1. Hindi News
  2. फैक्ट चेक
  3. Fact Check: मनोज तिवारी के नाम से रुपये-डॉलर पर झूठा बयान हो रहा वायरल, जानें वायरल खबरों का सच

Fact Check: मनोज तिवारी के नाम से रुपये-डॉलर पर झूठा बयान हो रहा वायरल, जानें वायरल खबरों का सच

 Published : Dec 09, 2025 10:46 am IST,  Updated : Dec 09, 2025 11:09 am IST

कई न्यूज वेबसाइट्स की सोशल मीडिया पर बीजेपी सांसद मनोज तिवारी की तस्वीर के साथ उनका एक बयान तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें रुपया और डॉलर को लेकर उनके बयान को कोट किया गया है।

Manoj Tiwari- India TV Hindi
मनोज तिवारी Image Source : X@MANOJTIWARIMP

Fact Check: सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म में कई तरह के मैसेज वायरल होते हैं। इनमें फोटो, वीडियो और टेक्स्ट मैसेज भी होते हैं। सोशल मीडिया के वॉट्सएप प्लेटफॉर्म में भ्रामक मैसेज की भरमार रहती है। इन्हें एक खास एजेंडा के तहत इन मैसेज को लोगों तक पहुंचाया जाता है। इंडिया टीवी की फैक्ट चेक टीम ऐसे ही वायरल हो रहे मैसेज के सत्यता की जांच करती है।

क्या हो रहा है वायरल?

ताजा मामला उत्तर-पूर्व दिल्ली से बीजेपी सांसद मनोज तिवारी से जुड़ा हुआ है। कई न्यूज वेबसाइट्स की सोशल मीडिया पर मनोज तिवारी की तस्वीर के साथ उनका एक बयान तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें रुपया और डॉलर को लेकर उनके बयान को कोट किया गया है। मनोज तिवारी की तस्वीर के साथ न्यूज वेबसाइट्स की सोशल मीडिया पर जो बयान कोट किया गया है वो इस प्रकार है- 'हमारे देश के लोग अपनी ज़ेब में रुपया लेकर घूमते हैं, रूपये से खरीदारी करते हैं, हमें डॉलर से कोई लेना देना नहीं है। डॉलर महंगा हो या सस्ता हमारे देश के लोगों पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा!'

फैक्ट चेक

चूंकि सोशल मीडिया पर यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रही थी, इसलिए हमने दावे की जांच करने का फैसला किया। वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से खोजबीन की, लेकिन इस दौरान हमें किसी भी विश्वसनीय मीडिया संस्थान की ऐसी रिपोर्ट नहीं मिली, जो इस दावे की पुष्टि करती हो। इसी बीच सोशल मीडिया पर मनोज तिवारी ने एक वीडियो पोस्ट डाला जो इन खबरों को लेकर था। इस वीडियो में मनोज तिवारी जेब में रुपये लेकर घूमने वाले कोट को फर्जी और निराधार बता रहे हैं। 

मनोज तिवारी ने कहा-'फेक न्यूज अगर मीडिया ही चलाने लगे तो यह कितनी चिंता की बात है। कुछ लोगों ने मुझे स्क्रीन शॉट भेजना शुरू करदिया। मेरे हवाले से यह बयान चलाया गया कि हम जेब में रुपया लेकर घूमते हैं। मैं इनके खिलाफ नोटिस भेजने वाला हूं। इससे लोग यही समझेंगे मनोज तिवारी ने ऐसा बोला है। जबकि हमलोग कहते हैं कि भाई जेब में रुपया लेकर मत घूमो। अपना अकाउंट खोलो। मनोज तिवारी ने कहा कि जिन वेबसाइट्स ने भी इसे चलाया है, मैं उनके खिलाफ एक्शन लूंगा। मैं मीडिया के सभी लोगों से यह पूछना चाहता हूं कि इस तरह का फेक न्यूज चलाने से पहले संबंधित व्यक्ति से पूछना नहीं चाहिए?' 

फैक्ट चेक में क्या निकला?

India TV की ओर से किए गए फैक्ट चेक में सामने आया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्ट के साथ किया जा रहा दावा गलत है।सोशल मीडिया पर गलत दावे के साथ इस पोस्ट को वायरल किया जा रहा था, इसलिए लोगों को ऐसी किसी भी पोस्ट से सावधान रहने की सलाह दी जाती है। India TV के फैक्ट चेक में वायरल हो रही इस पोस्ट का दावा झूठा निकला।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। फैक्ट चेक से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।