Boeing 737 Max विमानों में सॉफ्टवेयर की समस्या, ऑटोमैटिक फ्लाइट गाइडेंस सिस्टम पर असर पड़ने की आशंका
Boeing 737 Max विमानों में सॉफ्टवेयर की समस्या, ऑटोमैटिक फ्लाइट गाइडेंस सिस्टम पर असर पड़ने की आशंका
भारत में एयर इंडिया एक्सप्रेस और अकासा एयर के फ्लीट में करीब 96 बोइंग 737 मैक्स विमान हैं। इनमें एयर इंडिया एक्सप्रेस के करीब 53 और अकासा एयर के 43 विमान शामिल हैं।
Published : Sep 28, 2026 07:24 am IST, Updated : Sep 28, 2026 07:24 am IST
1/5Image Source : Boeing
बोइंग ने अपने 737 मैक्स विमानों में सॉफ्टवेयर से जुड़ी एक समस्या की पहचान की है, जिससे जहाज के उतरने की असफल कोशिश के बाद स्वचालित उड़ान मार्गदर्शन प्रणाली (Automatic Flight Guidance System) बंद हो सकती है। कंपनी इस समस्या को स्थायी रूप से दूर करने के लिए सॉफ्टवेयर में जरूरी बदलाव कर रही है। सूत्रों ने रविवार को ये जानकारी दी।
2/5Image Source : air india express
भारत में एयर इंडिया एक्सप्रेस और अकासा एयर के फ्लीट में करीब 96 बोइंग 737 मैक्स विमान हैं। इनमें एयर इंडिया एक्सप्रेस के करीब 53 और अकासा एयर के 43 विमान शामिल हैं। बोइंग के एक प्रवक्ता ने रविवार को कहा कि कंपनी के इंजीनियर इस समस्या को स्थायी रूप से दूर करने के लिए सॉफ्टवेयर में बदलाव कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कंपनी ने पिछले महीने 737 विमानों को ऑपरेट करने वाली सभी कंपनियों को इस समस्या की जानकारी दी थी और ऐसे मामलों से सुरक्षित तरीके से निपटने के लिए मौजूदा पायलट प्रोसेस को दोहराया था।
3/5Image Source : Boeing
सूत्रों के अनुसार, अगर हवाई जहाज को उतरने में असफल होने के बाद दोबारा उतारने की कोशिश की जाती है और नया फ्लाइट रूट पहले से तय किए गए रूट से अलग होता है, तो स्वचालित उड़ान मार्गदर्शन प्रणाली बंद हो सकती है। बोइंग ने एहतियाती कदम के तौर पर एयरलाइन कंपनियों को उतरने की असफल कोशिश के बाद सिस्टम को रीसेट करने की सलाह दी है।
4/5Image Source : akasa air
अकासा एयर ने कहा कि वो बोइंग के साथ लगातार संपर्क में है और इस समस्या का उसके ऑपरेशन्स की सुरक्षा पर कोई असर नहीं है। एयरलाइन ने कहा कि उसके प्लेन निर्धारित प्रक्रियाओं और लागू नियामकीय जरूरतों के अनुसार सुरक्षित रूप से उड़ान भर रहे हैं। हालांकि, एयरलाइन ने ये स्पष्ट नहीं किया कि उसके कितने 737 मैक्स विमान इस समस्या से प्रभावित हैं। एयर इंडिया एक्सप्रेस की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।
5/5Image Source : Boeing
नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) की ओर से भी तत्काल ये स्पष्ट नहीं किया गया कि वो मामले को देख रहा है या एयरलाइन कंपनियों के लिए कोई सलाह जारी की जा रही है। दुनियाभर में बोइंग ने अलग-अलग एयरलाइन कंपनियों को 2400 से ज्यादा 737 मैक्स हवाई जहाजों की डिलीवरी की है।