डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर आज 7 बड़ी फिल्मों की घोषणा की गई। आज एक लाइव इवेंट हॉटस्टार पर हुआ, जिसे वरुण धवन होस्ट कर रहे थे। इस शो में आलिया भट्ट, अजय देवगन, अक्षय कुमार, अभिषेक बच्चन शामिल हुए और अपनी फिल्मों की ओटीटी रिलीज की घोषणा की। साथ ही फिल्म के नए पोस्टर भी रिलीज किए।
अक्षय कुमार और कियारा आडवाणी की फिल्म लक्ष्मी बम डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर अनाउंस की गई। इस फिल्म में अक्षय कुमार ट्रांसजेंडर का रोल प्ले करते दिखेंगे। अक्षय इस फिल्म में साड़ी पहने दिखेंगे, इस बारे में बात करते हुए कहा कि मुझे साड़ी पहनने में कोई दिक्कत नहीं हुई।
अजय देवगन की भुज: द प्राइड ऑफ इंडिया भी ओटीटी पर रिलीज होगी। अजय के अलावा इस फिल्म में संजय दत्त, सोनाक्षी सिन्हा, परिणीति चोपड़ा भी अहम रोल में दिखेंगे।
'भुज- द प्राइड ऑफ इंडिया' के दूसरे पोस्टर में संजय दत्त का लुक सामने आया।
अभिषेक बच्चन की फिल्म द बिग बुल भी डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज होगी। ये रहा फिल्म का नया पोस्टर।
आलिया भट्ट, संजय दत्त, पूजा भट्ट और आदित्य रॉय कपूर जैसे सितारों से सजी फिल्म 'सड़क 2' भी ओटीटी पर रिलीज होगी। इस फिल्म में महेश भट्ट निर्देशक के तौर पर लंबे समय बाद काम कर रहे है।
सुशांत सिंह राजपूत की आखिरी फिल्म 'दिल बेचारा' 24 जुलाई को डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज होगी। यह फिल्म मुफ्त में उपलब्ध होगी, यानि कि बिना हॉटस्टार वीआईपी का पैक लिए आप ये फिल्म देख सकेंगे।
कुणाल खेमू की फिल्म 'लूटकेस' भी हॉटस्टार पर रिलीज की जाएगी। इस फिल्म में कुणाल के साथ रसिका दुग्गल भी अहम भूमिका में हैं।
विद्युत जामवाल की फिल्म 'खुदा हाफिज' भी सीधे ओटीटी पर रिलीज होगी। इस फिल्म का नया पोस्टर भी सामने आया है।