गया कि F-35 फाइटर जेट ईरान के एयरस्पेस में था तभी उसे हिट किया गया। ईरानी मीडिया की तरफ से इसका वीडियो भी जारी किया गया है। हमले के बाद जेट को मिडिल ईस्ट के एक अमेरिकी एयरबेस पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। अब सवाल है कि अगर ईरान का दुनिया के सबसे आधुनिक और महंगे लड़ाकू विमानों में से एक F-35 को मार गिराने का दावा सच है तो यह US आर्मी के लिए कितना बड़ा झटका है।
F-35 हिट होने की खबरों पर अमेरिका का रिएक्शन
हालांकि, F-35 फाइटर जेट मारे जाने के दावों के बीच अमेरिका का बयान भी सामने आया है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक, F-35 स्टेल्थ फाइटर जेट ईरान के ऊपर एक कॉम्बैट मिशन पर था, तभी उस पर हमला हुआ। हालांकि, विमान सुरक्षित उतार लिया गया और पायलट पूरी तरह सेफ हैं। लेकिन, जंग के इस फेज में F-35 का शिकार होना अमेरिकी वायुसेना के लिए एक बड़ा सामरिक और मनोवैज्ञानिक झटके की तरह है।
F-35 का निशाना बनना बड़ा झटका क्यों?
गौरतलब है कि इस घटना को महज एक विमान के नुकसान के रूप में नहीं देखा जा सकता, इसके तमाम गहरे मायने हैं। इससे अमेरिका का अजेय होने का भ्रम टूटा। F-35 एक आम फाइटर जेट नहीं है। यह करीब 100 मिलियन डॉलर यानी 930 करोड़ भारतीय रुपये से ज्यादा की कीमत वाला 5th जेनरेशन का फाइटर जेट है जो अपनी 'स्टेल्थ' टेक्नोलॉजी के लिए जाना जाता है, जिसे दुश्मन देश के रडार आसानी से पकड़ नहीं पाते। ईरान की तरफ से इसे कामयाबी से ट्रैक करना और फिर हिट करना अमेरिकी टेक्नोलॉजी के अजेय रहने के दावे पर बड़ा सवाल उठाता है।
ईरानी एयर डिफेंस को लेकर खोखले साबित हुए दावे
इस जंग के दौरान अमेरिका-इजरायल लगातार ये दावा कर रहे थे कि ईरानी एयर डिफेंस सिस्टम को पूरी तरह से नेस्तनाबूद कर दिया गया है। लेकिन अब F-35 के हिट होने की खबर यह साबित करती है कि ईरान की वायु रक्षा प्रणाली अभी भी न सिर्फ एक्टिव है, बल्कि वह अमेरिका के सबसे एडवांस जेट्स को शिकार भी बना सकती है।
बढ़ रहा अमेरिका का सैन्य और आर्थिक नुकसान
ब्लूमबर्ग में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान से जंग की शुरुआत से अब तक अमेरिका अपने 16 मिलिट्री एयरक्राफ्ट गंवा चुका है, जिनमें 10 घातक Reaper Drones और 6 दूसरे विमान शामिल हैं। इन हमलों और हादसों में अमेरिका के 13 सैनिक शहीद हो चुके हैं। गल्फ के 7 देशों में तैनात करीब 200 अमेरिकी सैनिक जख्मी हुए हैं।
ईरान का मनोबल बढ़ाएगा F-35 का हिट होना
जान लें कि अमेरिका और इजरायल ने ईरान के विरुद्ध इस बड़े मिलिट्री ऑपरेशन की शुरुआत अपने F-35 फाइटर जेट्स के बेड़े और भारी सैन्य ताकत के दम पर की थी। लेकिन ऐसे में, युद्ध शुरू होने के बाद पहली बार ईरान की तरफ से इतने आधुनिक अमेरिकी विमान यानी F-35 को हिट करने का दावा यह साफ संकेत देता है कि यह जंग अमेरिका के लिए आसान होने वाली नहीं है। यह कामयाबी न सिर्फ ईरान के मनोबल को बढ़ाने में मदद करेगी, बल्कि अमेरिका को अपनी एयर वॉर स्ट्रैटेजी पर दोबारा सोचने के लिए मजबूर कर देगी।
ये भी पढ़ें- ईरान की सरकारी मीडिया ने जारी किया नए सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई का वीडियो, तारीख का पता नहीं