शादी की खबरों के बीच विक्की कौशल और कटरीना कैफ की एक तस्वीर खूब सुर्खियां बटोर रही है। इन दोनों सितारों की ये तस्वीर दिवाली पार्टी की है जिसमें ये दोनों सितारे एक साथ तो नहीं लेकिन अलग-अलग गाड़ियों में जाते हुए जरूर दिखाई दिए। ये दिवाली पार्टी जानी मानी फिल्म प्रोड्यूसर आरती शेट्टी ने रखी थी जिसमें इन दोनों को कार से जाते हुए देखा गया।
दिवाली पार्टी में शामिल होने के लिए कटरीना और विक्की कौशल दोनों ही पारंपरिक ड्रेस में पहुंचे।
कटरीना ने गुलाबी रंग की शिमरी साड़ी पहनी हुई थी तो वहीं विक्की कौशल डार्क नीले रंग की सीक्वेंस वर्क में शेरवानी पहने हुए दिखे।
ये दोनों दिवाली पार्टी में भले ही एक साथ नहीं पहुंचे लेकिन दोनों के पार्टी में शामिल होने से इन दोनों के अफेयर की खबरों को और जोर मिल गया।
अभी तक इन दोनों सितारों ने अपने रिलेशनशिप का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है। लेकिन बीते कई दिनों से दोनों की शादी की खबरों ने ज्यादा जोर पकड़ा है।
खबरों की मानें तो कटरीना और विक्की कौशल इस साल दिसंबर में शादी के बंधन में बंध सकते हैं। ईटाइम्स के अनुसार ये कपल पहले से ही अपने विवाह समारोह के लिए तैयारी कर रहे हैं और उनके कपड़े सब्यसाची द्वारा डिजाइन किए जाएंगे।