1. Hindi News
  2. Explainers
  3. अभी और सस्ता होगा सोना-चांदी या अब बढ़ेंगे दाम, जानें एक्सपर्ट्स ने क्या-क्या बताया

अभी और सस्ता होगा सोना-चांदी या अब बढ़ेंगे दाम, जानें एक्सपर्ट्स ने क्या-क्या बताया

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Jun 28, 2026 05:55 pm IST,  Updated : Jun 28, 2026 05:55 pm IST

कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव भी सर्राफा बाजार को प्रभावित कर सकता है।

gold price, gold price today, silver price, silver rate today, gold and silver rate outlook- India TV Hindi
सोने और चांदी की कीमतों में अब आगे क्या होगा Image Source : AFP

सोना और चांदी की कीमतों में गिरावट का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा या अब इन कीमती धातु की कीमतों में तेजी आनी शुरू होगी, इस बड़े सवाल पर एक्सपर्ट्स ने कई अहम बातें बताईं। एक्सपर्ट्स का कहना है कि अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और कुछ प्रमुख आर्थिक आंकड़ों के बीच अगले सप्ताह सोने और चांदी की कीमतों पर दबाव बना रह सकता है। एक्सपर्ट्स ने बताया कि फेडरल रिजर्व के नीतिगत फैसले की दिशा के अनुरूप अगले सप्ताह प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के विनिर्माण और सेवा क्षेत्र के पीएमआई, यूरो क्षेत्र के मुद्रास्फीति के आंकड़े तथा अमेरिका के गैर-कृषि रोजगार तथा बेरोजगारी के आंकड़े बाजार की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। 

अमेरिका-ईरान के बीच बढ़े सैन्य तनाव पर रहेगा खास फोकस

इसके साथ ही अमेरिका-ईरान के बीच बातचीत फेल होने और दोनों देशों के बीच बढ़े सैन्य तनाव पर भी निवेशकों की नजर रहेगी। कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव भी सर्राफा बाजार को प्रभावित कर सकता है। जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के प्रणव मेर ने कहा, ''सोने और चांदी की कीमतों में अब भी गिरावट का रुख बना हुआ है और बाजार फिलहाल 'करेक्शन' के दौर से गुजर रहा है।'' 

अंतरराष्ट्रीय बाजार में 10.7 प्रतिशत गिरा चांदी का भाव

अंतरराष्ट्रीय बाजार में पिछले सप्ताह सोना 149.6 डॉलर यानी 3.5 प्रतिशत गिरकर 4,096.3 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ। वहीं, चांदी 7.13 डॉलर यानी 10.7 प्रतिशत टूटकर 59.67 डॉलर प्रति औंस रह गई। MCX पर सप्ताह के दौरान अगस्त की डिलीवरी वाले सोने का वायदा भाव 3,041 रुपये यानी 2.06 प्रतिशत गिरकर 1.44 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। वहीं, सितंबर की डिलीवरी वाली चांदी का वायदा भाव 15,269 रुपये यानी 6.4 प्रतिशत टूटकर 2.23 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया। 

अमेरिकी डॉलर मजबूत होने से भी सोने और चांदी की कीमतों पर बढ़ा दबाव

एलकेपी सिक्योरिटीज के रिसर्च एनालिस्ट (कमोडिटी और करेंसी) जतिन त्रिवेदी ने कहा कि पिछले हफ्ते सोने पर लगातार बिकवाली का दबाव बना रहा और इसकी कीमत 2 प्रतिशत गिर गई। अमेरिकी डॉलर की मजबूती के कारण सोने और चांदी की कीमतों पर दबाव बना रहा और इससे दोनों कीमती धातु की कीमतों में गिरावट का सिलसिला भी जारी रहा।'' उन्होंने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में करीब 10 प्रतिशत की गिरावट से महंगाई संबंधी चिंताएं कम हुईं, जिससे मुद्रास्फीति से बचाव के साधन के रूप में सोने की मांग कमजोर पड़ी। वैश्विक बाजार में सोने का वायदा भाव पिछले सप्ताह 149.6 डॉलर यानी 3.5 प्रतिशत गिरकर 4,096.3 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ। वहीं अमेरिका में चांदी 10.7 प्रतिशत टूटकर 59.67 डॉलर प्रति औंस रह गई।

डोनाल्ड ट्रंप ने यूरोपीय संघ पर 100 प्रतिशत टैरिफ लगाने की दी धमकी

प्रणव मेर ने कहा कि शुक्रवार को अमेरिका के व्यक्तिगत उपभोग व्यय मुद्रास्फीति के आंकड़े अपेक्षा से कम रहने के बाद सस्ते भाव पर खरीदारी से सोने में कुछ सुधार देखने को मिला। इसके अलावा चीन के केंद्रीय बैंक की ओर से सोने की लगातार खरीद, अमेरिका-ईरान तनाव और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा यूरोपीय संघ पर 100 प्रतिशत टैरिफ लगाने की चेतावनी ने भी सोने को कुछ समर्थन दिया।

ये भी पढ़ें-

इस हफ्ते कैसी रहेगी शेयर बाजार की चाल, किन मुद्दों पर रहेगा निवेशकों का फोकस

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Explainers से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।