Published : Oct 01, 2025 02:09 pm IST, Updated : Oct 01, 2025 02:09 pm IST
1/8Image Source : x- @GorakhnathMndr
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को शारदीय नवरात्र की महानवमी के अवसर पर गोरक्षपीठ की परंपरा के अनुरूप गोरखनाथ मंदिर में कन्या पूजन किया। इस अवसर पर गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने नौ दुर्गा स्वरूपा कुंवारी कन्याओं के चरण पखारे, विधि-विधान से उनका पूजन किया, उन्हें चुनरी ओढ़ाई, आरती उतारी, श्रद्धापूर्वक भोजन कराया और दक्षिणा तथा उपहार देकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
2/8Image Source : x- @GorakhnathMndr
उन्होंने परंपरा का निर्वहन करते हुए बटुक पूजन भी किया। बुधवार को मुख्यमंत्री ने मंदिर के अन्न क्षेत्र की पहली मंज़िल पर स्थित भोजन कक्ष में पीतल की परात में जल भरकर नौ नन्ही बालिकाओं के चरण बारी-बारी से धोए।
3/8Image Source : x- @GorakhnathMndr
दुर्गा सप्तशती के मंत्रोच्चार के बीच उनके ललाट पर रोली, चंदन, दही, अक्षत आदि से तिलक किया गया, पुष्प और दुर्वा से अभिषेक किया गया, फिर माला पहनाकर, चुनरी ओढ़ाकर, उपहार व दक्षिणा अर्पित करते हुए उनका आशीर्वाद लिया गया।
4/8Image Source : x- @GorakhnathMndr
पूजन उपरांत मुख्यमंत्री ने कन्याओं और बटुकों को मंदिर की रसोई में बना ताजा भोजन अपने हाथों से परोसा। नौ कन्याओं के अतिरिक्त बड़ी संख्या में उपस्थित बालिकाओं और बटुकों का भी पूजन कर उन्होंने आरती उतारी और सभी को श्रद्धापूर्वक भोजन कराकर उपहार व दक्षिणा प्रदान की।
5/8Image Source : x- @GorakhnathMndr
मुख्यमंत्री के हाथों से सम्मान और स्नेह प्राप्त करने के लिए बालिकाओं और बटुकों में उत्साह देखते ही बनता था। मुख्यमंत्री ने प्रेमपूर्वक एक-एक कर नौ कन्याओं और बटुक भैरवों के चरण पखारे और पूजन किया। दक्षिणा मिलने पर बालिकाएं अत्यंत प्रफुल्लित दिखाई दीं।
6/8Image Source : x- @GorakhnathMndr
भोजन परोसते समय मुख्यमंत्री बच्चों से संवाद भी करते रहे और यह सुनिश्चित किया कि किसी भी बालक या बालिका की थाली में प्रसाद की कोई कमी न रहे। इस संबंध में वे मंदिर की व्यवस्थाओं से जुड़े अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी देते रहे।
7/8Image Source : x- @GorakhnathMndr
कन्या पूजन के दौरान गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ, काशी से आए जगद्गुरु स्वामी संतोषाचार्य सतुआ बाबा सहित अन्य संतजन भी उपस्थित थे।
8/8Image Source : x- @GorakhnathMndr
मुख्यमंत्री ने कन्या पूजन से पूर्व प्रातःकालीन पूजन सत्र में मंदिर के शक्तिपीठ में मां सिद्धिदात्री की विधिपूर्वक आराधना की।