भारतीय क्रिकेट टीम ने यहां के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेले गए अपने पहले दिन-रात के टेस्ट मैच में रविवार को बांग्लादेश को एक पारी और 46 रनों से हरा दिया। यह भारत की पारी के अंतर से लगातार चौथी जीत है।
भारत ने टॉस हारने के बाद पहले गेंदबाजी करते हुए बांग्लादेश को 106 रनों पर आउट किया और फिर कप्तान विराट कोहली के शानदार शतक की बदौलत अपनी पहली पारी 9 विकेट पर 347 रनों पर घोषित कर दी थी। भारत के लिए पहली पारी में इशांत शर्मा ने पांच विकेट लिए।
भारतीय टीम ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 152 रनों पर बांग्लादेश के छह बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखा दी थी। बाकी की औपचारिकता रविवार को पूरी हुई। बांग्लादेश टीम अपनी दूसरी पारी में 195 रन बना सकी।
डे-नाइट टेस्ट मैच में 9 विकेट लेने वाले भारतीय तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला। इसके अलावा ईशांत को मैन ऑफ द सीरीज का भी पुरस्कार मिला। ईशांत ने सीरीज में कुल 12 विकेट चटकाए।
आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप शुरू होने के बाद से भारत की सात मैचों में यह लगातार सातवीं जीत है। अंकतालिका में भारत के अब 360 अंक हो गए हैं और वह मजबूती से टॉप पर कायम है।