सोशल मीडिया पर अभिनेता शाहरुख़ खान का एक वीडियो शेयर हो रहा है, जिसमें वे एक जननायक की कथा सुनाते दिख रहे हैं। उस वीडियो में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के विज़ुअल चल रहे हैं। यूजर्स वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि शाहरुख़ खान ने यह बात राहुल गांधी के लिए कही है। पीटीआई फैक्ट चेक की जांच में वायरल दावा फर्जी साबित हुआ। हमारी पड़ताल में सामने आया कि यूजर्स ने वायरल वीडियो के कुछ हिस्सों में वॉइस क्लोनिंग की मदद से नकली आवाज जोड़ दी है। असल वीडियो डिज़्नी की एनिमेटेड फिल्म ‘मुफासा: द लॉयन किंग’ से जुड़ा है, जिसमें शाहरुख़ खान ने अपनी आवाज़ दी थी। वीडियो में शाहरुख़ खान फिल्म के मुख्य किरदार मुफासा की बात कर रहे हैं।
दावा:
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक यूजर ने 24 अगस्त 2025 को वायरल वीडियो को शेयर किया है, जिसमें शाहरुख़ खान एक जननायक की कथा सुनाते दिख रहे हैं। उस वीडियो में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के विज़ुअल चल रहे हैं। वीडियो में शाहरुख खान को कहते हुए सुना जा सकता है,"...एक ऐसे जननायक की, जिसे विरासत की रोशनी नहीं, तन्हाइयों की विरासत मिली. लेकिन उसकी रगों में बहता था उसका जुनून और उसी जुनून से उसने जमीन से उठकर आसमान को छूआ।

जमीन पर तो कई बादशाह हुकूमत करते हैं, पर उसने राज किया सभी के दिलों पर. हालात की आंधियों से उठा...एक सच्चा राजा! काफी मिलती-जुलती है न ये कहानी? पर ये कहानी है राहुल गांधी की." वहीं, एक अन्य यूजर ने फेसबुक पर समान दावे के साथ वायरल वीडियो को शेयर किया है।
पड़ताल:
वायरल वीडियो के एक की-फ्रेम को हमने गूगल रिवर्स इमेज सर्च की मदद से जांचा। इस दौरान हमें 29 नवंबर 2024 का एक फेसबुक पोस्ट मिला, जिसमें वही वीडियो मौजूद था। इसमें शाहरुख़ खान वही कहानी सुना रहे हैं, लेकिन वीडियो में राहुल गांधी नहीं, 'मुफासा: द लॉयन किंग' फिल्म के दृश्य नजर आ रहे हैं। पोस्ट का लिंक और नीचे देखें स्क्रीनशॉट।
पड़ताल को आगे बढ़ाने पर हमें 27 नवंबर 2024 को वॉल्ट डिज़्नी स्टूडियोज़ इंडिया के यूट्यूब चैनल पर मूल वीडियो मिला। इसमें शाहरुख़ खान फिल्म मुफासा के किरदार की कहानी सुना रहे हैं। जबकि वायरल क्लिप में शुरुआत में ‘जननायक’ और अंत में ‘ये कहानी है राहुल गांधी की’ जैसी पंक्तियां वॉइस क्लोनिंग से फर्जी तौर पर जोड़ी गई हैं। वीडियो में मुफासा का बैकग्राउंड म्यूजिक भी साफ सुना जा सकता है। पोस्ट का लिंक और नीचे देखें स्क्रीनशॉट।
बता दें कि हॉलीवुड की एनिमेटेड फिल्म ‘मुफासा: द लायन किंग’ डिज्नी के लोकप्रिय द लायन किंग यूनिवर्स पर आधारित है। इसके हिंदी डब संस्करण में शाहरुख खान ने अपने बेटों आर्यन और अबराम के साथ आवाज़ दी है। फिल्म 20 दिसंबर 2024 को रिलीज़ हुई। इसमें दिखाया गया मुख्य पात्र मुफासा एक शेर है, जो प्राइड लैंड्स का राजा कहलाता है।

हमारी पड़ताल में सामने आया कि यूजर्स ने वायरल वीडियो के कुछ हिस्सों में वॉइस क्लोनिंग की मदद से नकली आवाज जोड़ दी है। असल वीडियो डिज़्नी की एनिमेटेड फिल्म ‘मुफासा: द लॉयन किंग’ से जुड़ा है, जिसमें शाहरुख़ खान ने अपनी आवाज़ दी थी। वीडियो में शाहरुख़ खान फिल्म के मुख्य किरदार मुफासा की बात कर रहे हैं।
(इनपुट-भाषा)