सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म में कई तरह के फोटो और वीडियो वायरल होते हैं। इनमें से कई फोटो और वीडियो गलत दावों के साथ शेयर किए जाते हैं। इंडिया टीवी की फैक्ट चेक टीम ऐसे ही फोटो और वीडियो के सत्यता की जांच करती है।
क्या हो रहा वायरल?
सोशल मीडिया पर एक्टर प्रकाश राज की तस्वीर को शेयर कर यूजर्स दावा कर रहे हैं कि उनका निधन हो गया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक यूजर ने एक्टर प्रकाश राज की एक तस्वीर को शेयर किया है। इस पर लिखा है, 'मिस यू सर, RIP... अब साउथ के एक्टर नहीं रहे।' इंस्टाग्राम पर ये पोस्ट mrmostakimsk786 के यूजर द्वारा की गई है।

वायरल दावे की जांच की गई
प्रकाश राज फिल्मी दुनिया का एक बड़ा नाम हैं। अगर ऐसा कुछ होता तो जरूर किसी न्यूज एजेंसी या उनके परिवार के लोगों के माध्यम से खबर बताई जाती। ऐसा कुछ भी नहीं कहा गया। इसके बावजूद इंडिया टीवी की फैक्ट चेक टीम ने इस दावे के सत्यता की जांच की। एक्टर प्रकाश राज का निधन करके गूगल पर सर्च किया गया। ऐसी कोई भी खबर सामने नहीं आई।
अभी ऑस्ट्रेलिया यात्रा का आनंद ले रहे हैं प्रकाश राज
एक्टर प्रकाश राज के सभी सोशल मीडिया अकाउंट को देखा गया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में वह खासा एक्टिव नजर आए। अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रकाश राज ने 6 जून 2025 को एक वीडियो पोस्ट किया है। इसमें वह अपनी ऑस्ट्रेलिया यात्रा का आनंद लेते हुए दिखाई दिए। एक्टर प्रकाश राज ने वीडियो के कैप्शन में लिखा, 'Camping site.. Gold Coast Australia… the joy of travelling. Have a great weekend everyone.' इसके पहले भी प्रकाश राज ने एक्स प्लेटफॉर्म और इंस्टाग्राम पर कई वीडियो और फोटो पोस्ट की हैं।

पूरी तरह फर्जी है पोस्ट
इस तरह इंडिया टीवी की फैक्ट चेक टीम को पता चला कि एक्टर प्रकाश राज पूरी तरह स्वस्थ हैं। उनके निधन से जुड़ी खबरें या पोस्ट, जो भी इंस्टाग्राम या अन्य प्लेटफॉर्म में वायरल हो रही हैं। वह पूरी तरह झूठी हैं। ऐसे झूठ फैलाने वाले लोगों से खासा सावधान रहना चाहिए।