पाकिस्तानी सेना को एक तरफ जहां लगातार भारतीय सेना मुंहतोड़ जवाब दे रही है तो इस स्थिति में वह अपनी आवाम को झूठी तसल्ली देने के लिए लगातार फेक वीडियो का सहारा ले रहे हैं, जिसमें झूठे दावे भी किए जा रहे हैं। भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर के बाद से लगातार पाकिस्तान की बौखलाहट देखने को मिल रही है, जिसमें वह जहां बॉर्डर पर सीजफायर का उल्लंघन कर रही है तो वहीं ड्रोन्स और मिसाइल के जरिए हमला करने का प्रयास भी कर रही है। अभी तक भारतीय सेना की तरफ से इन सभी प्रयासों को पूरी तरह विफल कर दिया गया है। वहीं पाकिस्तान की तरफ से सोशल मीडिया पर भी कई झूठे वीडियो भी पोस्ट किए जा रहे हैं, जिसमें एक वीडियो दिल्ली एयरपोर्ट पर मिसाइल हमले को लेकर भी पोस्ट किया गया है जो पूरी तरह से झूठा है।
दिल्ली एयरपोर्ट पूरी तरह सुरक्षित, नहीं हुआ कोई मिसाइल अटैक
भारतीय सेना लगातार पाकिस्तान के हर हमले का उन्हीं की भाषा में जवाब दे रही है, जिसमें पिछले कुछ दिनों में पाकिस्तान की तरफ से किए गए ड्रोन्स हमले को सरफेस टू एयर मिसाइल के जरिए हवा में ही नष्ट कर दिया जा रहा है। इसी बीच पाकिस्तान की तरफ से एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से पोस्ट किया जा रहा है जिसमें उन्होंने दिल्ली एयरपोर्ट पर मिसाइल हमले की बात कही है जो पूरी तरह से झूठा है। पीआईबी ने अपने फैक्ट चेक में इस वीडियो की सच्चाई का भी खुलासा किया है, जिसमें उन्होंने बताया है कि ये एक पुराना वीडियो है जिसे दिल्ली एयरपोर्ट पर मिसाइल हमले की तौर पर शेयर किया जा रहा है। यह वीडियो अगस्त 2024 में यमन के अदन में एक गैस स्टेशन विस्फोट का है और इसका वर्तमान भारत-पाकिस्तान स्थिति से कोई संबंध नहीं है।
भारत ने पाकिस्तान के 6 एयरबेस को किया नेस्तानाबूत
पाकिस्तान ने एक निंदनीय कृत्य करते हुए श्रीनगर, अवंतीपुर और उधमपुर में वायु सेना के अड्डों पर चिकित्सा केंद्र और स्कूल परिसर को निशाना बनाने की कोशिश की थी जिसका जवाब भारतीय सेना ने काफी शानदार तरीके से देते हुए उनके 6 एयरबेस स्टेशन को तबाह कर दिया। इसमें पाक के रफीकी, चकलाला, रहीमयार खान, मुरीद, सुक्कूर और चुनिया स्थित पाक सैन्य ठिकानों पर प्रहार किए गए।