Published : Jun 21, 2025 10:32 pm IST, Updated : Jun 21, 2025 10:32 pm IST
1/7Image Source : Instagram
'ये रिश्ता क्या कहलाता है' फेम लता सभरवाल ने शनिवार (21 जून) को पति संजीव सेठ से तलाक का ऐलान करके सबको हैरान कर दिया। अभिनेत्री ने एक पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि वह 15 साल की शादी के बाद अब आधिकारिक तौर पर संजीव सेठ से अलग हो गई हैं। लता ने ये पोस्ट शेयर करते हुए प्रशंसकों से अपने परिवार की निजता का सम्मान करने का भी अनुरोध किया।
2/7Image Source : Instagram
लता सभरवाल ने संजीव सेठ से अपने तलाक का ऐलान करते हुए लिखा- 'लंबी चुप्पी के बाद... मैं घोषणा करती हूं कि मैं अपने पति (संजीव सेठ) से अलग हो गई हूं। मुझे एक प्यारा बेटा देने के लिए मैं उनका आभार व्यक्त करती हूं। मैं उन्हें उनके भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं देती हूं।' उन्होंने आगे लिखा, 'मैं सभी से अनुरोध करती हूं कि कृपया मेरा और मेरे परिवार की शांति का सम्मान करें और इस संबंध में कोई सवाल न करें और फोन भी न करें। धन्यवाद।'
3/7Image Source : Instagram
संजीव सेठ और लता सभरवाल अब अपने तलाक के लिए सुर्खियां बटोर रहे हैं, लेकिन एक समय था जब दोनों अपनी लव स्टोरी को लेकर भी खासे चर्चा में थे। दरअसल, लता सभरवाल से प्यार में पड़ने के पहले से ही संजीव सेठ शादीशुदा थे। उनकी पहली पत्नी जानी-मानी एक्ट्रेस रेशम टिपनिस थीं, जिनसे तलाक लेकर एक्टर ने लता सभरवाल से दूसरी शादी की थी।
4/7Image Source : Instagram
संजीव सेठ और रेशम टिपनिस ने 1993 में शादी की थी और 11 साल बाद 2004 में दोनों अलग हो गए। दोनों के बीच उम्र में 12 साल का अंतर था। धीरे-धीरे दोनों में तनाव बढ़ने लगा, लेकिन बच्चों की खातिर दोनों ने तलाक नहीं लिया। इसी बीच संजीव की नजदीकियां अपनी को-स्टार लता सभरवाल से बढ़ने लगीं। ऐसे में उन्होंने अपनी पहली पत्नी रेशम टिपनिस से दूसरी शादी की इजाजत मांगी थी।
5/7Image Source : Instagram
संजीव ने एक इंटरव्यू में इसका खुलासा किया था और कहा था कि वह रेशम और बच्चों की इजाजत के बिना लता से दूसरी शादी नहीं करना चाहते थे। उन्होंने जब रेशम से इस बारे में बात की तो वह उनके लिए खुश हुईं और हंसी-खुशी दूसरी शादी की इजाजत दे दी। यही नहीं, वह संजीव की शादी को लेकर इतनी एक्साइटेड थीं कि उन्होंने खुद उनकी दूसरी शादी की तैयारी शुरू कर दी।
6/7Image Source : Instagram
2010 में 'ये रिश्ता क्या कहलाता' के रील लाइफ कपल रियल लाइफ हसबैंड वाइफ बन गए। दोनों ने धूम-धाम से शादी की। लता सभरवाल ने भी संजीव सेठ के बच्चों को अपना लिया। इसके बाद दोनों का एक बेटा हुआ। रेशम ने जहां अपने बच्चों के साथ रहने और दूसरी शादी न करने का फैसला लिया वहीं संजीव सेठ और लता सभरवाल ने अपने बेटे के साथ अलग दुनिया बसा ली।
7/7Image Source : Instagram
लेकिन, अब शादी के 15 साल बाद लता सभरवाल ने संजीव सेठ के साथ अपने तलाक का ऐलान करके सबको हैरान कर दिया है। अभिनेत्री ने अपने एक पोस्ट के साथ बताया कि वह और संजीव अब अलग हो चुके हैं। इसी के साथ उन्होंने पोस्ट का कमेंट सेक्शन भी बंद कर रखा है, ताकि उनसे इसे लेकर और सवाल न हों।