Fact Check: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक तस्वीर तेजी से शेयर की जा रही है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि बिहार में नई सरकार (भाजपा राज) बनने के बाद नालंदा जिले में दलित समुदाय के घरों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। यूजर्स इस तस्वीर को शेयर करते हुए राजनीतिक और भ्रामक टिप्पणियां कर रहे हैं।
क्या हो रहा है वायरल?
सोशल मीडिया यूजर्स (फेसबुक और एक्स) पर 23 और 24 नवंबर 2025 को एक तस्वीर शेयर की गई, जिसमें कहा गया कि बिहार के नालंदा में हाई कोर्ट के निर्देश पर अतिक्रमण हटाने के नाम पर दलितों के घरों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। पोस्ट में लिखा गया कि "भाजपा राज शुरू होते ही... दलित, पिछड़े अल्पसंख्यक पर जुल्म बढ़ेंगे।"

वायरल पोस्ट के दावे की जांच
सोशल मीडिया पर यह पोस्ट काफी तेजी से वायरल हो रही थी, इसलिए हमने दावे की जांच करने का फैसला किया। वायरल दावे की जांच में पता चला कि यह तस्वीर लगभग तीन साल पुरानी है। यह तस्वीर बिहार के नालंदा की नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के प्रयागराज की है।

पड़ताल में क्या निकला?
India TV की ओर से किए गए फैक्ट चेक में सामने आया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही यह तस्वीर जून 2022 की है, जब प्रयागराज में जुमे की नमाज के बाद हुई हिंसा में शामिल मुख्य आरोपी मोहम्मद जावेद (जावेद पंप) के कथित अवैध घर को प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया था।
आज तक की रिपोर्ट के अनुसार, यह तस्वीर आज तक की वेबसाइट पर 14 जून 2022 को प्रकाशित एक रिपोर्ट में मिली थी। रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया था कि यह प्रयागराज में हुई हिंसा के मास्टरमाइंड जावेद अहमद उर्फ जावेद पंप के मकान को ढहाए जाने की घटना है।
NDTV की रिपोर्ट में भी यह विजुअल मौजूद था। रिपोर्ट में उल्लेख किया गया था कि इस कार्रवाई के बाद मुस्लिम संगठन जमियत उलमा-ए-हिंद ने सर्वोच्च न्यायालय में याचिका दायर कर न्यायिक प्रक्रिया का पालन किए बिना ऐसे ध्वस्तीकरण न करने की मांग की थी।

फर्जी दावे के साथ वायरल हो रही पोस्ट
जांच में 2022 की न्यूज़ रिपोर्ट में लगी तस्वीर और हाल में वायरल हो रही तस्वीर में कोई अंतर नहीं पाया गया। फैक्ट चेक की जांच में यह निष्कर्ष निकलता है कि बिहार के नालंदा में दलितों के घर पर बुलडोजर चलाए जाने का दावा फर्जी है। यूजर्स जानबूझकर एक तीन साल पुरानी और उत्तर प्रदेश के प्रयागराज की घटना की तस्वीर को बिहार की वर्तमान राजनीतिक स्थिति से जोड़कर भ्रामक दावे के साथ शेयर कर रहे हैं।