कप्तान विराट कोहली (नाबाद 82) और उप-कप्तान अजिंक्य रहाणे (नाबाद 51) की अर्धशतकीय पारियों ने भारत को यहां पर्थ स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन आस्ट्रेलिया के खिलाफ अच्छी स्थिति में पहुंचा दिया।
इन दोनों की जुझारू पारियों के दम पर भारत ने दूसरे दिन का अंत होने तक अपनी पहली पारी में तीन विकेट के नुकसान पर 172 रन बना लिए हैं। आस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 326 रन बनाए। इस लिहाज से भारत अभी भी मेजबान टीम से 154 रन पीछे है। उसके पास अभी भी सात विकेट बाकी हैं। ऐसे में उम्मीद है कि भारत अच्छी बढ़त ले पाने में सफल रहेगा।
कोहली और रहाणे के बीच चौथे विकेट के लिए 90 रनों की साझेदारी हो चुकी है। कप्तान ने अभी तक 181 गेंदों का सामना किया है और नौ चौके लगाए हैं जबकि रहाणे ने 103 गेंदें खेली हैं और छह चौकों के अलावा एक छक्का लगाया है।
आस्ट्रेलिया ने दिन की शुरुआत छह विकेट के नुकसान पर 277 रनों के साथ की थी। मेजबान टीम खाते में 49 रन और जोड़ कर पवेलियन लौट ली। पहले सत्र में भारत बल्लेबाजी करने उतरी, लेकिन मिशेल स्टार्क ने मुरली विजय को बोल्ड कर उसे अच्छी शुरुआत नहीं करने दी। भारत ने पहले सत्र का अंत एक विकेट के नुकसान पर छह रनों के साथ किया। भारत को दूसरे सत्र की शुरुआत में ही झटका लग गया। जोश हेजलवुड ने लोकेश राहुल (2) को पवेलियन की राह दिखा भारत को परेशानी में डाल दिया।
कप्तान कोहली और भरोसेमंद बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने हालांकि दूसरे सत्र का खेल खत्म होने तक भारत को तीसरा झटका नहीं लगने दिया। भारत ने चायकाल की घोषणा तक दो विकेट के नुकसान पर 70 रन बनाए। तीसरे सत्र में स्टार्क ने पुजारा की पारी का अंत कर भारत को एक बार फिर संकट में डाला लेकिन यहां से कोहली और रहाणे ने विकेट पर पैर जमा लिए और आस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को चौथी सफलता हासिल नहीं करने दी।
इस बीच हालांकि मेजबान टीम के गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया और दोनों बल्लेबाजों को परेशानी में डाले रखा। कप्तान और उप-कप्तान विचलित नहीं हुए और दिन का खेल खत्म होने तक नाबाद लौटे।