Fact Check: इन दिनों सोशल मीडिया पर किसी भी बात को गलत दावे के साथ पेश करना बहुत ही आसान है। हालांकि इसका बहुत ज्यादा नुकसान भी होता है और ये खतरनाक है। फेक खबरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो जाती हैं। इन्हीं फेक न्यूज से आपको सावधान करने के लिए हम लेकर आते हैं India TV फैक्ट चेक। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक पोस्ट काफी तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें यह दावा किया जा रहा है कि 'चुनाव जीतने के बाद मैथिली ठाकुर घूमने के लिए लंदन चली गईं।'
क्या हो रहा है वायरल?
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक पोस्ट में यह दावा किया जा रहा है कि 'चुनाव जीतने के बाद मैथिली ठाकुर घूमने के लिए लंदन चली गईं।' सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक पर एक यूजर ने अपनी पोस्ट में यह दावा किया है। इसके साथ ही यूजर ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक वीडियो भी शेयर की है। इस वीडियो में मैथिली ठाकुर को लंदन की सड़कों पर घूमते हुए देखा जा सकता है। यूजर ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा है, "देखिए बिहार का विकास लंदन में हो रहा है अब विकास गया तेल लेने मैडम चली लंदन घूमने"

फैक्ट चेक
चूंकि सोशल मीडिया पर यह पोस्ट काफी तेजी से वायरल हो रही थी, इसलिए हमने दावे की जांच करने का फैसला किया। वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के की-फ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज सर्च की मदद से जांचा। इस दौरान हमें यही वीडियो मैथिली ठाकुर के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 26 सितंबर को पोस्ट किया हुआ मिला। बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे 14 नवंबर 2025 को आए, जिनमें मैथिली ठाकुर ने बिहार की अलीनगर सीट पर जीत हासिल की। वहीं, जो वीडियो उनके लंदन में होने के दावे के साथ शेयर किया जा रहा है, वह 26 सितंबर का है। इससे स्पष्ट होता है कि यह वीडियो चुनाव नतीजों के बाद का नहीं, बल्कि उससे काफी पहले का है।
पड़ताल के अगले क्रम में हमने मैथिली ठाकुर के एक्स अकाउंट को भी खंगाला। यहां उन्होंने 17 नवंबर को बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव विनोद तावड़े के साथ अपनी एक तस्वीर पोस्ट की है, जबकि 20 नवंबर को बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मुलाकात की तस्वीरें शेयर की हैं। इन पोस्ट से साफ होता है कि चुनाव नतीजों के बाद मैथिली ठाकुर बिहार और राजनीतिक गतिविधियों में व्यस्त थीं, न कि लंदन में छुट्टियां मना रही थीं।

फैक्ट चेक में क्या निकला?
India TV की ओर से किए गए फैक्ट चेक में सामने आया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्ट के साथ किया जा रहा दावा गलत है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्ट को मैथिली ठाकुर के चुनाव जीतने के बाद का बताकर वायरल किया जा रहा है, जबकि यह वीडियो चुनाव से पहले की है। ऐसे में इंडिया टीवी के फैक्ट चेक में वायरल हो रहा दावा गलत निकला। सोशल मीडिया पर गलत दावे के साथ इस पोस्ट को वायरल किया जा रहा था, इसलिए लोगों को ऐसी किसी भी पोस्ट से सावधान रहने की सलाह दी जाती है। India TV के फैक्ट चेक में वायरल हो रही इस पोस्ट का दावा झूठा निकला।
यह भी पढ़ें-
Fact Check: क्या चुनाव हारने के बाद तेज प्रताप यादव को ले जाना पड़ा हॉस्पिटल? जानें क्या है सच
Fact Check: क्या जयपुर SIR में टारगेट कर काटे जा रहे लोगों के नाम, वीडियो वायरल; जान लें इसकी सच्चाई