10 हजार रुपये लेकर पार्टी करने गया मजदूर, दोस्तों ने गमछे से घोंट दिया गला; सामने आई वजह
10 हजार रुपये लेकर पार्टी करने गया मजदूर, दोस्तों ने गमछे से घोंट दिया गला; सामने आई वजह
बिहार के सुपौल में मजदूरी के 10 हजार रुपये लेकर पार्टी करने निकले मजदूर सुलचन मुखिया की कथित तौर पर दोस्तों ने गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने 24 घंटे में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
Published : Oct 08, 2026 05:58 pm IST, Updated : Oct 08, 2026 05:58 pm IST
1/7Image Source : Reporter Input
बिहार के सुपौल में मजदूरी के करीब 10 हजार रुपये एक मजदूर युवक की मौत की वजह बन गए। आरोप है कि दोस्तों ने पार्टी के बहाने सुलचन मुखिया को बुलाया और रुपयों को लेकर विवाद होने पर गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को घसीटकर नहर किनारे फेंक दिया गया। मामला छातापुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने घटना का खुलासा महज 24 घंटे में करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। (रिपोर्ट: संत सरोज)
2/7Image Source : Reporter Input
त्रिवेणीगंज एसडीपीओ दिलीप कुमार के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने मामले की जांच की। एसडीपीओ ने गुरुवार को पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान छातापुर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 11 निवासी सुलचन मुखिया के रूप में हुई है। पुलिस को 5 अक्टूबर को उसके लापता होने की सूचना मिली थी। इसके अगले दिन 6 अक्टूबर को रानीपट्टी नहर के पास उसका शव बरामद किया गया।
3/7Image Source : Reporter Input
शव मिलने की सूचना पर छातापुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी शरथ आर एस ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले का जल्द खुलासा करने, आरोपियों को गिरफ्तार करने और सबूत जुटाने के लिए एसडीपीओ दिलीप कुमार के नेतृत्व में एसआईटी बनाई गई। जांच में एफएसएल टीम, डॉग स्क्वायड और तकनीकी शाखा की मदद ली गई।
4/7Image Source : Reporter Input
पुलिस के मुताबिक, तकनीकी जांच और मानवीय सूचना के आधार पर घटना में शामिल दो आरोपियों तक पुलिस पहुंची। पूछताछ में सामने आया कि सुलचन मुखिया मजदूरी के मिले करीब 10 हजार रुपये लेकर आरोपियों के साथ पार्टी करने गया था। इसी दौरान रुपये के लेन-देन को लेकर उसके और आरोपियों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने कथित तौर पर उसके गले में गमछा डालकर उसकी हत्या कर दी।
5/7Image Source : Reporter Input
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपियों ने सुलचन के पास मौजूद नकद रुपये और एक छोटा मोबाइल फोन भी ले लिया। इसके बाद शव को घसीटकर रानीपट्टी नहर के पास ले जाया गया और वहां फेंक दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्य जुटाए हैं। मामले की जांच में एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड की मदद भी ली गई, ताकि घटना से जुड़े सबूतों को जोड़ा जा सके।
6/7Image Source : Reporter Input
मृतक की पत्नी के लिखित आवेदन पर छातापुर थाने में 4 नामजद आरोपियों समेत 4-5 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस अब छीनी गई नकदी, मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल या उससे जुड़ी वस्तुओं की बरामदगी में जुटी है। साथ ही हत्या में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
7/7Image Source : Reporter Input
एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया कि वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से हत्या की गुत्थी 24 घंटे के भीतर सुलझा ली गई है। हालांकि, मामले में 4 नामजद समेत अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर सभी संबंधित लोगों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।